भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए पूर्व प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को कई राज्यों में संगठनात्मक बदलाव करते हुए नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की। इसी कड़ी में हरियाणा बीजेपी की कमान अब डॉ. अर्चना गुप्ता को सौंपी गई है। वह पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली की जगह लेंगी। डॉ. अर्चना गुप्ता लंबे समय से संगठन में सक्रिय रही हैं और इससे पहले भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं।
डॉ. अर्चना गुप्ता का संगठनात्मक अनुभव काफी मजबूत माना जाता है। वह पानीपत जिले में बीजेपी महिला मोर्चा अध्यक्ष और बीजेपी जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। इसके साथ ही वह एक जानी-मानी चिकित्सक और रेडियोलॉजिस्ट के रूप में भी पहचान रखती हैं।

अगर उनके पारिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो उनके पति डॉ. अनिल गुप्ता नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं। उनके बेटे अविरल ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से शिक्षा हासिल की है, जबकि बेटी आरुषि भी पेशे से डॉक्टर हैं। डॉ. अर्चना गुप्ता का जन्म 20 जनवरी 1968 को हुआ था।
संगठन में उनकी सक्रियता केवल बीजेपी तक सीमित नहीं रही। वह विश्व हिंदू परिषद में भी सक्रिय भूमिका निभा चुकी हैं। वर्ष 2010 से 2016 तक उन्होंने जिला सह संयोजिका के साथ हरियाणा में उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निभाई। वहीं 4 सितंबर 2016 से 18 अगस्त 2020 तक वह बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष भी रहीं। अब प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद हरियाणा बीजेपी संगठन को मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।

