Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में लापता महिला का शव बरामद किया गया है। महिला का शव पुलगांव नाला किनारे झाड़ियों में अर्धनग्न अवस्था में मिला है। वहीं महिला के सिर पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

बता दें कि महिला एक दिन पहले अपने घर से लापता हो गई थी, उनके परिजनों ने पुलगांव थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस, क्राइम ब्रांच, एफएसएल की टीमें घटना स्थल की जांच कर रही थी। इस बीच शव पुलगांव नाला के पास शिवनाथ नदी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के किनारे स्थित झाड़ियों में मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर शाम करीब शुक्रवार शाम 6 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका की पहचान ओम नगर, उरला निवासी भगवंतीन बाई साहू (55) के रूप में की है।

परिजनों के अनुसार, भगवंतीन बाई 16 जुलाई की शाम करीब चार बजे घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बाद 17 जुलाई को सिटी कोतवाली थाना में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। गुमशुदगी दर्ज होने के कुछ ही समय बाद पुलगांव क्षेत्र में उनका शव मिला है।

बताया जा रहा है कि मृतका के पति हिरऊ राम साहू का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपनी बेटी रोशनी देशमुख और दामाद कृष्ण देशमुख के साथ रहती थीं। मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करती थीं।

पिता ने बेटी के साथ किया अनाचार

भिलाई में पिता ने अपनी ही सात वर्षीय बेटी के साथ अनाचार किया है, जिसके बाद मां ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भी जुर्म दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना स्मृति नगर चौकी क्षेत्र का है। आरोपी पुलिस विभाग में पदस्थ एएसआई का भाई है।

बताया जा रहा है कि आरोपी पिता ने पहली बार बेटी के साथ मार्च माह में घटना को अंजाम दिया था, दूसरी बार बेटी के साथ वारदात होने पर मां खुद 15 जुलाई को अपराध कायम कराने पुलिस के पास पहुंची थी। मामले में पुलिस ने गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

आरोपी पिता ने जब पहली बार बेटी के साथ गंदी हरकत की थी, तब डरी-सहमी बच्ची ने तुरंत इस बात की जानकारी अपनी मां को दी। मां ने बताया कि पिता को देखते ही बच्ची उससे लिपटकर रोने लगती थी। उसने सबसे पहले इस बात की जानकारी अपने देवर को दी, जो एएसआई है। घटना के समय मां को उम्मीद थी कि, पुलिस में होने के नाते उसका देवर सही कदम उठाएगा। मासूम को इंसाफ दिलाएगा, लेकिन मासूम को पुलिसकर्मी चाचा ने अपनी ड्यूटी निभाने के बजाय परिवार की बदनामी का हवाला देकर मामला दबाने की कोशिश की।

पुलिस वाले ने मां को भरोसा दिलाया कि वह अपने भाई को समझाएगा और उसे सुधरने का मौका देगा। आरोपी भाई से माफी मंगवाई गई और उसे परिवार से दूर भेजने का वादा भी किया। भाभी अपने देवर की बातों में आ गई और उस समय कोई एक्शन नहीं लिया, लेकिन दूसरी बार ये घटना होने पर महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी

दुर्ग जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर एक निजी अस्पताल की स्टाफ नर्स से 10 लाख 55 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सुपेला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सिकोला भाठा निवासी स्वेच्छा रानी ने स्मृति नगर चौकी में शिकायत दर्ज कराया कि साल 2022 में श्री शंकराचार्य अस्पताल, जुनवानी में नर्सिंग स्टाफ के रूप काम करते हुए। उनकी पहचान अस्पताल में दल्ली राजहरा निवासी अटेंडर बिज्जू चंद्रा से हुई।

पीड़िता ने बताया कि बिज्जू चंद्रा ने खुद को अधिकारियों से जानपहचान और राजनीतिक पहुँच बताते हुए चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल कचांदूर और जिला अस्पताल दुर्ग में सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और कई किश्तों में पैसे ले लिए।

आरोपी ने पहले 4 लाख 72 हजार रुपये नकद लिए। इसके बाद बैंक ऑफ महाराष्ट्र, एचडीएफसी बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा के नाम वाले यूपीआई से बैंक खातों मे पैसे जमा कराए। पीड़िता के अनुसार 5 लाख 83 हजार 698 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इस तरह आरोपी ने कुल 10 लाख 55 हजार 698 रुपये ले लिए।

लेकिन पैसे लेने के बाद आरोपी ने न तो सरकारी नौकरी दिलाई और न ही पैसे लौटाए। जब पीड़िता ने बार-बार संपर्क किया तो वह टालमटोल करने लगा। बाद में उसने पीड़िता का मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया।

ठगी का शिकार होने के बाद पीड़िता ने 15 जुलाई को स्मृति नगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई। प्राथमिक जांच में मामला सही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से बैंक पास बुक और मोबाइल जप्त किया है।

उल्टी-दस्त और वायरल फीवर के मरीजों में बढ़ोतरी

राजनांदगांव। जिले में मौसम बदलाव और लगातार बारिश के साथ उल्टी-दस्त और वायरल फीवर के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। डोंगरगांव क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भद्र टोला में उल्टी दस्त के मरीज मिलने के बाद और अधिक स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है।

संवेदनशील क्षेत्र में विशेष नजर रखी जा रही है। जिले के जिन क्षेत्रों में जल का भराव हो रहा है उसकी निकासी को लेकर भी लोगों को सतर्क किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से साफ सफाई का ध्यान रखने, दूषित पानी और खुले में रखे खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने की अपील की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m