दुमका। हंसडीहा थाना क्षेत्र के भाटीन गांव में रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। धोबेय नदी पर बने चेकडैम में नहाने गए दो स्कूली छात्रों की डूबने से मौत हो गई। तेज बहाव के बीच ग्रामीणों ने करीब ढाई घंटे तक मशक्कत कर दोनों के शव बाहर निकाले। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
दोस्तों के साथ नहाने पहुंचे थे दोनों छात्र
जानकारी के मुताबिक, रमण कुमार और उमेश सिंह अपने कुछ दोस्तों के साथ रविवार शाम चेकडैम में नहाने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि कुछ बच्चे वहां रील भी बना रहे थे। इसी दौरान दोनों छात्र गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
दोनों को डूबता देखकर साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाकर मदद के लिए लोगों को बुलाया। देखते ही देखते आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर हंसडीहा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची।
तेज बहाव के कारण रेस्क्यू में आई मुश्किल
पिछले दो दिनों से हुई लगातार बारिश के कारण धोबेय नदी में पानी का बहाव तेज था। ऐसे में ग्रामीणों के लिए चेकडैम में उतरकर बच्चों की तलाश करना बेहद मुश्किल हो रहा था।
घटना के करीब ढाई घंटे बाद चेकडैम के नीचे एक पिलर के पास रमण का सिर दिखाई दिया। इसके बाद स्थानीय युवकों का एक दल पानी में उतरा और काफी मशक्कत के बाद उसका शव बाहर निकाला।मृतक की पहचान रमण कुमार, पिता संतोष मंडल के रूप में हुई।
इसके बाद ग्रामीणों ने दूसरे छात्र उमेश की तलाश शुरू की। रस्सी की मदद से पानी में उतरकर काफी देर तक खोजबीन की गई। आखिरकार उमेश का शव भी बरामद कर लिया गया। उसकी पहचान उमेश सिंह, पिता राजेंद्र सिंह के रूप में हुई।
एक दसवीं तो दूसरा नौवीं कक्षा का छात्र
हादसे में जान गंवाने वाला रमण कुमार हंसडीहा हाईस्कूल में दसवीं कक्षा का छात्र था, जबकि उमेश सिंह नौवीं कक्षा में पढ़ता था।दोनों छात्रों की मौत की खबर उनके घर पहुंचते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना को लेकर गम का माहौल है।
थाना प्रभारी बोले- पोस्टमार्टम पर सोमवार को होगा फैसला
हंसडीहा थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि काफी मशक्कत के बाद दोनों छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
थाना प्रभारी के मुताबिक, शाम हो जाने के कारण फिलहाल शव परिजनों के जिम्मे हैं। परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात कह रहे हैं। ऐसे में सोमवार सुबह परिजनों से बातचीत के बाद पोस्टमार्टम को लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
बारिश के बाद नदी-चेकडैम में बढ़ा खतरा
लगातार बारिश के बाद नदी और चेकडैम में पानी का बहाव तेज होने से खतरा बढ़ गया है। इस हादसे ने एक बार फिर बरसात के मौसम में बच्चों और युवाओं के नदी, तालाब और चेकडैम में जाने को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।



