अविनाश श्रीवास्तव/​नोखा/सासाराम: रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र अंतर्गत जगनगरा गांव में घरेलू कलह के चलते एक 35 वर्षीय युवक ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान जयप्रकाश कुमार के रूप में हुई है।

​विवाद के बाद खौफनाक कदम

​प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना से पूर्व जयप्रकाश का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पारिवारिक सूत्रों की मानें तो अनबन इतनी गहरी हो गई कि आवेश में आकर युवक ने कोई जहरीला या आपत्तिजनक पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं।

​अस्पताल में तोड़ा दम

​परिजन और स्थानीय लोगों की नजर जब जयप्रकाश पर पड़ी तो वे घबरा गए। उसे आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने भरसक प्रयास किया लेकिन अंततः उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान ही युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक के परिजन कृष्ण कुमार ने मीडिया को बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसने कौन सी दवा या जहर खाया था लेकिन घर में चल रहे विवाद के कारण यह कदम उठाने की आशंका है।

​पुलिस जांच में जुटी

​सूचना मिलते ही नोखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की बारीकी से छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल इसे अप्राकृतिक मौत (U.D. Case) मानते हुए मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस अब मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके। गांव में इस घटना के बाद से मातम का माहौल है और चर्चाओं का बाजार गर्म है कि आखिर उस छोटी सी अनबन ने एक हंसते-खेलते परिवार को इस कगार पर कैसे खड़ा कर दिया।