कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़।फोन पर आए एक OTP से पलभर में बैंक खाता खाली होने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। खासकर वरिष्ठ नागरिक अक्सर साइबर ठगों के निशाने पर रहते हैं। ऐसे में अब हरियाणा के दो जिलों में एक ऐसी नई व्यवस्था शुरू हुई है, जो बैंकिंग सुरक्षा की तस्वीर बदल सकती है।

कल्पना कीजिए, अगर पैसे ट्रांसफर करने से पहले सिर्फ खाताधारक ही नहीं, बल्कि परिवार के किसी भरोसेमंद सदस्य की मंजूरी भी जरूरी हो जाए तो साइबर ठगी करना कितना मुश्किल हो जाएगा। यही वजह है कि इस नई व्यवस्था की चर्चा तेजी से हो रही है।

दरअसल, हरियाणा पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए “डबल OTP प्रणाली” शुरू की गई है। फिलहाल यह सुविधा HDFC Bank द्वारा हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद में लागू की गई है। इस व्यवस्था के तहत बैंकिंग ट्रांजैक्शन के दौरान खाताधारक के साथ-साथ उनके Trusted Contact यानी परिवारजन के मोबाइल पर भी Authentication OTP भेजा जाएगा। दोनों OTP की पुष्टि के बाद ही राशि ट्रांसफर हो सकेगी।

यह सुविधा 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वैच्छिक रखी गई है। हरियाणा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि OTP, PIN और Password किसी के साथ साझा न करें। यदि साइबर धोखाधड़ी की आशंका हो या घटना घटे तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें। हरियाणा पुलिस का कहना है कि उनका लक्ष्य “साइबर क्राइम मुक्त हरियाणा” बनाना है।