भिलाईनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला भिलाई द्वारा जिले के सभी 13 मंडलों एवं बूथ स्तर पर विभिन्न सेवा एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री के जन्मदिन को विशेष एवं यादगार बनाने के उद्देश्य से भाजपा ने व्यापक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। कार्यक्रम के तहत पूरे जिला भिलाई में लगभग 3.51 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
मुख्य आयोजन बैकुंठ धाम तालाब में 17 सितम्बर को शाम को 7 बजे होगा, जहां तालाब के चारों ओर सीढ़ियों पर लगभग 1.25 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही तालाब के मध्य पानी के ऊपर भी दीपों की आकर्षक सजावट की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान विशेष आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

इसी क्रम में भिलाई-3 पुलिस लाइन परिसर में 51 हजार दीप, अहिवारा के अटल परिसर में 21 हजार दीप तथा भाजपा जिला कार्यालय में 2100 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा जिला भिलाई के लगभग 800 बूथों पर 100-100 दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा।
भाजपा के विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठों द्वारा सेवा कार्य भी किए जाएंगे। इनमें महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ- सफाई, वृद्धजनों को भोजन वितरण, रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न जनसेवा के कार्य शामिल हैं। सेवा पखवाड़ा के जिला संयोजक वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन के नेतृत्व में सभी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
स्वच्छता ही सेवा अभियान आज से
भिलाईनगर । नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान का आयोजन 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक किया जा रहा है। 17-18 सितम्बर को स्वच्छ पाठशाला, युवा और स्वच्छता, स्वच्छता ज्ञान यात्रा, आरआरआर के तहत दान अभियान, टोल प्लास्टिक फ्री कला प्रतियोगिता एवं दीप जलाकर स्वच्छ रंगोली के माध्यम से अभियान चलाया जायेगा। 19-20 सितम्बर को चिन्हित स्थल में सफाई एवं सौंदर्यीकरण में जनप्रतिनिधियों, युवाओं, एनजीओएस, सीएसओएस की सहभागिता होगी।
ढाबा संचालक पर हमला करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। दुर्ग जिले के अंजोरा में ढाबा बंद कराने की बात को लेकर घर में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों ने पीड़ित के घर जमकर उत्पात मचाया और ढाबा बंद नहीं करने पर पीडित को जान से मारने की धमकी दी थी।
यह पूरा मामला अंजोरा चौकी के अंजोरा गांव का है, जहां 14 सितंबर की रात आरोपी चेतन खन्ना उर्फ सनी एवं उसके साथियों द्वारा ढाबा बंद करने को लेकर पीड़ित के मोबाइल पर लगातार फोन कर धमकाया गया। इसके बाद सभी आरोपी एकजुट होकर पीड़ित के किराए के मकान में जबरन घुसे और गाली-गलौज करते हुए घर के बाहर रखे सामान व लाइटिंग में तोड़फोड़ कर जमकर उत्पात मचाया।
इस पूरे घटना की शिकायत पीड़ित ने अंजोरा चौकी पुलिस से की जिसके बाद कार्रवाई करते हुए धारा 191(2), 331(6), 296, 351(3), 324(4) बी.एन.एस. के तहत कार्रवाई कर आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा। पुलिस ने 5 आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया और पुलगांव निवासी आरोपी चेतन खन्ना, धर्मपाल खन्ना, चंद्रप्रकाश खन्ना, टाटीबंध निवासी गणेश साहू, पश्चिम बंगाल निवासी निरे सुभह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा।
सेक्टर-6 का मूल्यांकन अब सीपीडब्ल्यूडी के हवाले
भिलाईनगर। बीएसपी ने सेक्टर 6 में छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के माध्यम से नए आवास बनवाने की योजना बनाई है। इसके लिए अब जमीन की कीमत का मूल्यांकन सेंट्रल पब्लिक वर्क्स डिर्पार्टमेंट (सीपीडब्ल्यूडी) से कराया जाएगा। एचडीएफसी के बाद एसबीआई से भी मूल्यांकन के प्रस्ताव को केन्द्र सरकार ने खारिज कर दिया है।
ज्ञात हो कि सेक्टर 6 के जर्जर आवासों को डिसमेंटल करने के बाद यहां करीब 58 एकड़ जमीन में हाउसिंग बोर्ड के माध्यम से नए आवास बनवाने का निर्णय लिया गया है। इसमें से कुछ आवास वर्तमान में सेवारत कार्मिकों के लिए होगा जबकि करीब 1000 आवासों को हाउसिंग बोर्ड अपना खर्च निकालने के लिए विक्रय कर सकेगा। इस संबंध में बीएसपी प्रबंधन और हाउसिंग बोर्ड के अफसरों की पूर्व में बैठक हो चुकी है। उसमें यह भी निर्णय लिया गया था कि सबसे पहले खाली जमीन की कीमत का मूल्यांकन कराया जाएगा।
इसका मूल्यांकन कराने की जिम्मेदारी एचडीएफसी को दी जानी थी। फिर बाद में इसे एसबीआई से कराने का निर्णय लिया गया। लेकिन केन्द्र सरकार ने इसका मूल्यांकन सेंट्रल पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (सीपीडब्ल्यूडी) से कराने कहा है। सीपीडब्ल्यूडी इस जमीन के मूल्यांकन के बाद क्या कीमत तय करता है। इसके आधार पर ही हाउसिंग बोर्ड से मैनेजमेंट की डीलिंग होगी। सीपीडब्ल्यूडी से मूल्यांकन के बाद तय की गई कीमत के आधार पर ही हाउसिंग बोर्ड भी जो आवास बनाएगा उसका मूल्य निर्धारित करेगा। जाहिर है कि जमीन की कीमत ज्यादा होगी तो आवासों की कीमत भी उसी अनुपात में बढ़ जाएगी।
अनफिट आवासों को जल्द खाली करने का दबाव: बीएसपी मैनेजमेंट ने अनफिट आवासों में निवासरत लीजधारियों को जल्द से जल्द खाली कर दूसरे आवास का विकल्प लेने या फिर उनका लीज निरस्त करने की चेतावनी जारी कर दी है। नगर सेवाएं विभाग की टीम लगातार अनफिट आवासों के लीजधारियों से मिलकर समझा रही है कि वे तीन माह के अंदर हर हालत में आवास खाली कर दें वर्ना उनका लीज निरस्त किया जा सकता है। इससे बड़ी संख्या में लीजधारी भी पसोपेश में हैं। उनकी मानें तो उन्हें बेहतर विकल्प नहीं दिया जा रहा है केवल आवास खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है।
इसलिए मूल्यांकन का जिम्मा सीपीडब्ल्यूडी को
दरअसल, सेंट्रल पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट यानी केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग भारत सरकार का एक प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र का निर्माण और रखरखाव प्राधिकरण है जो सार्वजनिक क्षेत्र की संपत्तियों का मूल्यांकन के साथ भवनों का निर्माण भी करता है। चूंकि स्टील अथारिटी आफ इंडिया यानी भारतीय इस्पात प्राधिकरण एक सार्वजनिक क्षेत्र की कम्पनी है इसलिए इसकी संपत्ति के मूल्यांकन की जिम्मेदारी भी केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग को देने का निर्णय लिया गया होगा।
विदेशों में एमबीए की पढ़ाई एवं नौकरी दिलाने 19 लाख की ठगी
भिलाईनगर। विदेश की विभिन्न यूनिवसिर्टियों में एमबीए प्रवेश एवं पढ़ाई के बाद नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर कुल 19 लाख रुपए की ठगी करने वाले मामले में पति-पत्नी समेत पार्टनर पर स्मृतिनगर पुलिस ने कार्रवाई की है।
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि सुमित अरमरकर निवासी सेक्टर- 01, सड़क नं.-08 ने चौकी स्मृतिनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया। रिपोर्ट के अनुसार स्मृतिनगर स्थित टॉप कैरियर कंसल्टेंसी के संचालक गगन गुप्ता उसकी पत्नी स्वाति गुप्ता एवं उनके पार्टनर जसविंदर सिंह डिगवा ने आवेदक को विदेश में एमबीए की पढ़ाई कराने तथा पढ़ाई के बाद अच्छी नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया गया।
आरोपियों ने यूनाइटेड किंगडम, यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया एवं कनाडा की विभिन्न यूनिवर्सिटियों में एमबीए में प्रवेश दिलाने तथा विदेश में नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया गया। आरोपियों के बताए बैंक खातों में आवेदक ने अलग-अलग किस्तों एवं चेक के माध्यम से कुल 19 लाख रुपए जमा किए गए।
राशि प्राप्त करने के बाद आरोपियों ने विदेश भेजने एवं नौकरी दिलाने के नाम पर लगातार आश्वासन देकर टालमटोल की गई। बाद में कनाडा की सिटीजनशिप एवं नौकरी दिलाने तथा विजिटर वीजा के माध्यम से विदेश भेजने का प्रलोभन देकर भी राशि प्राप्त की गई।
आवेदक को किर्गिस्तान भेजे जाने के बाद भी नौकरी नहीं दिलाई। इसके कारण वह भारत वापस आ गया। राशि वापस मांगने पर आरोपियों ने दो लाख रुपए राशि के तीन चेक दिए गए, जिन्हें बैंक में प्रस्तुत करने पर चेक बाउंस हो गए।
आवेदक की रिपोर्ट पर चौकी स्मृतिनगर थाना सुपेला धारा 318 ( 4 ) 3 (5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। विवेचना के दौरान चौकी स्मृतिनगर पुलिस टीम ने आरोपी गगन गुप्ता एवं जसविंदर सिंह डिगवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया गया। आरोपियों का पूर्व आपराधिक प्रकरण नहीं पाए जाने से प्रकरण में धारा 35 ( 1 ) बीएनएस के प्रावधानों का पालन करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
भिलाई में गणेश विसर्जन के लिए 15 तालाब चिन्हित
भिलाईनगर। गणेश उत्सव के मद्देनजर नगर पालिक निगम भिलाई के जन स्वास्थ्य विभाग ने गणेश विसर्जन के लिए चयनित तालाबों की सूची जारी की है। इस बार शहर के 5 जोन में कुल 15 तालाबों में ही विसर्जन की अनुमति होगी । समितियों से अपील की है कि वे अपने जोन के नजदीकी चिन्हित तालाब में ही पर्यावरण नियमों का पालन करते हुए विसर्जन करें। प्लास्टिक पूजा सामग्री माला नारियल इत्यादि को तालाब में विसर्जन कर दूषित न करें। पर्यावरण की दृष्टि से स्वच्छ तालाब रखने में समिति सहयोग करें।
यहां विसर्जन की अनुमति : जोन क्र. 1 नेहरू नगर अंतर्गत वार्ड 1 में आला बंध तालाब खम्हरिया, वार्ड 2 में स्मृति नगर तालाब, वार्ड 7 में आमा तालाब, वार्ड 11 में लिम्हा तालाब, वार्ड 13 में भेलवा तालाब, जोन क्र. 2 वैशाली नगर के अंतर्गत वार्ड 16 में शीतला तालाब सुपेला, वार्ड 22 में शीतला तालाब कुरूद, नकटा तालाब कुरूद, शिव शक्ति तालाब घासीदास नगर, वार्ड 26 में मुक्तिधाम के सामने तालाब, जोन क्र. 3 मदर टेरेसा नगर के अंतर्गत वार्ड 56 में सेक्टर 2 तालाब, जोन क्र. 4 के अंतर्गत वार्ड 40 में दर्री तालाब, जोन क्र. 5 सेक्टर 6 के वार्ड 64 में जयंती स्टेडियम तालाब, वार्ड 70 में मंगल बाजार के पास तालाब, महाकालेश्वर मंदिर के पास तालाब में विसर्जन किया जा सकेगा।
सर्वर डाउन होने से खाद्यान्न आवंटन में दिक्कत, हितग्राही काट रहे चक्कर
राजनांदगांव। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सितंबर माह का खाद्यान्न लेने पहुंच रहे हितग्राहियों को इन दिनों परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ दिनों से लगातार सर्वर में तकनीकी खराबी के कारण खाद्यान्न आवंटन और वितरण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। ऐसे उपभोक्ताओं को भी काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है। वहीं कई राशन दुकानों में लगी ई-पास मशीन भी काम नहीं कर रही है, जिसके चलते हितग्राहियों को बार-बार दुकान के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। ई- पास मशीनों में सर्वर कनेक्टिविटी सहित अन्य तकनीकी समस्याओं के कारण राशन वितरण प्रभावित होने की शिकायतें कई क्षेत्रों से सामने आ रही हैं। जिसका समाधान नहीं होने से नाराजगी भी बढ़ने लगी है।
त्योहारी सीजन के मध्य इस प्रकार की स्थिति निर्मित होने से हितग्राहियों को काफी अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार ध्यान दिलाए जाने के बाद भी व्यवस्था में सुधार नहीं होने से काफी नाराजगी भी बढ़ रही है। ज्ञात हो कि राजनांदगांव जिले में जिले में 480 से अधिक उचित मूल्य दुकानें संचालित हैं, जिनके माध्यम से लाखों राशन कार्डधारियों को चावल सहित अन्य खाद्यान्न का वितरण किया जाता है।
लेकिन इस महीने में लगातार सर्वर डाउन होने से खाद्यान्न आवंटन प्रभावित भी हो रहा है। हितग्राहियों ने मांग की है कि सर्वर और ई-पास मशीनों की तकनीकी समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि हर माह समय पर खाद्यान्न मिल सके। सितंबर महीने में अधिकांश राशन दुकानों यही स्थिति बनी हुई है जिसके कारण ही तैयारी को समय पर खाद्यान्न का लाभ नहीं मिल पा रहा है। खाद्य अधिकारी रविंद्र सोनी का कहना है कि ऐसी शिकायत नहीं मिली है फिर भी इसकी जांच कराई जाएगी।
शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र के हितग्राहियों की परेशानी बढ़ी
दो माह का राशन लेने पहुंचे लोगों का कहना है कि दुकान संचालक सर्वर नहीं चलने की बात कहकर उन्हें वापस भेज रहे हैं। शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में यह स्थिति देखने को मिल रही है। कई जगह सुबह से इंतजार करने के बाद भी खाद्यान्न नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में यह समस्या अधिक देखने को मिल रही है। विभाग को भी समय-समय पर इसकी जानकारी दी जा रही है लेकिन समस्या का अभी तक समाधान नहीं हो पा रहा है। ऐसी स्थिति निर्मित होने से उपभोक्ता काफी अधिक नाराजगी दिखा रहे हैं।
निगम सीमा क्षेत्र में बने पीएम आवास के आवंटन में देरी
राजनांदगांव। राजनांदगांव जिला मुख्यालय स्थित नगर निगम सीमा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अधिक से अधिक पीएम आवास मकान का निर्माण कर लिया गया है, लेकिन आवंटन में हो रही देरी से हितग्राही अभी भी चक्कर काट रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मोहारा, लखोली, पेंड्री और रेवाडीह में कुल 1,427 पीएम आवास बने हैं। इनमें जुलाई 2026 तक करीब 671 मकान आवंटित / बिक चुके हैं ऐसी जानकारी दी जा रही है। इसके साथ-साथ व्यवस्थापन के तहत 386 परिवारों को शिफ्ट किया जा चुका था और 236 मकान किरायेदारों को आवंटित किए जा चुके थे। फिर भी अभी भी कई मकान खाली पड़े हुए हैं। जिनका आवंटन नहीं हो पा रहा है। ऐसे में यह मकान खंडहर भी होते जा रहे हैं। लखोली परिसर के 304 आवास पात्र हितग्राहियों को आवंटित किए जा चुके है।
बनाए गए 7000 से अधिक मकान
निगम आधिकारिक की माने तो नगर निगम सीमा क्षेत्र में मोर जमीन मोर मकान योजना के अंतर्गत 7957 मकान में से 7824 मकान का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। 130 मकान प्रगति पर बताई जा रहे हैं। इसी प्रकार से व्यवस्थापन के तहत 1930 मकान का निर्माण कराने का लक्ष्य है जिसमें से 1427 मकान का निर्माण हो गया है, 671 मकान आवंटित किए जा चुके हैं। समय-समय पर योजना के अंतर्गत मकान का निर्माण भी किया जा रहा है।
चना व मटर सप्लाई के नाम पर 9 लाख की धोखाधड़ी
राजनांदगांव। हैदराबाद के बेगम बाजार में चना व मटर सप्लाई के नाम पर 9 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। घटना की जांच की जा रही है।
चिखली पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार पुराना सिविल लाइन निवासी प्रार्थी खिलेश्वर देवांगन ने थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि ग्राम भेड़ीकला में उसकी चना फैक्ट्री है । 11 सितंबर को ट्रक क्रमांक क्रमांक एम 27 बी टी 0880 के चालक जीतून यादव तथा आकाश पवार के ट्रक में 320 कट्टा मटर कीमत लगभग 723240 रुपए एवं फूटा चना 2400 किलो कीमत लगभग 213600 बेगम बाजार हैदराबाद में पहुंचाने भेजा गया था।
प्रार्थी खिलेश्वर का आरोप है कि ट्रक चालक जीतून तथा आकाश ने निर्धारित स्थल में मटर व चना नहीं पहुंचा कर उसके साथ लगभग 9 लाख 36 हजार 840 रुपए की धोखाधड़ी की है । शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 316/4, 3 / 5 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। घटना की जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



