प्रदीप मालवीय, उज्जैन। परिवार के साथ वियतनाम घूमने का सपना देख रहे एक व्यक्ति को फेसबुक पर दिखा एक आकर्षक विज्ञापन भारी पड़ गया । सस्ते विदेशी टूर के लालच में उन्होंने ट्रैवल एजेंसी के नाम पर साढ़े तीन लाख रुपये जमा कर दिए, लेकिन यात्रा से ठीक पहले उन्हें पता चला कि पूरा मामला ठगी का है।

READ MORE: विधायक कार्यालय के पास जलभराव से भड़के लोग: भोपाल-सागर रोड पर लगाया जाम, PWD के ईई का घेराव कर की ये मांग

नीलगंगा थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर निवासी हरिप्रकाश वाडिया ने फेसबुक पर “ड्रीम डेस्टिनेशन” नाम की एक ट्रैवल एजेंसी का विज्ञापन देखा था । विज्ञापन में वियतनाम टूर का आकर्षक पैकेज बताया गया था । परिवार के साथ विदेश यात्रा की योजना बना रहे वाडिया ने विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क किया । वहां जुनैद नाम के व्यक्ति ने उन्हें भरोसा दिलाया कि 6 लाख 80 हजार रुपये में पूरे परिवार का वियतनाम टूर और वीजा की व्यवस्था कर दी जाएगी ।

जुनैद की बातों पर भरोसा कर हरिप्रकाश वाडिया ने बताए गए बैंक खाते में 3 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए । तय तारीख पर जब वे यात्रा के लिए दिल्ली पहुंचे तो जुनैद ने फोन पर बताया कि परिवार की एक बच्ची का वीजा तैयार नहीं हो पाया है, इसलिए पूरी ट्रिप रद्द करनी पड़ेगी।

READ MORE: MP के ‘जम्बो सीताफल’ को GI टैग: किसानों को मिलेगा बेहतर मूल्य और वैश्विक पहचान, जानें इसकी खासियत

इस पर वाडिया को शक हुआ । उन्होंने भोपाल स्थित बताई गई एजेंसी और जुनैद से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी का मोबाइल बंद मिला । वहीं एजेंसी के दिए गए पते का सत्यापन कराया गया तो वह भी फर्जी निकला । इसके बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई ।

नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल से प्राप्त होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है । प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़ित से कुल 3 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की गई है । पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले आकर्षक ऑफर्स और ट्रैवल पैकेजों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें तथा किसी भी भुगतान से पहले कंपनी और उसके पते का सत्यापन अवश्य कर लें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m