भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र में ब्लू डस्ट की आड़ में 250 टन लोहा स्कैप चोरी के मामले में बुधवार को एक और फरार आरोपी को पुरानी भिलाई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक कुल 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि प्रकरण में पूर्व में 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। विवेचना के दौरान फरार आरोपियों की सतत तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में एक अन्य फरार आरोपी तेजराम निषाद उर्फ दद्दू (35 वर्ष) निवासी जेवरा सिरसा को पुलिस टीम द्वारा चिन्हांकित कर हिरासत में लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार किए जाने पर विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। प्रकरण में अब तक कुल 13 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। मामले की विवेचना एवं अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
बीएसपी ने आईएनएस दूनागिरी, अग्रय और संशोधक के लिए रक्षा-ग्रेड स्टील की आपूर्ति की
भिलाईनगर। बीएसपी सहित सेल की अन्य यूनिटों ने भारतीय नौसेना के हाल ही में कमीशन किए गए तीन अत्याधुनिक जहाजों उन्नत स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस दूनागिरी, एंटी-सबमरीन वारफेयर शैलों वॉटर क्राफ्ट आईएनएस अग्रय, और सर्वेक्षण पोत (लार्ज) आईएनएस संशोधक के निर्माण के लिए विशेष स्टील की अकेले आपूर्ति करके देश की नौसैनिक क्षमताओं को मजबूत करने में एक बार फिर से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन तीनों उन्नत जहाजों को 21 जून को कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट पर आयोजित एक ऐतिहासिक समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा औपचारिक रूप से भारतीय नौसेना में शामिल (कमिशन) किया गया।
बीएसपी सहित सेल की तीन यनिटों ने इन तीनों अत्याधुनिक जहाजों के लिए विशेष गुणवत्ता की डी एमआर 249 ए ग्रेड हॉट रोल्ड शीट और प्लेट की सप्लाई की है। कंपनी ने इस डिफेंस ग्रेड स्टील का उत्पादन और आपूर्ति अपने भिलाई, बोकारो और राउरकेला इस्पात संयंत्रों के जरिये बेहद ही सावधानीपूर्वक किया है, जो इस बात का प्रमाण है कि सेल के पास देश की समुद्री सुरक्षा की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए बेहतरीन और आधुनिक तकनीकी क्षमता है।
सेल देश के आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया अभियानों को लगातार आगे बढ़ा रहा है। सेल के शानदार ट्रैक रिकॉर्ड में ऐतिहासिक स्वदेशी विमान वाहक आईएनएस विक्रांत के साथ-साथ विशिष्ट प्रोजेक्ट 17 ए स्टील्थ फ्रिगेट्स – आईएनएस नीलगिरि, आईएनएस हिमगिरि और आईएनएस उदयगिरि के लिए स्टील की आपूर्ति शामिल है। इसके अलावा, सेल का विशेष स्टील आईएनएस अजय, आईएनएस निस्तार और आईएनएस अंजदीप जैसे शक्तिशाली जहाजों की रीढ़ है।
इन उन्नत युद्धपोतों का सफल समावेश भारत की समुद्री संप्रभुता और क्षमताओं में एक निर्णायक मील का पत्थर है। सेल अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार पंडा ने कहा कि भारत के रक्षा क्षेत्र के एक प्रमुख भागीदार के रूप में, सेल देश की आत्मनिर्भरता की जरूरतों के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
जिले के सभी कोचिंग सेंटरों में होगा फायर ऑडिट
भिलाईनगर। लखनऊ के कोचिंग सेंटर में लगी आग की घटना को देखते हुए दुर्ग जिले में संचालित सभी कोचिंग सेंटरों का फायर ऑडिट कराया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने जिला सेनानी, नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
जिला सेनानी, नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं दुर्ग को भेजे पत्र में कहा गया है कि लखनऊ के कोचिंग सेंटर में लगी आग की घटना को ध्यान में रखते हुए जिला दुर्ग में संचालित कोचिंग सेंटरों का भ्रमण कर फायर से संबंधित यंत्रों का अवलोकन किया जाए।
फायर ऑडिट कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए जाएंगे ताकि लखनऊ में घटित घटना जैसे हालातों से निपटा जा सके। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिला दुर्ग में स्थित सभी कोचिंग सेंटरों में फायर ऑडिट सुनिश्चित करने को कहा है। अग्निशमन विभाग की टीम जल्द ही कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण कर फायर उपकरण, निकास व्यवस्था, इमरजेंसी अलार्म सहित अन्य सुरक्षा मानकों की जांच करेगी।
मानक पूरे नहीं करने वाले कोचिंग सेंटरों पर कार्रवाई भी हो सकती है। कोचिंग सेंटर के साथ ही इन पर भी हो निगरानी भोजू-भिलाई नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने कहा कि कोचिंग संस्थान के साथ ही साथ भिलाई नगर निगम क्षेत्र में स्कूल, कॉलेज, हॉस्पिटल, कोचिंग सेंटर, होटल व लॉज का भी फायर ऑडिट होना चाहिए।
सेक्टर-9 अस्पताल का निजीकरण किसी हाल में नहीं होने देंगे – बीएकेएस
भिलाईनगर। सेक्टर 9 अस्पताल के निजीकरण तथा कर्मचारियों के मुद्दे पर बीएसपी कर्मचारी 29 जून को ब्लैक बैज लगाएंगे। 30 जून को सेक्टर 9 अस्पताल के सामने यूनियन का प्रदर्शन आयोजित होगा। बीएसपी अनाधिशासी कर्मचारी संघ ने निदेशक प्रभारी भिलाई इस्पात संयंत्र सहित सेल से जुड़े सभी स्टेक होल्डरों को पत्र लिखकर सेक्टर 9 अस्पताल के निजीकरण के विरुद्ध बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी है। जिसकी शुरुआत में यूनियन द्वारा 30 जून को जेएलएन अस्पताल सेक्टर 9 के सामने प्रदर्शन कर किया जायेगा।
जेएलएन अस्पताल एंड रिसर्च अनुसंधान, भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों, उनके आश्रितों के लिए एक जीवन रेखा है । किसी भी सरकारी संस्थान का पूर्व में किया गया निजीकरण का अनुभव बेहद खराब रहा है । उदाहरण के रुप में बीएसपी के जमीन / भवनों में संचालित निजी विद्यालयों के कारण धीरे धीरे बीएसपी द्वारा संचालित सभी विद्यालय या तो बंद कर दिया गया है या बेहद खराब हालत में संचालित किया जा रहा है। जिसके कारण बीएसपी कर्मियों को महंगे शिक्षा शुल्क देकर, बच्चों को पढ़ाना पर रहा है।
वैसे ही अगर जेएलएन हॉस्पिटल एंड रिसर्च अनुसंधान, भिलाई का निजीकरण होता है तो शिक्षा के बाद सभी स्वास्थ्य सेवा महंगी हो जायेगी तथा उपचार की गुणवत्ता भी खराब हो जाएगा। एक समय जेएलएन हॉस्पिटल एंड रिसर्च अनुसंधान भिलाई सहित पूरे छत्तीसगढ़ तथा मध्य भारत में अपनी सेवाओं, चिकित्सा की गुणवत्ता के लिए नम्बर एक संस्थान के रुप में जाना जाता था। वहीं गलत प्रबंधन तथा नीति के कारण धीरे धीरे उक्त अस्पताल की गुणवत्ता में कमी आई है, जिसे कभी भी अच्छे प्रबंधन / नीतियों में सुधार कर सुधारा जा सकता है।
जेएलएन हॉस्पिटल एंड रिसर्च अनुसंधान, भिलाई के निजीकरण के विरुद्ध यूनियन के सभी पदाधिकारी और भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारी विरोध प्रदर्शन करेंगे। 29 जून को शाम 6 बजे सुबह से 30 जून को 10 बजे रात तक बीएसपी कर्मचारी सभी विभागों में ब्लैक बैज लगाकर कार्य करेंगे । 30 जून को जेएलएन हॉस्पिटल एंड रिसर्च अनुसंधान, भिलाई के सामने संध्या 6.15 बजे से 7.30 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से विराट विरोध प्रदर्शन करेंगे।
सेल या उसकी यूनिट किसी की पैतृक सम्पत्ति नहीं
बीएकेएस भिलाई अध्यक्ष अमर सिंह ने कहा कि सेल या उसकी यूनिट किसी की पैतृक सम्पत्ति नहीं है, बल्कि राष्ट्र के लाखों करोड़ों करदाताओं तथा नागरिकों की सम्पत्ति है। कर्मचारियों से जुड़े 40 से अधिक मुद्दे पेडिंग है। परंतु सेल मैनेजमेंट मुद्दे हल करने की जगह कर्मचारियों की जिंदगी बर्बाद करने पर ध्यान लगाए हुए है।
सेक्टर-6 मार्केट चौक के आसपास से हटाया गया कब्जा
भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रवर्तन विभाग द्वारा टाउनशिप की स्वच्छता, यातायात सुगमता एवं सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनाधिकृत कब्जों एवं अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सेक्टर-6 मार्केट चौक तथा आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान सेक्टर-6 मार्केट चौक के समीप सड़क किनारे सामग्री फैलाकर व्यवसाय संचालित करने वाले व्यक्तियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। इस दौरान छह अस्थायी शेड भी हटाए गए। संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में सड़क तक सामग्री न फैलाने तथा सार्वजनिक मार्गों को बाधित न करने की चेतावनी दी गई।
स्ट्रीट- एवेन्यू सी स्थित अनफिट ब्लॉक में अवैध रूप से कब्जा कर रहने वाले व्यक्तियों के कारण मार्ग संकरा होने की स्थिति का भी संज्ञान लिया गया। इसी क्रम में सेंट्रल एवेन्यू से सेक्टर-6 मार्केट जाने वाले मार्ग तथा चौक क्षेत्र में दिन के समय ठेले खड़े छोड़ने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई तथा ठेले हटवाए गए। अभियान में प्रवर्तन विभाग के उप प्रबंधक मुकुंद दास मानिकपुरी, सहायक प्रबंधक देवानंद चौहान, संपदा निरीक्षक अजय मिश्रा, राममूर्ति, भगवान तथा राम सहित महिला एवं पुरुष सुरक्षा कर्मियों की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही।
23 एकड़ शासकीय भूमि को किया अतिक्रमण मुक्त
धमधा। ग्राम दारगांव में प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 23 एकड़ शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। पांच जेसीबी मशीनों की मदद से वर्षों से किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।
शासकीय भूमि पर लंबे समय से अतिक्रमण का मामला लंबित था। तहसीलदार मीना साहू ने कई बार बेदखली आदेश एवं नोटिस जारी किए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया जा सका। इसके चलते अतिक्रमणकारियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे थे।
दारगांव से जुड़े अतिक्रमण प्रकरणों को लेकर धमधा तहसील में दर्ज कई मामलों में बेदखली आदेश जारी होने के बावजूद लंबे समय तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो पाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि आदेशों के क्रियान्वयन में देरी के कारण अतिक्रमणकारियों को बढ़ावा मिला। इसी बीच हल्का क्षेत्र की जिम्मेदारी नायब तहसीलदार योगेश राजपूत को सौंपे जाने के बाद प्रशासनिक सक्रियता बढ़ी और ताबड़तोड़ कार्रवाई देखने को मिली।
उनके नेतृत्व में चलाए गए अभियान में पांच जेसीबी मशीनों ने एक साथ मोर्चा संभालते हुए अवैध कब्जों को हटाया। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग का अमला, अधिकारी एवं कर्मचारी मौके में मौजूद रहे। यह संपूर्ण कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) धमधा के निर्देशन में हुई। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही ।
ग्रामीणों का कहना है कि आज भी कई शासकीय जमीनों पर अतिक्रमण बना हुआ है । कहीं शासकीय भूमि पर प्राइवेट स्कूल भवन तो कहीं ईंट भट्ठों का संचालन किया जा रहा है। ऐसे कई प्रकरण अतिक्रमण हटाने के संबंध में न्यायालय में विचाराधीन बताए जाते हैं, जिसके कारण उन पर अंतिम कार्रवाई होना बाकी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष शासकीय भूमि को भी अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि सरकारी जमीनों का उपयोग जनहित, चरागाह एवं विकास कार्यों के लिए किया जा सके।
शादी करने का झांसा देकर महिला से 6 लाख की धोखाधड़ी
दुर्ग। रायपुर निवासी आरोपी द्वारा पीड़िता को शादी का झांसा देकर एवं उसका स्थानांतरण करा दिए जाने का झांसा देकर 600000 रुपए की धोखाधड़ी की गई। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318 (4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता शासकीय शाला में पदस्थ है। उसके पति का 2024 को स्वर्गवास हो गया है। 23 मई 2026 को जीवनसाथी एप के माध्यम से एक मोबाइल धारक अर्जुन कसेर नामक व्यक्ति से उसकी मोबाइल पर बातचीत हुई। अर्जुन कसेर ने कहा कि मैं भी तलाकशुदा हूं और सिंचाई विभाग में क्लर्क के पद पर नौकरी करता हूं। मैं भी दूसरी शादी करना चाहता हूं। आप मेरे से शादी करोगी क्या। इसके बाद लगातार अर्जुन कसेर पीड़िता को फोन करके बार-बार झांसा देने लगा कि तुम्हारा स्थानांतरण शासकीय प्राथमिक शाला नवागांव पुरदा से रायपुर के आसपास 15 किलोमीटर के दायरे में करवा दूंगा। 7 लाख रुपए लगेगा और तुम्हारा स्थानांतरण हो जाएगा।
अर्जुन ने कहा कि किसी भी तरह उसे 6 लाख रुपए दे दो, एक लाख में स्वयं मिलाकर तुम्हारा स्थानांतरण धमधा से रायपुर के आसपास हो जाएगा। इसके बाद में तुमसे शादी कर लूंगा और दोनों पति-पत्नी की तरह रहेंगे। पीड़िता सुषमा ठाकुर ने पैसे दे दिए। बाद में शंका होने पर पीड़िता ने अर्जुन कसेर को मोबाइल पर कॉल कर पैसा लौटाने की मांग की. इस पर आरोपी टालमटोल करता रहा।
अटल आवास व हाऊसिंग बोर्ड में मकान दिलाने के नाम पर 8 लाख रुपए की ठगी
राजनांदगांव। अटल आवास हाउसिंग बोर्ड में मकान दिलाने के नाम पर लगभग 8 लाख रुपए की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने स्वयं को नगर निगम राजनांदगांव का कर्मचारी बता कर लोगों को झांसा दिया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी का नाम योगेश्वर पाण्डे उर्फ सोनू पाण्डे पिता स्व. सुरेश पाण्डे उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम मोहतरा थाना लोरमी जिला मुंगेली, हाल पता इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी डी.डी. नगर जिला रायपुर बताया जाता है।
धोखाधड़ी के इस प्रकरण में प्रार्थी ईशनिवय सिंह पिता जोगेन्द्र सिंह परिहार द्वारा थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि माह दिसम्बर 2024 में वह अपने मित्र प्रकाश कौशिक के साथ अटल आवास / हाउसिंग बोर्ड योजना के अंतर्गत मकान प्राप्त करने संबंधी जानकारी लेने नगर निगम राजनांदगांव गए थे। इस दौरान उनकी मुलाकात योगेश्वर पाण्डे नामक व्यक्ति से हुई, जिसने स्वयं को नगर निगम राजनांदगांव का बाबू बताते हुए अटल आवास एवं हाउसिंग बोर्ड में मकान दिलाने का भरोसा दिलाया।
आरोपी ने स्वयं की अधिकारियों एवं नेताओं से अच्छी पहचान होना बताते हुए प्रार्थी एवं अन्य लोगों को विश्वास में लिया तथा निर्माणाधीन मकानों का निरीक्षण कराकर उन्हें योजना का लाभ दिलाने का झांसा दिया। इस प्रकार आरोपी ने कई लोगों से कुल 8 लाख 17 हजार रुपये प्राप्त कर धोखाधड़ी की। रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में धारा 318 ( 4 ) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में आरोपी की गिरफ्तारी हेतु गठित विशेष टीम द्वारा लगातार पतासाजी एवं संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी योगेश्वर पाण्डे उर्फ सोनू पाण्डे को रायपुर से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया, जिसके पश्चात उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
परिक्रमा पथ का निर्माण निरस्त कर बाईपास निर्माण शुरू करने की मांग
डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ शहर में निर्माणाधीन परिक्रमा पथ का विरोध करते हुए कांग्रेस पार्टी एवं शहरवासियों ने इसे अनुपयोगी बताते हुए निर्माण कार्य निरस्त करने की मांग की है। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव के महामंत्री विजयराज सिंह ने मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन सहित संबंधित विभागों को ज्ञापन सौंपकर शहर की यातायात समस्या के समाधान के लिए बाईपास निर्माण शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि परिक्रमा पथ निर्माण का उद्देश्य धार्मिक स्थलों को आपस में जोड़ना बताया जा रहा है, जबकि वर्तमान में सभी प्रमुख धार्मिक स्थल पहले से ही सड़कों से जुड़े हुए हैं। ऐसे में इस निर्माण से शहर को प्रत्यक्ष लाभ नहीं मिलेगा। वहीं निर्माण कार्य के चलते कृषि भूमि प्रभावित होने और कई लोगों को आर्थिक नुकसान होने की बात कही गई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शहर की वास्तविक आवश्यकता बाईपास निर्माण है, लेकिन वर्षों से बाईपास की मांग के बावजूद यह कार्य केवल कागजों तक सीमित रह गया है।
शहर के मध्य से लगातार भारी वाहनों का आवागमन बढ़ने से यातायात दबाव बढ़ गया है, जिसके कारण दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है। ज्ञापन में शहर के अंदर भारी वाहनों के प्रवेश पर सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंध लगाने, तथा इंडेन गैस एजेंसी के सामने, हाई स्कूल चौक और थाना चौक पर स्थायी ट्रैफिक पुलिस व्यवस्था करने की मांग भी रखी गई है।
कांग्रेस ने प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए चेतावनी दी है कि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने पर आगामी 30 जून को डोंगरगढ़ के मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर आंदोलन किया जाएगा। आंदोलन की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन कमेटी सौंपने वालों में जिला कांग्रेस महामंत्री विजयराज सिंह सहित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं शहर के नागरिक शामिल रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

