वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला की मौत से सनसनी फैल गई। पूरा मामला छबीलापुर थाना क्षेत्र के अंडबस गांव की है। मृतका की पहचान हरिदर्शन यादव की 41 वर्षीय पत्नी प्रभावती देवी के रूप में हुई है। मायके वालों ने पति पर पीट-पीटकर और गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
शराब का आदी था पति, प्रताड़ित करने का आरोप
मृतका के छोटे भाई प्रमोद कुमार ने बताया कि हरिदर्शन यादव कोई काम-धंधा नहीं करता था और कथित तौर पर शराब के नशे में रहता था। आरोप है कि शादी के करीब छह वर्ष बाद से ही वह प्रभावती देवी के साथ लगातार मारपीट और विवाद करता था। मायके वालों का कहना है कि रक्षा बंधन के बाद ससुराल लौटने के बाद भी प्रभावती के साथ मारपीट की जा रही थी।
शव के पास नशे की हालत में सोया था पति
घटना की सूचना मिलने के बाद जब परिजन मौके पर पहुंचे तो घर में प्रभावती का पड़ा हुआ शव मिला, जबकि आरोपी पति कथित तौर पर नशे की हालत में शव के पास में सो रहा था। उधर मौके पर पहुंची छबीलापुर थाना पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी पति हरिदर्शन यादव को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के समय वह अत्यधिक नशे की हालत में था, जिसके कारण तत्काल विस्तृत पूछताछ नहीं हो सकी। मायके पक्ष से आवेदन लेकर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
दंपती की तीन बेटियां और एक बेटा है। तीनों बेटियों की शादी पहले ही हो चुकी है, जबकि बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
ये भी पढ़ें- हैदराबाद में मालिक को 20 लाख का चूना लगाकर नालंदा में छिपा था नौकर, आरोपी और ज्वेलर्स गिरफ्तार



