Donald Trump On US-Iran Ceasefire Extension: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने ईरान-अमेरिका के बीच सीजफायर खत्म होने से पहले इसे आगे बढ़ा दिया है। बुधवार की सुबह ट्रंप ने अमेरिका-ईरान युद्ध (Iran War) पर सीजफायर एक्सटेंशन को बढ़ाने का ऐलान किया। ट्रंप ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की अपील पर सीजफायर बढ़ाया है। हालांकि उन्होंने यह नहीं कहा कि यह कितने दिन के लिए बढ़ाया गया है। वहीं दूसरी तरफ ईरान ने ट्रंप के सीजफायर एक्सटेंशन को ठुकरा दिया है। तेहरान ने साफ कहा कि हारने वाली शर्तों के आधार पर वह सीजफायर नहीं करेगा।

ईरान ने राष्ट्रपति ट्रंप के सीजफायर बढ़ाने के फैसले को एकतरफा बताते हुए खारिज कर दिया। हालांकि दिलचस्प बात ये है कि दोनों देश आधिकारिक बयान अलग दे रहे हैं, लेकिन जमीनी हालात में सीजफायर जैसा माहौल बना हुआ है।

ट्रंप ने सीजफायर एक्सटेंशन का ऐलान करते हुए कहा कि ईरान के अंदर इस समय नेतृत्व और सरकार में एकजुटता नहीं है। ऐसे वक्त में पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ ने उनसे ईरान पर कुछ समय तक हमले रोकने की अपील की, ताकि ईरान को साझा प्रस्ताव तैयार करने का वक्त मिल सके। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि इस अपील को मानते हुए उन्होंने अमेरिकी सेना को फिलहाल हमला रोकने का आदेश दिया है। हालांकि, सेना को पूरी तरह तैयार रहने को भी कहा गया है और ईरान पर दबाव बनाए रखने के लिए नाकेबंदी (ब्लॉकेड) जारी रहेगी।

उन्होंने साफ किया कि सीजफायर तब तक जारी रहेगा जब तक ईरान अपनी ओर से ठोस और एकजुट प्रस्ताव नहीं दे देता और बातचीत पूरी नहीं हो जाती, चाहे उसका नतीजा कुछ भी निकले।

ईरान ने सीजफायर एक्सटेंशन को ठुकराया

इधर ईरान ने सीजफायर एक्सटेंशन को साफ तौर पर ठुकरा दिया है। तेहरान का कहना है कि वह इस “एकतरफा फैसले” को नहीं मानता और अपने राष्ट्रीय हित के हिसाब से ही आगे कदम उठाएगा। ईरानी संसद स्पीकर के सलाहकार महदी मोहम्मदी ने भी ट्रंप के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “ट्रंप का सीजफायर एक्सटेंशन कोई मायने नहीं रखता। हारने वाले शर्तें नहीं थोप सकते। यह बयान साफ दिखाता है कि ईरान इस पूरे मामले में झुकने के मूड में नहीं है।

शहबाज शरीफ ने ट्रंप का जताया आभार

ट्रंप के इस ऐलान के बाद, शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान के इस अनुरोध को स्वीकार करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि चल रहे राजनयिक प्रयासों को अपना रास्ता तय करने की अनुमति देने के लिए युद्धविराम को बढ़ाया जाए। शरीफ ने सोशल मीडिया पर लिखा-पाकिस्तान पर जताए गए भरोसे और विश्वास के साथ पाकिस्तान संघर्ष के वार्तात्मक समाधान के लिए अपने गंभीर प्रयास जारी रखेगा। उन्होंने औपचारिक रूप से यह भी पुष्टि की कि पाकिस्तान में वार्ता का दूसरा दौर निर्धारित है, हालांकि उन्होंने तारीख नहीं बताई।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m