फतेहाबाद। जिले के गांव खाराखेड़ी के पास नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार कार अचानक डिवाइडर पार करके दूसरी तरफ से आ रहे एक ट्राले से जा टकराई। इस दर्दनाक भिड़ंत में कार चला रहे ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी धर्म बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह पिचक गई और ड्राइवर अंदर ही फंस गया।
नींद की झपकी बनी हादसे की वजह
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस का मानना है कि गाड़ी चला रहे शख्स को अचानक नींद की झपकी आ गई होगी, जिससे गाड़ी पर से नियंत्रण छूट गया। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत इलाज के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पहचान और परिवार की जानकारी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक की पहचान सिरसा के शिव चौक निवासी 48 साल के सत्यनारायण के रूप में हुई है। वह ठेकेदारी का काम करते थे और अपने पीछे तीन बच्चे छोड़ गए हैं, जिनमें एक बेटी और दो बेटे शामिल हैं। वह अपनी धर्म बहन इंदू जाखड़ के साथ कार में सवार होकर हिसार से वापस सिरसा लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह भयानक हादसा हो गया। पुलिस ने कागजात के आधार पर परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


