Bihar News: बिहार के गयाजी जिले से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई है, जहां ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने पूर्व सांसद और पूर्व विधायक रंजीत सिंह के आवासीय परिसर में छापेमारी की है। मिली जानकारी के अनुसार कल देर शाम से लेकर आज सोमवार की सुबह तक यह छापेमारी की गई है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। बता दें कि यह छापेमारी कोतवाली थाना क्षेत्र के पीपरपाती मोहल्ले में हुई है।

भारी सुरक्षा के साथ पहुंची थी टीम

ड्रग विभाग, कोतवाली थाना पुलिस और अन्य विभागीय अधिकारियों की टीम भारी सुरक्षा के साथ छापेमारी करने के लिए पहुंची हुई थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने परिसर को चारों ओर से घेर लिया। इसके बाद ड्रग विभाग के अधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने अंदर मौजूद कई कमरों, स्टोर रूम तथा गोदामनुमा हिस्सों की गहन तलाशी ली। छापेमारी के दौरान परिसर में किसी के भी आने-जाने पर रोक लगा दी गई थी।

संदिग्ध और कथित नकली दवाएं बरामद

मिली जानकारी के अनुसार जांच टीम को परिसर से भारी मात्रा में संदिग्ध और कथित रूप से नकली दवाएं मिली हैं। हालांकि देर शाम तक छापेमारी के दौरान कितनी दवाएं बरामद हुईं, उनकी कीमत या किस प्रकार की दवाएं जब्त की गई हैं, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। विभागीय अधिकारी पूरे मामले की जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी देने की बात कह रहे हैं।

विभाग को मिली थी गुप्त सूचना

दरअसल विभाग को पिछले कुछ समय से इस परिसर में संदिग्ध तरीके से दवाओं के निर्माण, पैकेजिंग और भंडारण को लेकर सूचना मिल रही थी, जिसके बाद ड्रग विभाग ने योजना बनाकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से यह संयुक्त छापेमारी की है। सूत्रों का दावा है कि टीम को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और दवाओं से जुड़े पैकेट भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

जांच के लिए भेजे जाएंगे जब्त दवाओं के सैंपल

फिलहाल पूरे मामले की जांच ड्रग विभाग द्वारा की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि जब्त दवाओं के सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि दवाएं नकली थीं या गुणवत्ता के मानकों पर खरी नहीं उतरीं। मामले में आगे कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध दवा कारोबार को लेकर फिर से सवाल उठने लगे हैं।

ये भी पढ़ें- ‘राहुल अब बाबा नहीं, मुस्लिम भाई जान बन गए’, जानें गिरिराज सिंह ने नेता विपक्ष के लिए ऐसा क्यों कहा?