० एशियन गेम्स से बाहर होने के बाद अब स्पेन, हंगरी और पोलैंड टूर्नामेंट में भी नहीं मिलेगी एंट्री
पानीपत। भारतीय स्टार पहलवान विनेश फौगाट को अंतरराष्ट्रीय कुश्ती में वापसी की उम्मीदों पर बड़ा झटका लगा है। भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने उनके स्पेन ग्रां प्री, हंगरी रैंकिंग सीरीज और पोलैंड ओपन में भाग लेने के अनुरोध को खारिज कर दिया है। इसके साथ ही जुलाई-अगस्त में अंतरराष्ट्रीय मैट पर वापसी की उनकी उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।
बताया जा रहा है कि विनेश ने इन प्रतियोगिताओं में अपने निजी खर्च पर हिस्सा लेने के लिए WFI और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) से उनकी एंट्री भेजने की अपील की थी, लेकिन महासंघ ने इसे मंजूरी नहीं दी।
WFI ने बताई ये वजहें
भारतीय कुश्ती महासंघ के अनुसार, हंगरी रैंकिंग सीरीज में एंट्री भेजने की अंतिम तिथि 15 जून थी, जबकि विनेश पर लगा निलंबन 26 जून को समाप्त हुआ। ऐसे में तय समय सीमा के भीतर उनका नाम भेजा जाना संभव नहीं था।
महासंघ ने यह भी कहा कि विनेश को जारी कारण बताओ नोटिस के जवाब को संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके अलावा, संबंधित प्रतियोगिताओं में भारत के लिए सीमित कोटा (सीटें) होने के कारण सभी खिलाड़ियों को मौका देना संभव नहीं है।
अंतरराष्ट्रीय वापसी पर लगा ब्रेक
एशियन गेम्स 2026 से बाहर होने के बाद विनेश फौगाट के लिए यह दूसरा बड़ा झटका माना जा रहा है। WFI के इस फैसले के बाद फिलहाल उनकी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में वापसी की राह और मुश्किल हो गई है।

