० 23 जून तक सक्रिय रहेगा पश्चिमी विक्षोभ, गर्मी और उमस के बीच मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
हिसार। हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम विभाग ने शनिवार के लिए छह जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ जिलों में बारिश के साथ तेज आंधी का असर देखने को मिल सकता है। वहीं, 23 जून तक एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
हालांकि शुक्रवार को भी बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन दिनभर तेज धूप निकलने से लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। फरीदाबाद प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी दिनों में तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
इन जिलों में यलो अलर्ट जारी
सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़।

