चंडीगढ़। हरियाणा सरकार के ‘नशा मुक्त हरियाणा’ अभियान को बड़ी मजबूती मिली है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दृढ़ निर्देशों और पुलिस महानिदेशक (DGP) अजय सिंघल के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस का डॉग स्क्वाड नशा तस्करों के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार बनकर उभरा है। प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स बोल्ट, रैम्बो और रोमियो ने वर्ष 2026 की पहली छमाही (1 जनवरी से 30 जून) के दौरान 48 एनडीपीएस (NDPS) मामलों के खुलासे में अहम भूमिका निभाई है।
हरियाणा पुलिस के अनुसार, राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) और जिला पुलिस की संयुक्त टीमों ने स्निफर डॉग्स की मदद से कई जिलों में बड़े अभियान चलाकर करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ बरामद किए। इन अभियानों में हेरोइन, स्मैक, गांजा, चरस, अफीम, डोडा पोस्त, चूरा पोस्त सहित अन्य नशीले पदार्थों की बड़ी खेप जब्त की गई।
आंकड़ों के मुताबिक, बोल्ट ने सर्वाधिक 15 मामलों, रैम्बो ने 14 और रोमियो ने 12 मामलों में अहम भूमिका निभाई। विशेष रूप से बोल्ट की सहायता से करीब 5 क्विंटल 50 किलोग्राम 300 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया, जिसे बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स की असाधारण सूंघने की क्षमता, आधुनिक प्रशिक्षण और पुलिस टीमों के साथ बेहतर तालमेल ने नशा तस्करों के नेटवर्क तक पहुंचने और उन्हें बेनकाब करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आधुनिक तकनीक, खुफिया सूचनाओं और विशेष अभियानों के साथ डॉग स्क्वाड की मदद से नशे के खिलाफ अभियान को लगातार मजबूती मिल रही है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के प्रमुख संजय कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही डॉग स्क्वाड पुलिस टीमों के साथ मौके पर पहुंचता है और वाहन, मकान, गोदाम, खेत या अन्य स्थानों पर छिपाए गए मादक पदार्थों का सटीक पता लगाकर कार्रवाई को सफल बनाता है।
हरियाणा पुलिस ने आमजन से भी नशे के खिलाफ इस मुहिम में भागीदार बनने की अपील की है। किसी भी प्रकार की नशा तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना 9050891508 या 112 पर देकर पुलिस की सहायता की जा सकती है। सरकार का कहना है कि ‘नशा मुक्त हरियाणा’ अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


