Jaipur News: राजस्थान की राजनीति में इन दिनों बंगाल जीत को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (PCC) में मंगलवार को माहौल उस वक्त गर्मा गया जब प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बीजेपी के राजस्थान मॉडल की जमकर धज्जियां उड़ाईं। दरअसल, बंगाल के नेता सुवेंदु अधिकारी ने वहां की जीत का सेहरा राजस्थान के बीजेपी नेताओं के सिर बांधा था, जिस पर डोटासरा ने ऐसा पलटवार किया है कि राजधानी के सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है।

अपनी सीट हारने वाले बंगाल में किंगमेकर कैसे?
डोटासरा ने सीधा निशाना साधते हुए राजेंद्र राठौड़, कैलाश चौधरी और अरुण चतुर्वेदी का नाम लिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह बात किसी के गले नहीं उतर रही कि जो नेता राजस्थान के विधानसभा और लोकसभा चुनावों में अपनी खुद की सीट तक नहीं बचा पाए, वे बंगाल जाकर जीत की रणनीति कैसे बना सकते हैं? सूत्रों की मानें तो डोटासरा ने इसे बीजेपी का ‘हवाई किला’ करार दिया और कहा कि खुद की जमीन खिसकी हुई है और दावा बंगाल फतह का किया जा रहा है।
सचिन पायलट का दिया उदाहरण, बीजेपी को घेरा
पीसीसी चीफ ने अपनी पार्टी का पक्ष रखते हुए कहा कि कांग्रेस में जिम्मेदारी हवा में नहीं बांटी जाती। उन्होंने सचिन पायलट का जिक्र करते हुए कहा कि जब कांग्रेस किसी को दूसरे राज्य भेजती है, तो उसके पीछे ठोस चुनावी आधार होता है। डोटासरा के मुताबिक, केरल चुनाव में सचिन पायलट को ऑब्जर्वर बनाने का पार्टी को सीधा फायदा मिला था। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि कांग्रेस हमेशा जीतने वाले और जमीन से जुड़े नेताओं को ही जिम्मेदारी सौंपती है, न कि उन्हें जो चुनाव हार चुके हों।
हिम्मत है तो राजस्थान में चुनाव कराओ
अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के आखिरी दौर में डोटासरा ने राजस्थान बीजेपी को उनके ही घर में ललकारा। उन्होंने खुला चैलेंज देते हुए कहा कि अगर बीजेपी नेताओं को अपनी चुनावी रणनीति पर इतना ही भरोसा है, तो वे तुरंत निकाय और पंचायत चुनाव करवाकर देख लें। डोटासरा ने कहा, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा कि जनता किसके साथ है और किसकी रणनीति में कितना दम है।
पढ़ें ये खबरें
- वर्दी में लापरवाही की हदें पार! नशे में धुत मिले ASI और आरक्षक, लावारिस पड़ी थी राइफल, वीडियो हुआ वायरल
- टाइगर श्रॉफ हमला मामले में बड़ी खबर : तीन आरोपी कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार, दिल्ली आ रही ट्रेन में थे सवार
- यूपी में नवमी पर मंदिरों में उमड़ी भीड़, CM योगी ने 9 कन्याओं के पैर धोकर लिया आशीर्वाद
- राखीगढ़ी महोत्सव आज से शुरू, 7 दिन तक दिखेगी 5000 साल पुरानी हड़प्पा सभ्यता की झलक
- जमीन से निकला मौत का सामान : नक्सली डंप से टिफिन IED समेत कई विस्फोटक बरामद, CRPF ने किया डिफ्यूज
