केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आने से 25 वर्षीय महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई, जबकि एक यात्री घायल हुआ. तेज बारिश के कारण प्रशासन ने सोनप्रयाग में 400 से अधिक श्रद्धालुओं को करीब दो घंटे रोके रखा.

रुद्रप्रयाग. जिले में मंगलवार को केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास पहाड़ी से अचानक बोल्डर गिरने से एक महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई. हादसे में एक अन्य यात्री घायल हुआ है. घटना की जानकारी मिलने के बाद डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और घायल को गौरीकुंड चिकित्सालय में भर्ती कराया.

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के मुताबिक, मृतका की पहचान 25 वर्षीय अंजली पत्नी सचिन के रूप में हुई है. वह बंजारे वाली गली, शालीमार बाग, हैदरपुर, नई दिल्ली की रहने वाली थीं.

हादसे में कर्नाटक के मुदांल तालुक स्थित नगराल गांव निवासी 34 वर्षीय शिदप्पा घायल हुए हैं. उनका उपचार गौरीकुंड चिकित्सालय में चल रहा है. मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग ले जाया जा रहा है.

चीरबासा के पास हादसा

मंगलवार को श्रद्धालु गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर पैदल जा रहे थे. इसी दौरान गौरीकुंड से करीब चार किलोमीटर दूर चीरबासा के पास पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने लगे.

बोल्डर की चपेट में आने से अंजली गंभीर रूप से घायल हुईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. हादसे में एक अन्य यात्री को भी चोट आई.

घटना के बाद पैदल मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है. प्रशासन ने यात्रियों से मौसम और पहाड़ी रास्ते की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

बारिश से यात्रा रोकी गई

केदारनाथ धाम और पैदल यात्रा मार्ग पर मंगलवार को तेज बारिश के चलते यात्रियों की आवाजाही करीब दो घंटे तक रोक दी गई. सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सोनप्रयाग में 400 से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया.

प्रशासन ने लगातार हो रही तेज बारिश को देखते हुए एहतियातन यह फैसला लिया. इस दौरान सोनप्रयाग में मौजूद श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखते हुए मौसम की स्थिति पर निगरानी की जाती रही.

मौसम सुधरा तो खुला मार्ग

मौसम में सुधार के बाद दोपहर करीब साढ़े 12 बजे के बाद यात्रा फिर शुरू कर दी गई. इसके बाद श्रद्धालु केदारनाथ धाम की ओर रवाना होने लगे.

नंदन सिंह रजवार ने बताया कि केदारनाथ पैदल मार्ग और धाम क्षेत्र में भारी बारिश को देखते हुए यात्रियों को सोनप्रयाग में रोका गया था. मौसम सामान्य होने के बाद साढ़े 12 बजे के बाद यात्रा दोबारा सुचारु कर दी गई.

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक जोखिम नहीं लेने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है. यात्रा मार्ग पर तैनात सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन टीमों के साथ सहयोग करने को भी कहा गया है.