प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले में शराबियों का तांडव देखने को मिला है, जहां शराबियों को शराब पीने के लिए ग्लास नहीं देना एक रेस्टोरेंट मालिक को महंगा पड़ गया। बदमाशों ने रेस्टोरेंट में पेट्रोल छिड़ककर उसमें आग लगा दी, जिससे लाखों का सामान जलकर राख हो गया। पूरा मामला भभुआ नगर थाना के बेलवतिया पोखरा का है।
शराब पीने के लिए ग्लास नहीं देने पर मारपीट
मिली जानकारी के अनुसार रेस्टोरेंट में बीते 19 मई की रात कुछ शराबी आए और शराब पीने के लिए ग्लास मांगने लगे, जब स्टॉफ ने ग्लास देने से मना किया तो, वे उसके साथ मारपीट करने लगे। इस मारपीट में एक स्टॉफ का सर फट गया और इसके बाद सभी शराबी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद रेस्टोरेंट मालिक की ओर से थाने में 9 लोगों के खिलाफ आवेदन दिया गया, जिसको लेकर शराबी लगातार केस वापस लेने की धमकी दे रहे थे।
आरोप है कि बीती रात को वे सभी बदमाश फिर से रेस्टोरेंट के पास इकट्ठा हुए औऱ फिर धमकी देने लगे। इस दौरान जब रात 10 रेस्टोरेंट बंद कर सभी लोग चले गए तो बदमाशों ने रेस्टोरेंट के रोशनदान से पेट्रोल डाल कर उसमें आग लगा दिया। रेस्टोरेंट मालिक को रात 1 बजे आसपास के लोगों और अग्निशमन दल के माध्यम से पता चला कि आग लग गई है, मौके पर जब उन्होंने पहुंचकर देखा तो सारा सामान जलकर राख हो चुका था।
पत्नी का जेवर गिरवी रख खोला था रेस्टोरेंट
पीड़ित रेस्टोरेंट संचालक राहुल सिंह ने बताया कि मेरे यहां कॉफी शॉप और मटन शॉप चलता था। पत्नी का जेवर गिरवी रख कर उन्होंने यह दुकान खोली थी, जिसे शराबियों ने जला दिया। 19 मई को कुछ शराबियों ने शराब पीने के लिए ग्लास मांगी तो स्टॉफ साफ मना किया। इसके बाद उन्होंने उसके साथ मारपीट किया, जिससे एक स्टॉफ का सर फट गया। उन्होंने बताया कि, इस संबंध में भभुआ थाने में 9 लोगों के खिलाफ आवेदन दिया गया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं कि केस उठाने का दबाव मिलते रहा।
इस बीच कल रात 9 से 10 बजे फिर चार पांच लड़के आए और गाली गलौज करने लगे। हम लोग 10 बजे के बाद रेस्टोरेंट बंद कर घर चले गए। रात 1 बजे हमे फोन आया कि आपके रेस्टोरेंट में आग लगी है, जब पहुंचे तो देखा अग्निशमन दल आग बुझा रही है। ओनर ने बताया कि, रेस्टोरेंट में रखा फ्रिज, सोफा, कुर्सी सहित किचेन का सारा सामान जमकर राख हो गया है। कुछ भी नहीं बचा है। हम जिला प्रशासन से हम मांग करते हैं कि आरोपियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई हो।
छानबीन में जुटी पुलिस
रेस्टोरेंट के पास दो बोतल मिला, जिसमें पेट्रोल था। इससे यह कयाश लगाया जा रहा है कि रात को रेस्टोरेंट के रोशनदान से पेट्रोल छिड़क कर आग लगाई गई होगी। वहीं, इस मामले में भभुआ थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि, मामला संज्ञान में आया है। पुलिस सीसीटीवी की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि मामले में जो भी लोग दोषी होंगे, सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें- रोहतास में घरेलू विवाद के बाद पत्नी से खफा पति ने जहर खाकर दी जान, अस्पताल में तोड़ा दम

