महाराष्ट्र के डोंबिवली स्थित शास्त्रीनगर सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों के साथ मारपीट के मामले में शिंदे गुट की शिवसेना के नगरसेवक रमेश म्हात्रे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें उनके आवास से हिरासत में लिया। यह कार्रवाई अस्पताल परिसर में हुई मारपीट की घटना के बाद की गई, जिसका वीडियो सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुआ था।
NICU में बेड नहीं होने से शुरू हुआ पूरा विवाद
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, प्रसव के लिए भर्ती एक महिला का सफलतापूर्वक सिजेरियन ऑपरेशन किया गया। जन्म के बाद नवजात शिशु की गर्भनाल उसके गले में दो बार लिपटी होने के कारण उसे विशेष चिकित्सा निगरानी की जरूरत थी। हालांकि, अस्पताल की नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में सभी बेड पहले से भरे हुए थे। ऐसे में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सृष्टि बाविस्कर और डॉ. वैभव सालुंखे ने परिजनों को शिशु को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने की सलाह दी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
समर्थकों के साथ डॉक्टरों और स्टाफ पर हमला
आरोप है कि नगरसेवक रमेश म्हात्रे अपने समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों तथा अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट की। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया। विरोध में मेडिकल कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया, जिससे सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों की ओपीडी सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
पीड़ित डॉक्टर के माता-पिता का छलका दर्द
मारपीट की शिकार डॉ. सृष्टि बाविस्कर के माता-पिता महेंद्र बाविस्कर और संगीता बाविस्कर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं युवा डॉक्टरों का मनोबल तोड़ देती हैं। उनका कहना था कि यदि जनप्रतिनिधि ही कानून हाथ में लेंगे तो आम लोगों से अनुशासन की उम्मीद कैसे की जा सकती है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी इस घटना से मानसिक रूप से बेहद आहत है और फिलहाल यह तय नहीं कर पाई है कि वह अपनी नौकरी जारी रखेगी या नहीं।
विपक्ष का हमला, आरोपी ने आरोपों से किया इनकार
घटना के बाद विपक्षी दलों ने राज्य सरकार और शिवसेना पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया। वहीं, रमेश म्हात्रे ने अपने ऊपर लगे मारपीट के आरोपों से इनकार किया था। हालांकि, पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। अब मामले की आगे की जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

