भिलाईनगर। नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा द्वारा लगाए गए 18% ब्याज की अवैध वसूली के आरोप को अब दस्तावेजों से बल मिल गया है। नगर निगम भिलाई के संपत्तिकर विभाग का बिल सामने आया है।
हितग्राही का नाम उमेश विश्वकर्मा, हरिराम विश्वकर्मा पांच रस्ता सुपेला के संपत्ति संख्या – 1050600129, वार्ड क्र. 17, उपयोग व्यवसायिक है। वर्ष 2025 2026 का ब्रेकअप है। संपत्तिकर 26,098.00 रुपए, शिक्षा कर 2,610.00 रुपए, समेकित कर + प्रपत्र 600 + 10 रुपए, पेनल चार्ज + कुल जुर्माना + अन्तर की राशि – 1000+ 5455+0= 6,455 रुपए, वसूली राशि इस मद में – 35,773.00 रुपए, पिछले बकाया के रूप में 44,500.00 रुपए, ठोस अपशिष्ट उपयोगकर्ता शुल्क जीरो, बिल में नहीं जोड़ा गया, लेकिन राजपत्र के अनुसार अलग से लेना है। कुल वसूली 80,273.00 रुपए की गई है। बिल के नीचे लिखा है चालू वित्तीय वर्ष की देय राशि 31.03.2027 तक जमा नहीं करने पर 18% अधिभार और 1000 रु शास्ति अतिरिक्त देय होगी।

यही है विवाद का जड़
नियम के अनुसार 18% अधिभार केवल संपत्तिकर (26,098 रु) पर लगना चाहिए, जो करीब 4,697 रुपए बनता है, लेकिन निगम ने समेकित कर, प्रपत्र शुल्क, शिक्षा उपकर और यूजर चार्ज की पूरी राशि पर भी 5,455 रु बतौर अन्तर की राशि वसूल ली है। यानी ब्याज को अन्य करों में जोड़ दिया गया है। नेता प्रतिपक्ष का कहना है कि इसी तरह 1.04 लाख करदाताओं से करोड़ों की ज्यादा वसूली हुई है।
राजपत्र में नहीं लिखा 18% अधिकार लेना
राजपत्र में साफ है कि उपभोक्ता प्रभार की वसूली नगर पालिक निगम अधिनियम के अध्याय बारह के तहत बकाया के रूप में होगी, लेकिन उस पर 18% संपत्ति कर जैसा ब्याज लगाने का कोई प्रावधान नहीं है। तो फिर 18% क्यों?
केवल संपत्ति कर में लगेगा अधिकार – दोहरे
संपत्ति कर अधिकारी राजेंद्र कुमार दोहरे ने स्वयं नेता प्रतिपक्ष से चर्चा में माना था कि ब्याज केवल संपत्ति कर पर लगेगा, अन्य करों पर नहीं। इसके बावजूद बिल में पेनल चार्ज, कुल जुर्माना, अन्तर के नाम पर पूरे टोटल पर ब्याज जोड़कर बिल 80 हजार पहुंचा दिया गया।
भिलाई निगम में 7 रिक्त पदों पर होगी सीधी भर्ती
भिलाईनगर। राज्य शासन ने भिलाई नगर निगम में सीधी भर्ती के तहत 7 पद स्वीकृत किए हैं जिसकी स्वीकृति वित्त विभाग ने दे दी है । प्रदेश भर के निकायों में कल 85 पद सीधी भर्ती के निकाले गए हैं। रिसाली नगर निगम में 12 पद एवं भिलाई चरोदा में एक पद स्वीकृत हुए हैं।
इसी तरह प्रदेश के नगर निगमों में 85 पदों पर सीधी भर्ती होगी। प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। छत्तीसगढ़ शासन नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने नगर पालिक निगमों में रिक्त पदों पर सीधी भर्ती का रास्ता खोल दिया है। उप सचिव भागवत जायसवाल द्वारा 85 पदों पर सीधी भर्ती की सहमति दी है। किन पदों पर होगी भर्ती – राजस्व निरीक्षक 10 पद, सहायक राजस्व निरीक्षक 30 पद, सहायक वर्ग 3 मे 25 पद, उप अभियंता 20 पद इस तरह 85 पद की स्वीकृति मिल गई है।
दुर्ग संभाग की स्थिति – रायपुर में सबसे ज्यादा 22 पद ( राजस्व निरीक्षक 3, सहायक राजस्व निरीक्षक 10, सहायक वर्ग 03 – 5, उप अभियंता 4, भिलाई में 7 पद सहायक वर्ग 03 के 5 पद, उप अभियंता के 2 पद, रिसाली- 12 पद राजस्व निरीक्षक 1, सहायक राजस्व निरीक्षक 3, सहायक वर्ग 03 के 4 उप अभियंता 4, भिलाई- चरोदा 1 पद राजस्व निरीक्षक 1 पद है।
ऑटो में बैठी महिला के पर्स से सोने के जेवरात गायब
दुर्ग। उतई ऑटो स्टैंड से अपने घर बोरसी जाने के लिए ऑटो में सवार हुई महिला के पर्स से अज्ञात आरोपी ने सोने के जेवरात की चोरी कर ली। प्रार्थिया की शिकायत पर पद्मनाभपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303 (2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थिया गृहणी है और वह धमतरी अपने मायके राखी बांधने गई हुई थी।
28 अगस्त की दोपहर को 3.30 बजे वह धमतरी से वापस आई। घर आने के लिए उसने उतई ऑटो स्टैंड से घर बोरसी जाने के लिए ऑटो में सवार हुई थी। उसके साथ आटो में तीन महिलाएं और बैठी थी। दो कसारीडीह साईं मंदिर के पास उतर गई एक खम्हरिया जाने के लिए निकल गई थी।
प्रार्थिया भी बोरसी में उतरकर अपने घर चली गई। घर जाकर देखी तो उसके पर्स में रखे हुए एक एक नग सोने का रानी हार, एक नग सोने का टॉप्स, एक नग सोने का सुई धागा, एक नग सोने का पेंडल, एक जोड़ी जुड़ा सोने का दाना लगा हुआ गायब था । प्रार्थिया को शक है कि ऑटो में सवार किसी महिला ने उसके पर्स से जेवरात की चोरी की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
झोलाछाप डॉक्टर के क्लीनिक में मिला एक्सपायरी दवाइयों का जखीरा
छुरिया। झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ की गई शिकायत पर एसडीएम की कार्यवाही में सनसनीखेज खुलासा हुआ । झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक में छापा मारने के दौरान एक्सपायरी दवाईयों का जखीरा बरामद हुआ जिसमें बच्चों को दी जाने वाली दवाईयाँ भी शामिल है । इस सनसनीखेज खुलासे के बाद टीम ने झोलाछाप डॉक्टर के क्लीनिक एवं मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है ।
ब्लाक मुख्यालय छुरिया में लंबे समय से बिना वैध अनुज्ञा लाइसेंस के चिकित्सा कार्य करने वाले झोलाछाप डॉक्टर क्लिनिक खोलकर क्षेत्र के मरीजों का ईलाज कर रहा था । जिसकी शिकायत पर राजस्व अमला एवं स्वास्थ्य विभाग ने उक्त क्लिनिक में दबिश दी। जहां अनिकेत साहू डिप्टी कलेक्टर एसडीएम डोंगरगांव एवं उमेश भगत बीएमओ ने जांच के दौरान क्लिनिक में मरीजों का उपचार कर रहे डॉ० उज्जवल विश्वास उर्फ पीकू से डिग्रियां एवं दस्तावेज की मांग की गई । जिस पर वे गोलमाल जवाब देते नजर आए ।
संदेह होने पर क्लिनिक की जांच की गई जहां बेड, ऑपरेशन करने प्रयुक्त उपकरण सहित बीपी की दवाईयां, बच्चों को दी जाने वाली कॅफ सिरफ दवाइयां, इंजेक्शन बड़ी मात्रा में सभी दवाईयां एक्सपायरी पायी गई । जिसे जब्त कर क्लिनिक एवं मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया है।
विकासखण्ड में डेढ़ सौ झोलाछाप डॉक्टर सक्रिय
विभागीय जानकारी अनुसार विकासखण्ड छुरिया में लगभग डेढ़ सौ झोलाछाप डॉक्टर सक्रिय है । जिसकी सूची भी विभाग के पास उपलब्ध है लेकिन कार्यवाही के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है ।
मेडिकल स्टोर की आड़ में क्लीनिक
एसडीएम अनिकेत साहू के छापामार कार्यवाही में झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक के अलावा मेडिकल स्टोर का संचालन हो रहा था। जांच के दौरान मेडिकल स्टोर की आड़ में बेखौफ मरीजों का उपचार लंबे समय से किया जा रहा था। कार्यवाही के दौरान रिषीत मेडिकल स्टोर के फार्मेसी मौजूद नहीं थे । इसके साथ ही मेडिकल स्टोर में मरीजों को दी जाने वाली बहुत सी दवाईयां एक्सपायरी पायी गई।
रेलवे ट्रैक पर बैठकर रील बनाने वाला गिरफ्तार
राजनांदगांव। रेलवे ट्रैक एवं रेलवे परिसर में बैठकर सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाना तथा उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल करना न केवल जानलेवा जोखिम है, बल्कि रेलवे सुरक्षा एवं यात्री संरक्षा की दृष्टि से गंभीर अपराध भी है। ऐसे ही एक मामले में आरपीएफ थाना राजनांदगांव की टीम ने लगातार अथक प्रयास करते हुए वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान कर उसे पुणे से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
जानकारी के अनुसार, 18 अगस्त को आरपीएफ थाना राजनांदगांव में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध रेलवे ट्रैक के किनारे बैठकर सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने एवं उसे वायरल किए जाने के संबंध में मामला पंजीबद्ध कर प्रकरण विवेचना में लिया गया था। आरपीएफ निरीक्षक तरुणा साहू पोस्ट प्रभारी राजनांदगांव के नेतृत्व में टीम प्रधान आरक्षक राजेंद्र रायकवाड, प्रकाश राय सेडाम द्वारा वायरल वीडियो की बारीकी से जांच एवं लगातार पतासाजी की गई।
लगातार पतासाजी एवं स्थानीय स्तर पर जानकारी एकत्र करने के दौरान आरोपी के पुणे में कार्य करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी आरपीएफ निरीक्षक तरुणा साहू को प्राप्त हुई। प्राप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ टीम द्वारा पुणे में कार्रवाई करते हुए वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति को पुणे से पकड़ने में सफलता प्राप्त की गई। आरोपी अजय प्रजापति पिता संतोष प्रजापति उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम जगोरा वार्ड नंबर 2 थाना पिथौरा जिला महासमुंद को राजनांदगांव लाकर प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां जेल वाट प्राप्त होने पर केंद्रीय जेल रायपुर दाखिल किया गया।
पंचर दुकान में सट्टा का अवैध कारोबार, दो आरोपी पकड़ाए
राजनांदगांव। पंचर दुकान में सट्टा लिखने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है । उनके खिलाफ जुआ सट्टा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपियों के नाम रमेश वर्मा पिता हरदेव प्रसाद वर्मा उम्र 44 साल तथा निशांत बोरकर पिता अनिल बोरकर उम्र 27 साल दोनों निवासी शिवनगर थाना बसंतपुर बताए जाते हैं। पुलिस के अनुसार 1 सितंबर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति फुर्सत के पल चौक कान्हा डेरी के सामने अपने पंचर दुकान पर मोबाइल के माध्यम से सट्टा-पट्टी लिखने की सूचना पर मौके पर पहुंचकर रमेश वर्मा निवासी शिवनगर बसंतपुर एवं निशान बोरकर निवासी शिवनगर बसंतपुर को घेराबंदी कर पकड़ा।
आरोपियों के कब्जे से सट्टा पट्टी डॉट पेन नगदी रकम 14 हजार 700 रुपए दो नाग मोबाइल एवं मोटरसाइकिल जप्त कर आरोपी गणों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 405/2026 धारा छत्तीसगढ़ जीव प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7 पंजीबद कर आरोपी गण को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में पेश किया गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



