दुर्ग। कोटवारी भूमि की विक्रय करने वाले कोटवारों पर कार्रवाई की जाएगी मामले में कलेक्टर ने मामले में सख्त निर्देश जारी किए है जिले में कोटवारी भूमि विक्रय रजिस्ट्री शून्य कराने 73 सिविल वाद दायर हुए हैं। दुर्ग जिले के 51 ग्रामों के कोटवारों द्वारा उसे ग्राम सेवक के रूप में सेवा करने की शर्त पर मिली भूमि को विक्रय कर देने का मामला आने के बाद कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर विक्रय शून्य घोषित कराने सिविल वाद दायर कराने की कार्रवाई हुई है।

यह भी पढ़ें : CG Morning News : रक्षाबंधन त्योहार को लेकर पुलिस अलर्ट… रायपुर में आज धार्मिक आयोजनों की धूम… कई जिलों में बारिश का अलर्ट

विक्रय हो चुके कोटवारी भूमि या सेवा भूमि के विक्रय निरस्त कराये जाने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश के बाद जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह ऐसे प्रकरणों की लगातार समीक्षा कर रजिस्ट्री शून्य घोषित कराने सिविल वाद दायर करने एवं ऐसे कोटवारों के विरुद्ध अनुशासिक कार्रवाई करने के संबंधित तहसीलदारों को निर्देश दिए थे।

115 एकड़ से अधिक कोटवारी भूमि विक्रय करना पाए गए कलेक्टर के निर्देश के बाद जिले के 6 तहसीलों के कुल 51 ग्रामों के 107 खसरे के कुल 115.71 एकड़ (46.827 हैक्टेयर) कोटवारी भूमि विक्रय पाये जाने से विक्रय निरस्त कराने 73 सिविल वाद प्रकरण दायर कर दिए गए है। साथ ही कोटवारी भूमि विक्रय करने वाले ऐसे 29 कोटवार जो अभी कोटवार पद पर बने हुए है उनके विरुद्ध अनुशासक कार्यवाही करने संबंधित राजस्व न्यायालयों में प्रकरण दर्ज कर लिये गए है, जहां उन कोटवारों को कारण बताओ नोटिस जारी कर सुनवाई प्रारम्भ कर दी गई है।

सुनवाई उपरांत उन कोटवारों के विरुद्ध नियमानुसार भू राजस्व संहिता के तहत अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। जानकारी के मुताबिक दुर्ग के 16 ग्रामों के 13.997 हेक्टेयर, धमधा तहसील के 5 ग्रामों के 5.760 हेक्टेयर, पाटन तहसील के 17 ग्रामों के 10.73 हेक्टेयर, भिलाई तीन तहसील के 3 ग्रामों के 5.610 हेक्टेयर, बोरी तहसील के 1 ग्राम के 0.280 हैक्टेयर तथा अहिवारा तहसील के 9 ग्रामों के 10.450 हेक्टेयर कोटवारी भूमि विक्रय होना प्रारंभिक जांच में पाया गया है।

खसरा नंबर सॉफ्टवेयर में ब्लॉक

इसके अलावा, वर्तमान में जितने भी सेवा भूमि कोटवारों को दी गई है, उन सभी खसरा नंबरो को पंजीयन विभाग के सॉफ्वेयर में ब्लॉक करने की भी कार्यवाही की गई है, ताकि भविष्य में कोई भी कोटवारी भूमि का विक्रय न हो सके। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ भू राजस्व संहिता 1959 की धारा 183 में यह स्पष्ट प्रावधान है कि ऐसा संव्यवहार, जिसके द्वारा कोई ग्राम सेवक अपनी सेवा भूमि में के अपने हित को विक्रय, दान, बंधक, उप पत्ते द्वारा या अन्यथा एक वर्ष से अनाधिक कालावधि तक के उप पत्ते द्वारा के सिवाय अंतरित करने का प्रयत्न करता है, शून्य होगा।

पुलिस में नौकरी लगाने के नाम पर 14 लाख की ठगी

भिलाईनगर। पुलिस विभाग में शासकीय नौकरी लगाने का झांसा देकर 14 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने प्रार्थिया के पति को चालक और उसके भाई को आरक्षक के पद पर नौकरी लगाने का झांसा दिया था।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि प्रार्थिया खोमिन ध्रुवे (36 वर्ष) निवासी आर्यनगर, कोहका ने चौकी स्मृतिनगर थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वर्ष 2024 में आरोपी तोपचंद धनकर ने उसके पति अश्वनी कुमार ध्रुवे को चालक के पद पर तथा उसके भाई रितेश ठाकुर को आरक्षक के पद पर पुलिस विभाग में शासकीय नौकरी लगाने का झांसा दिया गया।

आरोपी नौकरी लगाने के नाम पर प्रार्थिया से कुल 14,00,001 छलपूर्वक प्राप्त कर धोखाधड़ी की। रिपोर्ट पर चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला में धारा 318 (4) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। विवेचना के दौरान आरोपी तोपचंद धनकर के पूर्व में थाना नेवई में धोखाधड़ी के प्रकरण में संलिप्त होने तथा उसके विरुद्ध दो स्थाई वारंट जारी होने की जानकारी प्राप्त हुई।

आरोपी लगातार फरार चल रहा था। चौकी स्मृतिनगर पुलिस आरोपी की लगातार तलाश करते हुए उसके संभावित ठिकाने की जानकारी प्राप्त की तथा टीम ने उरला रायपुर से आरोपी को अभिरक्षा में लिया । पूछताछ में आरोपी ने घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने पर घटना में प्रयुक्त मोबाइल एवं संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर स्थाई वारंटों की तामीली की गई तथा वर्तमान अपराध में न्यायिक रिमाण्ड के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।

इकरारशुदा मकान दूसरे को बेचने वाला गिरफ्तार

भिलाईनगर। 50 लाख रुपए लेकर इकरारशुदा मकान दूसरे व्यक्ति को बेचने के आरोप में सुपेला पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में नोटराईज विक्रय इकरारनामा, भुगतान संबंधी दस्तावेज एवं अन्य तथ्यों की जांच कर पुलिस द्वारा साक्ष्य संकलित करने के बाद कार्रवाई की है।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि प्रार्थीगण सुंदर लाल पटेल, श्रीनिवास मिश्रा, छत्रपति सिंह एवं शिवशंकर यादव ने थाना सुपेला में प्रस्तुत आवेदन के अनुसार आरोपी इन्द्रजीत सिंह से प्लाट नंबर 08, ब्लॉक नंबर 23, वार्ड क्रमांक 25, जवाहर नगर आवासीय योजना सुपेला स्थित मकान का कुल 55 लाख रुपए में क्रय- विक्रय का सौदा 26 नवंबर 2024 को किया गया था।

सौदे के अनुसार आवेदकगणों ने 26 से 27 नवंबर 2024 को कुल 09 चेकों के माध्यम से आरोपी को 50 लाख रुपए एडवांस राशि का भुगतान किया गया। इसके संबंध में 28 नवंबर 2024 को 50 रुपये के स्टाम्प पेपर पर नोटराइज विक्रय इकरारनामा भी निष्पादित किया गया था।

आवेदन की जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने इकरारशुदा मकान को बाद में 17 अप्रैल 2026 को 44, 26,000 रुपए में विशाल सिंह को विक्रय कर दिया गया। साथ ही मूल विक्रय विलेख के संबंध में 3 अक्टूबर 2025 को थाना छावनी में उसके गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की जानकारी भी जांच में सामने आई।

थाना सुपेला पुलिस ने प्रार्थीगण के कथन दर्ज किए गए। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा उनके कब्जे से मूल विक्रय इकरारनामा जप्त कर दस्तावेजी साक्ष्य संकलित किए गए। आरोपी से पूछताछ में उसने प्रार्थीगण से 50 लाख रुपये प्राप्त करना तथा उक्त संपत्ति को अन्य व्यक्ति को विक्रय करना बताया गया।

प्राप्त राशि को ग्राम हथखोज स्थित स्वयं की लोहे के बोल्ट एवं लोहे की कील निर्माण फैक्ट्री में निवेश करना बताया गया। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी इन्द्रजीत सिंह को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर न्यायालय भेजा गया है।

नशे में स्कूल बस चलाते मिले 2 चालक, दोनों बसें जब्त

भिलाईनगर। यातायात पुलिस द्वारा जांच के दौरान दो स्कूल की बसों के चालकों को शराब का सेवन करना पाया गया। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों स्कूल बसों को जब्त कर संबंधित चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय भेजा गया। इसी अभियान के दौरान एक अन्य भारी वाहन चालक को भी नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने पर उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की है।

पं. प्रदीप मिश्रा की कथा के दौरान 7 दोपहिया पार

भिलाईनगर। जयंती स्टेडियम में 17 से 23 अगस्त तक हुई सीहोर वाले पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा में रोज हजारों श्रद्धालु पहुंचे। भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने कथा स्थल के आसपास खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाया। सात दिन में 7 वाहन चोरी होने की शिकायतें पुलिस तक पहुंची हैं। इनमें 5 बाइक और 2 स्कूटी शामिल हैं। इनकी कीमत करीब 1 लाख 38 हजार है।

मिली जानकारी के अनुसार 20 अगस्त को टी. चंदु राव पत्नी के साथ कथा सुनने पहुंचे थे। सुबह करीब 11 बजे होंडा बाइक पार्किंग में खड़ी कर पंडाल में चले गए। दोपहर 3 बजे लौटे तो बाइक गायब थी। 22 अगस्त को शंकर लाल और दर्शन लाल की बाइक चोरी हुई। शंकर लाल ने दोपहर 1 बजे हीरो पैशन प्रो एसपीए रोड के किनारे खड़ी की थी। शाम 5 बजे लौटे तो बाइक नहीं मिली। इसी दिन दर्शन लाल की हीरो पैशन प्रो भी चोरी हो गई।

वहीं देव कुमार साहू होंडा डियो स्कूटी से कथा स्थल पहुंचे थे। रात करीब 9 बजे स्कूटी खड़ी कर पंडाल में गए। करीब 15 मिनट बाद वापस लौटे तो स्कूटी गायब थी। इसी तरह आशीष चंदेल पिता के नाम दर्ज स्प्लेंडर प्लस से कथा सुनने पहुंचे थे। सुबह 10.30 बजे हैलीपैड के पास बाइक खड़ी की थी।

शाम 4 बजे लौटे तो बाइक गायब मिली। वहीं ज्योति साहू 20 अगस्त को मां के साथ एक्टिवा से कथा सुनने आई थीं। गणेश द्वार के पास स्कूटी खड़ी कर वे पंडाल में चली गईं। अगले दिन शाम करीब 5 बजे लौटने पर स्कूटी नहीं मिली। डिक्की में आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य दस्तावेज भी रखे थे। एक अन्य मामले में चुम्मन लाल देवांगन साले के नाम दर्ज स्प्लेंडर प्लस से कथा सुनने पहुंचे थे।

स्कूल के मध्याह्न भोजन में छिपकली मिलने से मचा हड़कंप

राजनांदगांव। लखोली स्थित पूर्व माध्यमिक शाला में मध्यान्ह भोजन में छिपकली मिलाए जाने की खबर से हड़कंप मच गया है। बच्चों ने आरोप लगाया कि मध्यान भोजन में जानबूझकर एक शिक्षिका द्वारा छिपकली डलवाया गया। भोजन में छिपकली मिलने के बाद बच्चों में नाराजगी देखने को मिली, वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पालकों में भी आक्रोश देखने को मिला।

इस घटना पर स्कूल शाला समिति की अध्यक्ष ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की है। स्कूली बच्चों की शिकायत पर उन्होंने स्कूल के शिक्षकों बैठक भी ली है। वहीं जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी में इस घटना की जांच कर रहे हैं। इस घटना के संबंध में शिक्षिका का भी कहना है कि मुझ पर जानबूझकर आप मड़ा जा रहा है।

स्कूल के बच्चों द्वारा बताया जा रहा है। कि जुलाई माह के अंतिम सप्ताह में बच्चों को परोसे जाने वाले मध्यान्ह भोजन में छिपकली मिलवाई गई थी। इसके बाद मध्यान भोजन को लेकर बच्चों में भय और असंतोष की स्थिति बन गई थी। पालकों ने स्कूल में बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मध्यान्ह भोजन में छिपकली डाले जाने का आरोप भी एक शिक्षिका पर लगाया जा रहा है। लेकिन वह शिक्षिका इस घटना को निराधार बता रही है। उनका कहना है कि मुझे जानबूझकर फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।

शिक्षकों की हड़ताल से बिगड़ी अध्यापन व्यवस्था

राजनांदगांव। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का आंदोलन तेज हो गया है। राजनांदगांव जिले में भी सैकड़ों शिक्षक अनिश्चितकालीन आंदोलन में शामिल होकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं। शिक्षकों के हड़ताल में होने के कारण आज राजनांदगांव जिला मुख्यालय से लेकर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी शालाओं में शिक्षकों की कम उपस्थिति देखने को मिली है।

शिक्षकों के आंदोलन के चलते शासकीय स्कूलों में अध्यापन व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने के कारण आज शालाओं में अव्यवस्था भी नजर आई। शिक्षकों का कहना है कि लंबे समय से शासकीय स्कूलों में सेवाएं दे रहे शिक्षकों पर अब पदोन्नति के लिए टीईटी की अनिवार्यता लागू किया जाना उचित नहीं है। इसे लेकर शिक्षकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि नियुक्ति के समय टीईटी की ऐसी बाध्यता नहीं थी, इसलिए सेवारत शिक्षकों को इससे राहत और सेवा सुरक्षा दी जानी चाहिए।

प्रांतीय संगठन के आह्वान पर राजनांदगांव जिले में भी शिक्षकों द्वारा अनिश्चितकालीन आंदोलन छेड़ दिया गया है। शिक्षकों के आंदोलन में शामिल होने से शिक्षकीय कार्य पर असर देखने को मिल रहा है। शिक्षकों के आंदोलन के कारण स्कूलों में नियमित कक्षाएं प्रभावित होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी असर पड़ने की चिंता बढ़ गई है। शिक्षकों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है। बहरहाल पहले दिन से ही शासकीय स्कूलों में स्थिति बदहाल नजर आने लगी है।

प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या

राजनांदगांव। पुलिस चौकी चिचोला ने ग्राम महाराजपुर के पास हुए अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी और हत्या के बाद घटना को हादसा दिखाने का प्रयास किया गया।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम रामपुर निवासी ओमप्रकाश साहू ने चौकी चिचोला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका भाई प्रेमलाल साहू 10 अगस्त की शाम करीब 7 से 9 बजे के बीच ग्राम महाराजपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास एनएच-53 के किनारे गड्ढे में घायल अवस्था में पड़ा है। उसके मुंह, नाक और माथे पर चोट के निशान थे तथा खून बह रहा था। मृतक के दाहिने हाथ की उंगली के पास एक बड़ा मुरूम का पत्थर पड़ा था, जिस पर खून लगा हुआ था।

संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को देखते हुए पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटना के सभी संभावित पहलुओं की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान गवाहों और परिजनों से पूछताछ के साथ मोबाइल सीडीआर एवं लोकेशन की भी पड़ताल की गई। जांच के आधार पर ग्राम पटपर निवासी नरबद साहू उम्र 40 वर्ष और मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू उम्र 27 वर्ष को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस के अनुसार कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने प्रेमलाल साहू की हत्या में संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों ने कथित तौर पर प्रेमलाल के सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या की थी। इसके बाद घटना को हादसा बताने की कोशिश की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस द्वारा हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m