कर्नाटक की राजनीति में बड़ा उलटफेर हो गया है। लंबे समय से चल रही अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया है और कांग्रेस ने राज्य को नया मुख्यमंत्री दे दिया है। अब तक उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे डी.के. शिवकुमार राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। उन्हें पार्टी बैठक में विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। वह 3 जून को पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। बता दें कि, कांग्रेस सरकार में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा पिछले कई महीनों से चल रही थी। आखिरकार पार्टी नेतृत्व ने बदलाव पर मुहर लगा दी और सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया।
शनिवार को क्या-क्या हुआ?
शनिवार को बेंगलुरु स्थित विधान सौध में कांग्रेस विधायक दल (CLP) की अहम बैठक आयोजित हुई। इस बैठक की निगरानी के लिए कांग्रेस आलाकमान ने वरिष्ठ नेता के.सी. वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला को बेंगलुरु भेजा था।
बैठक में लिए गए तीन बड़े फैसले
- केंद्रीय नेतृत्व को मिली जिम्मेदारी
बैठक में सबसे पहले एक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें नए विधायक दल के नेता के चयन का अधिकार कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व को सौंपा गया। यह प्रस्ताव सिद्धारमैया ने रखा, जिसका समर्थन डॉ. जी. परमेश्वर ने किया। सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से इसे मंजूरी दे दी।
- डी.के. शिवकुमार के नाम पर लगी मुहर
इसके बाद सिद्धारमैया ने स्वयं डी.के. शिवकुमार का नाम विधायक दल के नेता के रूप में प्रस्तावित किया। डॉ. परमेश्वर ने इसका समर्थन किया और सभी विधायकों ने एकमत से शिवकुमार को नया CLP नेता चुन लिया।
- सिद्धारमैया को दिया गया सम्मान
नए नेता चुने जाने के बाद डी.के. शिवकुमार ने एक प्रस्ताव पेश कर सिद्धारमैया के नेतृत्व और योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
बैठक के दौरान हुआ दिलचस्प घटनाक्रम
बैठक के बीच एक समय ऐसा भी आया जब सिद्धारमैया, के.सी. वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला अलग कमरे में चर्चा के लिए चले गए। कुछ देर बाद बैठक दोबारा शुरू हुई और फिर डी.के. शिवकुमार के नाम पर अंतिम सहमति बन गई।
सिद्धारमैया का इस्तीफा, नई सरकार का रास्ता साफ
गुरुवार को सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंप दिया। शुक्रवार को राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। इसके साथ ही पूरी मंत्रिपरिषद भी भंग कर दी गई और नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

