जींद: 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन (CPA) में भाग लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका और केन्या के प्रवास से लौटे हरियाणा विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने जींद स्थित अपने निजी आवास पर जनता दरबार लगाया। शनिवार को आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने आमजन की समस्याएं सुनीं और प्रशासनिक अधिकारियों को अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान करने के कड़े निर्देश दिए। उपाध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में अधिकारियों की किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन के अनुभवों को किया साझा

दक्षिण अफ्रीका और केन्या के सफल दौरे के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. मिड्ढा ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, पंजाब और हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों को अपना पक्ष रखने का मौका मिला। सम्मेलन के दौरान पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, एआई (AI) तथा महिला व बाल कल्याण जैसी जनहितकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

केपटाउन से सीखनी चाहिए पर्यावरण और यातायात चेतना

विदेशी प्रवास का उदाहरण देते हुए डॉ. मिड्ढा ने बताया कि केपटाउन में पर्यावरण और यातायात को लेकर जनता और सरकार का अद्भुत समन्वय दिखा। पूरे प्रवास के दौरान वहां कहीं हॉर्न की आवाज तक सुनाई नहीं दी और हर नागरिक अनुशासन का पालन करता है। उन्होंने कहा कि यदि भारत की 140 करोड़ से अधिक आबादी भी थोड़ा नागरिक अनुशासन अपना ले, तो देश वैश्विक स्तर पर और बेहतर स्थिति प्राप्त कर सकता है।

एशियाई स्पर्धाओं में बेटियों के प्रदर्शन की सराहना

एशियाई स्पर्धाओं में भारतीय कबड्डी टीम द्वारा ईरान को हराकर स्वर्ण पदक जीतने और टीम में हरियाणा की 6 बेटियों के शामिल होने पर उन्होंने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि भारत आज खेल और शिक्षा सहित हर क्षेत्र में विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है। इसके साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और सरकार की खेल नीतियों की प्रशंसा की।

चुनाव आयोग और जंतर-मंतर प्रदर्शन पर विपक्ष पर साधा निशाना

चुनाव आयोग पर सवाल उठाने और प्रदर्शन करने को लेकर उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोला। डॉ. मिड्ढा ने कहा कि कांग्रेस बौखलाहट में अपनी खिसकती जमीन तलाशने की कोशिश कर रही है, जबकि जिन राज्यों में उनकी सरकारें हैं वहां ऐसे आरोप नहीं लगाए जाते। जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शनों पर उन्होंने कहा कि युवाओं के कंधों पर बंदूक रखकर देश की छवि धूमिल करने का एक प्रायोजित षड्यंत्र रचा जा रहा है।

सेवा संकल्प अभियान और स्मृति ईरानी के प्रभार पर दी प्रतिक्रिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को गरीबों, असहायों और बेजुबान जानवरों की सेवा का माध्यम बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव से पहले लिए गए संकल्पों में से लगभग 80 प्रतिशत वादे पूरे कर दिए हैं। वहीं हरियाणा में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को प्रभारी बनाए जाने के फैसले को सराहनीय बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे संगठन को मजबूती मिलेगी और महिला सशक्तिकरण को नया आयाम मिलेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m  

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

हरियाणा की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें