दुमका। झारखंड के दुमका जिले में सोमवार की रात सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसों के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर पत्ताबाड़ी के पास दुमका-रामपुरहाट मार्ग को जाम कर दिया।
तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को मारी टक्कर
पहली घटना सरसडंगाल के पास हुई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। दोनों युवक हटिया से वापस लौट रहे थे।
हादसे में सरकार हेंब्रम की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल रामपुरहाट अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
खराब हाईवा से भिड़ी बाइक, दो युवकों की मौत
दूसरी दुर्घटना पत्ताबाड़ी के पास रात करीब 12 बजे हुई। जानकारी के अनुसार बाइक सवार दो युवक सड़क किनारे खड़ी खराब हाईवा से पीछे से जा टकराए।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें रात में ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन मंगलवार सुबह इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।मृतकों की पहचान मकसूद अंसारी, निवासी बरमसिया और अकबर अंसारी, निवासी शहर घाटी गांव के रूप में हुई है।
मुआवजे की मांग को लेकर रात से सड़क जाम
दोनों युवकों की मौत की खबर के बाद ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। करीब रात एक बजे लोगों ने पत्ताबाड़ी के पास दुमका-रामपुरहाट मार्ग को जाम कर दिया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।ग्रामीणों के मुताबिक बाइक को छोड़कर अन्य चार पहिया वाहनों को आगे नहीं जाने दिया जा रहा है।
प्रशासन से मुआवजे की मांग
प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग है कि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिए जाने तक ट्रकों का परिचालन शुरू नहीं होने दिया जाएगा।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन लोग अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। सड़क जाम के कारण दुमका-रामपुरहाट मार्ग पर यातायात प्रभावित है।



