देहरादून. प्रसिद्ध मणिमाई मंदिर के करीब बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या 2 से 4 हो गई है. डोईवाला टोल प्लाजा के पास हुए इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई थी. दुर्घटनाग्रस्त वाहन में कुल 7 लोग सवार बताए जा रहे थे. इसमें दो लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी. वहीं दो लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया था. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल था. जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार को डोईवाला टोल प्लाजा के नजदीक हुआ. दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया था. पुलिस ने घटनास्थल की स्थिति संभालते हुए यातायात को सुचारु कराया था.
इसे भी पढ़ें : केदारनाथ में कुदरत का कहर: पैदल ट्रैक पर एक महिला श्रद्धालु की मौत; बारिश के चलते दो घंटे यात्रा बाधित
पुलिस के मुताबिक आगे जा रही पिकअप वाहन का अचानक पिछला पहिया निकल गया था. जिस वजह से अनियंत्रित होकर पिकअप डिवाइडर से जा टकराई. तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही इको कार सीधे पिकअप में जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको के परखच्चे उड़ गए.
गाड़ी में सवार थे 7 लोग
बताया जा रहा है कि जिस वाहन का हादसा हुआ उसमें सात लोग मौजूद थे. हादसे की गंभीरता को देखते हुए राहत टीमों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया था. हादसे में मृत लोगों की पहचान की जा रही है. हादसे के बाद डोईवाला क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने व्यवस्थित कर दिया है.

