भिलाईनगर। एक बार फिर भिलाई शिवमय होने जा रहा है। देशभर में शिवमहापुराण कथा के लिए प्रसिद्ध सीहोर वाले पंडित प्रदीप मिश्रा ( रुद्राक्ष वाले) की सात दिवसीय शिवमहापुराण कथा का आयोजन 17 अगस्त, सोमवार (नागपंचमी) से 23 अगस्त तक जयंती स्टेडियम, भिलाई में किया जाएगा। प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक कथा होगी।
समिति प्रमुख बाबा भोलेनाथ के परम भक्त दया सिंह ने बताया कि इस वर्ष कथा का आयोजन बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति के माध्यम से कराया जा रहा है। लगातार तीसरे वर्ष आयोजित हो रही इस शिवमहापुराण कथा को लेकर श्रद्धालुओं में अभी से उत्साह का माहौल है। आयोजकों का दावा है कि इस बार आयोजन के दौरान गोल्डन वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराने का भी प्रयास किया जाएगा।

कथा से एक दिन पहले 16 अगस्त, रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा की शुरुआत सेक्टर-5 स्थित श्री गणेश मंदिर में विधिवत पूजा- अर्चना के साथ होगी। इसके बाद हजारों महिला श्रद्धालु सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण करेंगी। कलश यात्रा में आकर्षक एवं मनमोहक धार्मिक झांकियां, भजन-कीर्तन और शिवभक्ति की अनुपम छटा देखने को मिलेगी।
सेक्टर-9 अस्पताल के निजीकरण के खिलाफ यूनियनों ने किया पर्चा वितरण
भिलाईनगर। सेक्टर 9 अस्पताल के निजीकरण के खिलाफ संयुक्त ट्रेड यूनियनों ने विभिन्न विभागों के केन्टीनों और अनुभागों में कर्मियों से चर्चा करते हुए पर्चा वितरण किया और बताया कि आने वाले दिनों में अस्पताल के निजीकरण के खिलाफ संघर्ष तेज करना होगा।
उम्र बढ़ने के साथ बीमारी अचानक दस्तक देती है। हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक, सांस लेने में तकलीफ या अचानक गिर जाने जैसी परिस्थितियों में हर मिनट कीमती होता है। ऐसे समय में भिलाई के सेवानिवृत्त कर्मी और उनके परिवार किसी कागजी औपचारिकता या भारी रकम की चिंता नहीं करते। वे केवल अपनी मेडिकल बुक लेकर सीधे सेक्टर-9 अस्पताल पहुंच जाते हैं। अस्पताल का पूरा तंत्र तुरंत इलाज में जुट जाता है। यही व्यवस्था हजारों बुजुर्गों के लिए मानसिक सुरक्षा और जीवन का सबसे बड़ा सहारा है।
मॉडल टाउन नाला अतिक्रमण नपाई में छात्रावास के अतिक्रमण का हुआ बड़ा खुलासा
भिलाईनगर। वार्ड 2 मॉडल टाउन स्थित नाला अतिक्रमण मामले में कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर बनी एसएलआर टीम ने शुक्रवार को मौके पर जाकर सीमांकन किया। दिनभर चली नपाई में टीम ने केवल 220 मीटर लंबाई अतिक्रमण में बताई।
ढाई एकड़ सरकारी जमीन में नाला से लगे खसरा नंबर 901 में लगभग ढाई एकड़ भूखंड शासकीय रिकॉर्ड में दर्ज है। बहुमंजिला हॉस्टल अतिक्रमण में नाला से लगे निजी व्यक्ति के बहु मंजिला हॉस्टल का आधा हिस्सा शासकीय भूमि की चपेट में आया है। इसके अलावा अन्य अतिक्रमण में टीम ने एजुकेशन सोसाइटी की बिल्डिंग, खटाल और अन्य भवनों को भी शासकीय भूमि पर अतिक्रमण में बताया।
वार्ड 2 मॉडल टाउन के पार्षद हरिओम तिवारी का दावा सही निकला। पहले हुई नपाई में पटवारी और आरआई उक्त भूखंड को शासकीय नहीं बता रहे थे, लेकिन इस बार की पाई में जमीन सरकारी पाई गई। पार्षद ने मौके पर टीम से मांग की कि जितना हिस्सा शासकीय भूखंड है उसे चिन्हांकित कर दिया जाए।
पार्षद हरिओम तिवारी ने एसएलआर टीम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नापने आई टीम नापने का तरीका बार-बार बदलती रही। धरातल पर नपाई कुछ और कर बहुमंजिला बिल्डिंग को बचाने में जुटी रही। हॉस्टल के भूखंड की दो बार नपाई की गई एक बार एक ढंग से, फिर वहीं दूसरे ढंग पार्षद ने यह भी आरोप लगाया कि टीम से उनसे जानकारी छुपा रही थी और अंतिम समय में समरी देने की बात कहकर रिपोर्ट सीधे कलेक्टर को भेजने की बात कर रही थी ।
बालक को गिरा कर घायल करने वाला चालक गिरफ्तार
दुर्ग। फारवेल्श स्कूल की लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर मासूम बच्चे को वाहन से गिरा कर घायल कर देने वाले आरोपी चालक हरजीत सिंह (58 वर्ष) निवासी खुर्सीपार भिलाई को छावनी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रार्थिया की शिकायत पर छावनी पुलिस ने धारा 281, 125 ए एवं 184 मोटर यान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस ने बताया कि 8 जुलाई को दोपहर लगभग 1.30 बजे थाना छावनी क्षेत्र अंतर्गत करुणा हॉस्पिटल के पास नंदनी रोड भिलाई में स्कूल वाहन सीजी 07 सी जेड 5111 द्वारा 4 वर्ष के बालक को घर छोड़ने के दौरान चालक द्वारा तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने से बालक वाहन से नीचे गिरकर घायल हो गया था। घटना में बालक के माथे, हाथ, पैर एवं गाल पर चोटें आई थी।
घायल बालक के उपचार के बाद उसकी माता ने 10 जुलाई को छावनी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। विवेचना के दौरान आरोपी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। दुर्ग पुलिस ने स्कूल वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदारी पूर्वक वाहन संचालन करने की अपील की है।
हाईकोर्ट के फैसले से भिलाई निगम को मिली बड़ी राहत
भिलाईनगर। हाई कोर्ट ने भिलाई नगर निगम द्वारा आवासीय भूखंडों की नीलामी रद्द करने के फैसले को बरकरार रखते हुए याचिका खारिज कर दी है।
मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायाधीश रविंद्र कुमार अग्रवाल की बेंच ने यह फैसला सुनाया। भिलाई की निवासी रश्मि अग्रवाल ने नगर निगम की ई-नीलामी में भूखंड संख्या 10 के लिए सबसे ऊंची बोली लगाई थी। लेकिन कलेक्टर द्वारा जारी संशोधित दिशा-निर्देशों के बाद निगम ने पाया कि कुछ भूखंडों की बोली सरकारी दर से कम है। जनहित और सार्वजनिक राजस्व की रक्षा के लिए निगम ने उस नीलामी को रद्द कर बयाना राशि वापस कर दी और नई नीलामी कराने का निर्णय लिया।
रश्मि अग्रवाल ने इसके खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका लगाकर पट्टा जारी करने की मांग की थी। कोर्ट ने कहा कि सिर्फ सबसे ऊंची बोली लगाने से कोई कानूनी अधिकार मिल जाता । जब तक सक्षम अधिकारी नहीं बोली स्वीकार न करे, तब तक अनुबंध नहीं बनता।
बेंच ने माना कि निगम ने बिना भेदभाव, समान रूप से सभी भूखंडों के लिए निर्णय लिया। यह मनमाना या दुर्भावनापूर्ण नहीं था । निविदा की शर्तों में ही लिखा था कि आयुक्त बिना कारण बताए बोली अस्वीकार कर सकता है। बयाना राशि भी पहले वापस कर दी गई थी । अनुच्छेद 226 के तहत कोर्ट राज्य को जनहित के विपरीत अनुबंध करने के लिए बाध्य नहीं कर सकता।
सीएसवीटीयू के मेगा कार्यक्रम में महिलाओं और स्टार्टअप्स को मिलेगी नई उड़ान
भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, भिलाई जुलाई माह में महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण उद्यमिता और नवाचार को समर्पित एक राष्ट्रीय स्तर के भव्य कार्यक्रम का आयोजन करने जा रहा है।
विश्वविद्यालय के कुलपति अरुण अरोरा ने प्रतिक्षा बघेल और हितेंद्र तन्ना के साथ मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। कार्यक्रम में आरईसी फाउंडेशन के सहयोग से 4.59 करोड़ रुपये की मिलेट परियोजना के अंतर्गत 72 महिला स्व-सहायता समूहों को पूर्णतः निःशुल्क ‘मिलेट हेल्थ कार्ट’ वितरित किए जाएंगे।
इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे तथा मिलेट आधारित पोषण और पारंपरिक खाद्य संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी), भारत सरकार की 4.96 करोड़ रुपये की ‘निधि आई- टीबीआई’ परियोजना के तहत 24 नवाचार आधारित स्टार्टअप्स को 50 लाख रुपये के इग्निशन ग्रांट के चेक प्रदान किए जाएंगे।
इनमें आधे से अधिक स्टार्टअप्स का संचालन अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के युवा उद्यमियों द्वारा किया जा रहा है। विश्वविद्यालय ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति से महिला समूहों और युवा नवप्रवर्तकों को नई ऊर्जा और प्रोत्साहन मिलेगा ।
आचार्य जिनचंद्रसूरिश्वर महाराज साहेब का होगा भव्य चातुर्मासिक मंगल प्रवेश 15 को
भिलाईनगर। धर्म, तप, त्याग एवं संयम की पुण्यधरा दुर्ग एक बार पुनः आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित होने जा रही है। जैन समाज के आचार्य भगवंत जिनचंद्रसूरिश्वर महाराज अपने साथ आदि 6 साधु भगवंतों सहित वर्ष 2026 के चातुर्मास हेतु धर्म नगरी दुर्ग आ रहे हैं। 15 जुलाई को प्रातः 8.15 बजे भव्य चातुर्मासिक मंगल प्रवेश का आयोजन किया गया है।
इस अवसर पर सदर जैन मंदिर, दुर्ग से प्रारंभ होकर नवकार भवन, ऋषभ नगर, दुर्ग तक एक भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता रहेगी। धर्मध्वज, बैंड, भक्ति संगीत, जयघोष, महिलाएं मंगल कलश के साथ, युवा एवं बालक-बालिकाएं पारंपरिक वेशभूषा में तथा श्रद्धालु गुरु भगवंत की अगवानी करते हुए नगर को धर्ममय वातावरण से सराबोर करेंगे।
चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन धर्मसभा, प्रवचन, नवकार मंत्र आराधना, सामायिक, प्रतिक्रमण, स्वाध्याय, तप, उपवास, आयंबिल, धार्मिक संस्कार शिविर, युवक- युवती एवं महिला मंडल के विशेष कार्यक्रम, बाल संस्कार गतिविधियां तथा विभिन्न सामाजिक एवं आध्यात्मिक आयोजन होंगे। आचार्य भगवंत अपने प्रेरणादायी प्रवचनों के माध्यम से अहिंसा, सत्य, संयम, सदाचार, आत्मशुद्धि, पारिवारिक संस्कार, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं मानवीय मूल्यों पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
मंगल प्रवेश के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा गुरुदेव का अभिनंदन किया जाएगा। आदिनाथ जैन श्वेतांबर मंदिर ट्रस्ट, दुर्ग एवं शासन स्पर्श वर्षावास समिति, दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक महोत्सव को लेकर समाज में उत्साह का वातावरण है। भव्य चातुर्मासिक मंगल प्रवेश 15 जुलाई को प्रातः 8.15 बजे से सदर जैन मंदिर दुर्ग से प्रस्थान कर नवकार भवन ऋषभ नगर दुर्ग पहुंचेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

