संपत्ति विवाद और कर्ज के चलते साहिल मलिक ने पहले अपने चाचा की और फिर कार लोन के लिए टोकने वाले दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने उसे कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है।
चंडीगढ़। हरियाणा में एक युवक द्वारा रची गई डबल मर्डर की खौफनाक साजिश ने सबको झकझोर कर रख दिया है। साहिल मलिक (24) नामक आरोपी ने संपत्ति विवाद और कर्ज के दबाव में आकर पहले अपने चाचा राहुल मलिक (45) और फिर अपने दोस्त अंकुश अग्रवाल (25) की बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज घटना बुधवार रात को लालड़ू और पानीपत में अंजाम दी गई। वारदात के बाद आरोपी ने दोनों शवों को पानीपत की सिवाह नहर के पास ठिकाने लगा दिया। सोनीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर ही दिल्ली भागते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
चाचा को बेदखली का लिया बदला
साहिल की अपने चाचा राहुल मलिक के साथ पुरानी रंजिश थी। राहुल मलिक डेराबस्सी में प्रॉपर्टी का काम करते थे और सोसाइटी के निवासी कल्याण संघ के अध्यक्ष भी थे। आरोपी ने चाचा से बेदखली का बदला लेने के लिए बुधवार रात उनके दफ्तर पहुंचकर तीन ग्राहकों को बाहर निकाला और हवाई फायर करने के बाद चाचा पर दो गोलियां दाग दीं। चाचा की हत्या करने के बाद, उसने शव को अपनी गाड़ी में डाला और करीब 150 किलोमीटर का सफर तय कर पानीपत पहुंच गया, जहाँ उसने दूसरी हत्या की योजना को अंजाम दिया।
दोस्त की हत्या की चौकाने वाली वजह
दूसरी हत्या के पीछे की वजह बेहद मामूली लेकिन खौफनाक रही। आरोपी ने अपने दोस्त अंकुश को कार लोन की किस्तें बार-बार चुकाने के लिए टोकने पर मौत के घाट उतार दिया। रात करीब दस बजे फोन कर अंकुश को बुलाया और उसे कार में बैठाकर गोली मार दी। लालड़ू थाना प्रभारी इंस्पेक्टर योगेश कुमार ने बताया कि दोनों थानों में हत्या के अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में राहुल मलिक के शरीर पर गर्दन, कमर और पेट पर तीन गोलियां लगने की पुष्टि हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

