शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में 20 मई बुधवार को कैबिनेट की बैठक होगी। खास बात ये है कि यह मीटिंग वर्चुअल होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और डिजिटल मीटिंग्स की अपील के बाद डॉ मोहन सरकार ने यह फैसला लिया है। यानी इस बार मंत्रालय की कैबिनेट बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी।
मध्यप्रदेश में सरकारी बैठकों में फिजिकल मूवमेंट और काफिले को कम करने पर जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में 20 मई को होने वाली कैबिनेट की बैठक वर्चुअल होगी। डॉ मोहन यादव की सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और डिजिटल मीटिंग्स की अपील के बाद बड़ा निर्णय लिया है।
ये भी पढ़ें: MP में सरकारी कर्मचारियों की छुट्टी के नए नियम तय: वित्त विभाग ने जारी किया आदेश, जानिए किसे मिला अवकाश स्वीकृत करने का अधिकार
यूपी और राजस्थान में लिया गया है ये फैसला
आपको बता दें कि इसके पहले उत्तरप्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार ने भी वर्चुअल मीटिंग्स और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने के निर्देश दिए हैं। वहीं राजस्थान सरकार ने भी अफसरों की मीटिंग्स वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से करने और कारपूल सिस्टम लागू करने का फैसला लिया है।
पीएम मोदी की अपील का असर
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपील की है कि वे पेट्रोल-डीजल का उपयोग कम करें। सार्वजनिक परिवहन या कारपूलिंग का इस्तेमाल करें। एक साल तक सोना न खरीदें। ताकि, विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम किया जा सके। जनता विदेशी ब्रांड की जगह स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करे। संभव हो सके तो जनता वर्क फ्रॉम होम करे। जनता अगले एक साल तक गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं से बचे। किसान रासायनिक उर्वरकों का उपयोग कम करें और प्राकृतिक खेती अपनाएं। खाने में जरूरत के अनुसार ही खाद्य तेल का उपयोग करें।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पहले ही अपने कारकेड में वाहनों की संख्या कम कर चुके हैं। उन्होंने कैबिनेट में मंत्रियों से भी वर्तमान वैश्विक संकट को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने की अपील की है।

