प्रतीक पटनायक, धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी से हैरतअंगेज़ मामला सामने आया है, जहां एक नशे में चूर नौजवान ने ऐसा हाई वोल्टेज तमाशा खड़ा कर दिया, जिसे देखकर हर शख़्स के होश उड़ गए. शराब के नशे में चूर नौजवान बिजली के खंभे पर जा चढ़ा, और घंटों तक ऊपर ही ड्रामा करता रहा. इधर नीचे खड़े लोग सांस रोके ये मंज़र देखते रहे.
यह भी पढ़ें : Exclusive: फिर सामने आई CGPSC की बड़ी गड़बड़ी, RTI से हुआ Mains की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में घोर लापरवाही का खुलासा…
पूरा सनसनीखेज़ वाक़या कोतवाली थाना इलाक़े के शांति कॉलोनी चौक का है. बताया जा रहा है कि दोपहर के वक़्त एक नौजवान शराब के नशे में लड़खड़ाता हुआ वहां पहुंचा. और देखते ही देखते बिजली के पोल पर चढ़ गया. जैसे ही लोगों ने ये मंजर देखा, पूरे चौक पर अफ़रा तफ़री मच गई. कोई चिल्लाया, कोई पुलिस को फ़ोन करने लगा, तो कोई नौजवान को नीचे उतरने की मिन्नतें करने लगा, लेकिन नशे में धुत नौजवान किसी की सुनने को तैयार नहीं था. वह तो ऊपर बैठकर हंगामा करता रहा.

ये वो खंभा था, जिसमें चौबीसों घंटे करंट दौड़ता रहता है. जरा सी लापरवाही पर बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन ख़ुशक़िस्मती से नौजवान करंट की जद में आने से बच गया. करीब एक घंटे तक ये हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. नीचे लोगों का हुजूम बढ़ता गया. हर कोई दंग था कि आखिर ये नौजवान नीचे उतरेगा कैसे. आख़िरकार मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने वार्ड के लोगों के साथ मिलकर नौजवान को समझाने की कोशिश की. काफी जद्दोजहद के बाद उसे सही सलामत नीचे उतार लिया गया. नीचे उतरते ही लोगों ने राहत की सांस ली.
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि नौजवान बुरी तरह नशे में था. उसे ख़ुद भी नहीं मालूम था कि वो कितने बड़े ख़तरे में है. हालांकि, नौजवान की शिनाख़्त अभी तक नहीं हो पाई है. पुलिस मामले की तहक़ीक़ात कर रही है, लेकिन इस वाक़ये ने पूरे इलाक़े में सनसनी फैला दी है. ग़नीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कल को अगर कोई बड़ा हादसा हो गया तो जिम्मेदार कौन होगा?
देखिए वीडियो –
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



