मिर्जापुर. उत्तर प्रदेश की पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल शनिवार 24 अक्टूबर को मिर्जापुर के चुनार पहुंचीं. यहां लोगों ने बैंड-बाजे के साथ उनका स्वागत किया. दिव्या मित्तल ने गुहराज निषाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इसके बाद श्री अग्रसेन शिव मंदिर में दर्शन-पूजन किया. इस दौरान उन्होंने अपनी पार्टी और राजनीति को लेकर विचार रखे. उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि आम लोगों की आवाज बनना होना चाहिए.
इसे भी पढ़ें- UP चुनाव के लिए कांग्रेस ने MP के विधायक सचिन यादव को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, वार रूम का बनाया चेयरपर्सन
2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी पार्टी
दिव्या मित्तल ने कहा कि उनकी पार्टी जननीति भारत 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी. पार्टी का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को उठाना और उनकी आवाज बनना है. उन्होंने कहा कि व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिसमें गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों की बात सुनी जाए. सभी को न्याय मिले, यही जननीति का लक्ष्य है.
गुहराज निषाद का उदाहरण देकर दिया संदेश
दिव्या मित्तल ने गुहराज निषाद का उदाहरण देते हुए सामाजिक समानता पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने निषादराज को गले लगाकर सम्मान और आत्मीयता का संदेश दिया था. समाज को भी इसी भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए. उन्होंने कहा कि संघर्ष और जनसेवा उनकी राजनीति का आधार है. इसमें समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना जरूरी है.
महिलाओं से मिलीं, लोगों से किया संवाद
चुनार में दिव्या मित्तल ने महिलाओं से मुलाकात की और उनकी बातें सुनीं. लोगों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया. उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और विकास का लाभ पहुंचना चाहिए. उनकी पार्टी जनसमस्याओं को केंद्र में रखकर जनता के बीच जाएगी. कार्यक्रम के बाद वह सक्तेशगढ़ स्थित श्री परमहंस आश्रम जाने वाली हैं, जहां स्वामी अड़गड़ानंद महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद लेने का कार्यक्रम है.
इसे भी पढ़ें- यूपी MLC चुनाव पर सपा-BJP में जुबानी जंग तेज, ब्रजेश पाठक के 11 सीटों वाले दावे से हलचल
मिर्जापुर सदर सीट से लड़ने का ऐलान
दिव्या मित्तल ने 15 अक्टूबर को अपनी पार्टी जननीति भारत बनाने की घोषणा की थी. उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में मिर्जापुर सदर सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान भी किया है. इसके बाद से वह जिले में लोगों से लगातार मुलाकात कर रही हैं. व्यापारियों से बातचीत और जनसमस्याओं को समझना भी उनके कार्यक्रम का हिस्सा है.

