दिल्ली की DTC बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा देने वाला पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड (Pink Saheli Smart Card) अब केवल बस यात्रा तक सीमित नहीं रहेगा। इस कार्ड का इस्तेमाल डेबिट कार्ड (Debit Card) की तरह भी किया जा सकेगा। यानी कार्डधारक महिलाएं इससे मॉल, दुकानों और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर खरीदारी भी कर सकेंगी। दिल्ली सरकार के अनुसार, पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड को मल्टी-यूटिलिटी कार्ड के रूप में विकसित किया गया है, ताकि महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन के साथ-साथ डिजिटल भुगतान की सुविधा भी मिल सके। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए इच्छुक महिलाओं को DTC द्वारा अधिकृत बैंक की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र महिलाओं को यह स्मार्ट कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा।

दो तरह के जारी किए जा रहे हैं पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड

दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की ओर से फिलहाल दो प्रकार के नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) जारी किए जा रहे हैं। पहला कार्ड जीरो-केवाईसी (Zero KYC) प्रक्रिया के तहत बनाया जा रहा है। इस कार्ड को बनवाने के लिए महिलाओं को केवल आधार कार्ड की जरूरत होती है। आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर भेजे गए ओटीपी के सत्यापन के बाद पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी कर दिया जाता है। इस कार्ड का उपयोग मुख्य रूप से डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा के लिए किया जा सकता है।

वहीं, दूसरा कार्ड फुल-केवाईसी (Full KYC) प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी किया जाता है। इसके लिए बैंक द्वारा निर्धारित विस्तृत आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करना होता है। फुल-केवाईसी के बाद जारी होने वाला यह कार्ड डेबिट कार्ड की तरह काम करता है, जिससे महिलाएं डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा के अलावा मॉल, दुकानों और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर डिजिटल भुगतान और खरीदारी भी कर सकती हैं।

ऐसे बनवाएं डेबिट कार्ड वाला पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड

डीटीसी के एक अधिकारी के अनुसार, डेबिट कार्ड की तरह इस्तेमाल होने वाला फुल-केवाईसी पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए महिलाओं को डीटीसी द्वारा अधिकृत बैंक के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करना होगा। आवेदन के दौरान दिल्ली के पते वाला आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और अन्य आवश्यक व्यक्तिगत जानकारी देनी होगी। जरूरत पड़ने पर बैंक पैन कार्ड भी मांग सकता है। इसके बाद बैंक की ओर से वीडियो केवाईसी (Video KYC) की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सभी दस्तावेजों और जानकारी का सत्यापन होने के बाद कार्ड तैयार कर डाक के माध्यम से आवेदक के पते पर भेज दिया जाएगा।

ऐसे कर सकेंगे इस्तेमाल

फुल-केवाईसी पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड से महिलाएं डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकेंगी। वहीं, यदि इसी कार्ड का उपयोग दिल्ली मेट्रो, नमो भारत ट्रेनों या मॉल, दुकानों और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर खरीदारी के लिए करना है, तो पहले इसमें आवश्यक राशि रिचार्ज करानी होगी। रिचार्ज होने के बाद यह कार्ड नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) के रूप में डिजिटल भुगतान और सार्वजनिक परिवहन, दोनों के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा।

नारंगी कार्ड के लिए करना होगा इंतजार

दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने यात्रियों की विभिन्न श्रेणियों के लिए तीन रंगों के नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) निर्धारित किए हैं। इनमें महिलाओं के लिए गुलाबी (पिंक) कार्ड, सामान्य यात्रियों के लिए नीला (ब्लू) कार्ड और वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों तथा अन्य रियायती श्रेणी के यात्रियों के लिए नारंगी (ऑरेंज) कार्ड जारी किया जाएगा। हालांकि, डीटीसी के अनुसार नारंगी कार्ड की शुरुआत फिलहाल नहीं की गई है। विभाग का कहना है कि इस श्रेणी के कार्ड जारी करने की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है। ऐसे में वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और अन्य पात्र लाभार्थियों को इसके लिए अभी कुछ समय इंतजार करना होगा।

01 अगस्त से पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड होगा अनिवार्य

दिल्ली में 01 अगस्त से महिलाओं को DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने इस संबंध में विशेष अभियान शुरू किया है और महिला यात्रियों से जल्द से जल्द अपना पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने की अपील की है। डीटीसी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 01 अगस्त से केवल उन्हीं महिला यात्रियों को पिंक टिकट जारी किया जाएगा, जिनके पास वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड होगा। बस में यात्रा के दौरान महिलाओं को अपने कार्ड को टैप करना होगा। इसके बाद ही उन्हें योजना के तहत मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m