भिलाईनगर। बीएसपी के हजारों ठेका श्रमिकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। उनको अब केन्द्रीय न्यूनतम वेतनमान मिलेगा। सेल की यूनिटों में केन्द्रीय वेतनमान नवम्बर 2025 से लागू किया जा रहा है। इसके चलते ठेका श्रमिकों को अब तक का एरियर भी मिलेगा। केन्द्रीय न्यूनतम वेतनमान मिलने से ठेका श्रमिकों के वेतन में प्रतिदिन औसतन 300 रु. तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
महारत्न कम्पनी सेल ने अपनी यूनिटों में नवंबर 2025 से केन्द्रीय न्यूनतम वेतनमान लागू करने का निर्णय लिया है। तत्संबंध में सेल के कार्पोरेट आफिस से बीएसपी सहित अन्य यूनिटों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। तमाम यूनिटों में केन्द्रीय न्यूनतम वेतनमान लागू करने के लिए कवायद शुरु हो गई है। केन्द्रीय न्यूनतम वेतनमान मिलने से ठेका श्रमिकों को अच्छा खासा आर्थिक लाभ मिलेगा।

प्रतिमाह न्यूनतम वेतनमान 25 हजार रु.
औद्योगिक श्रमिकों के लिए नवीनतम केन्द्रीय न्यूनतम क्षेत्र ए. क्षेत्र बी और क्षेत्र सी के तहत शहरों की आबादी के हिसाब से अलग अलग निर्धारित किया गया है। क्षेत्र ए में महानगर वगैरह आते हैं जबकि बी और सी श्रेणी में अन्य शहर आते हैं। भिलाई के श्रमिकों को क्षेत्र सी के वेतनमान का लाभ मिल सकता है जो कि लगभग प्रतिमाह 25000 रु. होगा।
सेल में सबसे ज्यादा श्रमिक बीएसपी में
सेल के रिकार्ड के अनुसार 01 अप्रैल 2026 को सभी यूनिटों को मिलाकर पूरे सेल में ठेका श्रमिकों की संख्या 68066 थी जबकि बीएसपी में 16938 ठेका श्रमिक दर्ज थे। कम्पनी के अनुसार ठेका) श्रमिकों की सर्वाधिक संख्या वर्क्स एरिया में है। इसके बाद क्रमशः प्रोजेक्ट्स, माइनिंग फिर नान वर्क्स एरिया में हैं।
मानदेय बढ़ाने तथा संविलियन की मांग को लेकर फिर सड़क पर उतरीं मितानिनें
दुर्ग। प्रदेश स्वास्थ्य मितानीन संघ के बैनर तले मितानिन कर्मचारियों ने जन घोषणा पत्र छत्तीसगढ़ मोदी की गारंटी 2023 पूरा करने गुरुवार को फिर मोर्चा खोल दिया। रवि शंकर स्टेडियम स्थित चर्च के सामने बड़ी संख्या में मितानिन, मितानिन प्रशिक्षक, हेल्प डेस्क फैसिलिटेटर एवं ब्लाक कोऑर्डिनेटर धरना दिए। अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद रैली के शक्ल में मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने कलेक्ट्रेट पहुंचे।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने कहा है कि चुनावी घोषणा पत्र छत्तीसगढ़ के लिए मोदी की गारंटी 2023 घोषणा पत्र में उल्लेख है कि मितानिन कर्मचारियों (मितानिन, मितानिन प्रशिक्षक, हेल्प डेस्क फैसिलिटेटर एवं ब्लाक कोऑर्डिनेटर) के मानदेय में 50 प्रतिशत वृद्धि की जाएगी एवं मितानिन कर्मचारियों को एनएचएम. अंतर्गत संविलियन किया जाएगा। इसके विपरीत प्रशासन द्वारा पुनः मितानिन कार्यक्रम के संचालन हेतु निजी संस्था एनजीओ को दे दिया गया है जिससे प्रदेश के सभी मितानिन, मितानिन प्रशिक्षक, हेल्प डेस्क फैसिलिटेटर एवं ब्लाक कोऑर्डिनेटर निराश हैं।
मितानिनों ने कहा है कि मोदी की गारंटी घोषणा पूर्ण कर सभी कर्मचारी के मानदेय में 50 प्रतिशत वृद्धि एवं एनएचएम. अंतर्गत संविलियन किया जाए। उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन से आग्रह किया है कि उनकी मांगे यथाशीघ्र पूरी किया जाए। मानदेय में वृद्धि के साथ संविलियन करने पर मितानिनों की आर्थिक तथा सामाजिक स्थिति बेहतर हो सकती है। इससे मितानिन बेहतर सेवाएं भी प्रदान कर सकती है।
संपत्ति कर में 6% छूट पाने का अंतिम मौका, 30 जून तक मिलेगा लाभ
दुर्ग। निगम द्वारा शहर के समस्त करदाताओं को सूचित किया गया है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संपत्तिकर (प्रॉपर्टी टैक्स) का भुगतान 30 जून तक करने वाले करदाताओं को नियमानुसार 6 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जाएगी। निगम प्रशासन ने नागरिकों से इस सुविधा का लाभ उठाते हुए निर्धारित तिथि के पूर्व अपना कर जमा करने की अपील की है।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि समय पर कर भुगतान से न केवल करदाताओं को आर्थिक लाभ प्राप्त होगा, बल्कि शहर में चल रहे विकास एवं जनसुविधा कार्यों के लिए आवश्यक राजस्व भी उपलब्ध होगा। निगम द्वारा नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कर भुगतान की प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाया गया है, ताकि करदाता बिना किसी परेशानी के अपना कर जमा कर सकें।
नागरिक नगर निगम कार्यालय में उपस्थित होकर नकद (कैश) के माध्यम से कर जमा कर सकते हैं। इसके अलावा यूपीआई, एनईएफटी, आरटीजीएस सहित विभिन्न डिजिटल माध्यमों से भी भुगतान की सुविधा उपलब्ध है। करदाता घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी अपना संपत्तिकर जमा कर सकते हैं। नगर निगम ने सभी करदाताओं से आग्रह किया है कि वे अंतिम दिनों की भीड़ से बचने के लिए 30 जून से पूर्व अपना संपत्तिकर जमा करें तथा 6 प्रतिशत छूट का लाभ प्राप्त करें।
सब्जी मार्केट में आने जाने वाले रास्ते में अतिक्रमण
भिलाईनगर। पावर हाऊस नेताजी सुभाष चन्द्र बोस सब्जी मार्केट में आने जाने वाले रास्ते में अतिक्रमण से सड़क सिकुड़ गई, आमजन परेशान हो रहे हैं। दुकानदार सड़क के आधे हिस्से में सामान रखकर फल फ्रुट बेच रहे हैं। उनकी देखा देखी अन्य दुकानदार भी सड़क पर आगे तक टिन का शेड बनाकर सड़क को संकरा कर रखे हैं।
निगम आयुक्त को शिवसेना की ओर से ज्ञापन देकर बताया गया है कि सब्जी मंडी में सामान लोड कर आती आटो रिक्शा बड़ी मुश्किल में इस मार्केट से निकलती हैं। दुपहिया वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जगह कम रहने से बाइक का इलेक्ट्रिक ई रिक्शा से आमना-सामना होता रहता है।
शहर का सबसे बड़ा सुभाष चन्द्र बोस सब्जी मार्केट में दूर दराज से लोग अपनी जरूरत की चीजें खरीददारी करने आते रहते हैं। हमेशा भीड़ से भरा रहता है, लोगों का इसी सड़क मार्ग से आना जाना लगा रहता खरीददारी करने पैदल चल लोगों को वाहन से चोटिल हो जाते हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में शिव सेना प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र यादव, भिलाई जिला अध्यक्ष राजू गुप्ता, जसवंत सिंह, संदीप हटवार शामिल थे।
लोहा स्क्रैप चोरी से अर्जित संपत्तियों की होगी कुर्की
भिलाईनगर। बीएसपी में लोहा स्क्रैप चोरी के बड़े खेल में खुलासा हुआ है कि मास्टर माइंड आरोपी संजय सिंह ने तीन करोड़ की प्रॉपर्टी व 50 लाख के आभूषण खरीदे थे। वहीं गिरफ्तार आरोपी अक्षय कुमार से भी संपत्ति संबंधी दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनका मूल्यांकन किया जा रहा है। आरोपियों द्वारा अर्जित चल एवं अचल संपत्तियों की आने वाले दिनों में पुलिस कुर्की की कार्रवाई भी करेगी।
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि विवेचना के दौरान मुख्य फरार आरोपी संजय सिंह बीएसपी से चोरी किए गए लोहे को अवैध रूप से बेचने तथा प्राप्त धनराशि को विभिन्न संपत्तियों एवं आभूषणों में निवेश किए जाने संबंधी जानकारी दी। मुख्य आरोपी संजय सिंह के लॉकर से लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के आभूषण एवं लगभग 103 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए हैं। इस मामले में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है वैसे-वैसे पूरे सिंडिकेट से जुड़े लोगों में बेचैनी बढ़ती जा रही है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई नाम सामने आए हैं। कार्रवाई की आशंका से जुड़े लोग बचाव के रास्ते तलाश रहे हैं। सूत्रों के अनुसार जांच की आंच अपने तक पहुंचने की भनक लगते ही आधा दर्जन अधिक संदेही राजनीतिक संरक्षण तलाश रहे हैं। वहीं इस मामले में मो. सलीम और 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी अभय सिंह फरार हैं। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
जांच बड़े कारोबारियों तक पहुंचने के संकेत
बीएसपी में लोहा स्क्रैप चोरी के मामले में पुलिस की जांच अब केवल चोरी तक सीमित नहीं रह गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी का स्क्रैप किन उद्योगों, कारोबारियों और खरीददारों तक पहुंचता था। इसके साथ ही ट्रांसपोट नेटवर्क और संभावित अंदरुनी मिलीभगत की भी जांच की जा रही है।
पाटन नगर पंचायत को नगर पालिका बनाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से हुआ पारित
पाटन। नगर पंचायत पाटन की सामान्य सभा की बैठक बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष योगेश निक्की भाले की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नगर के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था एवं विभिन्न जनहितकारी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का प्रमुख विषय नगर पंचायत पाटन को नगर पालिका का दर्जा दिलाने के लिए प्रस्ताव पारित करना रहा।
परिषद के सभी पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने नगर के बढ़ते विकास, जनसंख्या एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत को नगर पालिका बनाए जाने के प्रस्ताव का सर्वसम्मति से समर्थन करते हुए इसे पारित किया।
बैठक में नगर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, अधोसंरचना विकास एवं नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने कहा कि पाटन नगर निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। नगर की बढ़ती आबादी एवं आवश्यकताओं को देखते हुए नगर पालिका का दर्जा मिलना समय की मांग है। नगर पालिका बनने से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी, अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे एवं नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जा सकेंगी।
उन्होंने कहा कि परिषद नगर के सर्वांगीण विकास एवं जनहित के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। बैठक में अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, उपाध्यक्ष निशा सोनी, सभापति केवल देवांगन, जितेन्द्र निर्मलकर, देवेन्द्र ठाकुर, पार्षद चंद्रप्रकाश देवांगन, अन्नपूर्णा पटेल, संगीता धुरंधर, पुरुषोत्तम कश्यप, आभाष दुबे, अनिता साहू, वीना ठाकुर, मनोज कुर्रे, गुनीराम कौशिक, दीपक यादव, सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक, विधायक प्रतिनिधि कमल किशोर वर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी हेमंत वर्मा एवं उप अभियंता प्रवीण कुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
कोटवारी भूमि पर फैक्ट्री संचालन का आरोप
पाटन। ग्राम पंचायत झीट के ग्रामीणों ने गांव के कोटवार धरमदास मानिकपुरी के खिलाफ तहसीलदार पाटन को शिकायत सौंपते हुए पद से हटाने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि कोटवारी भूमि का नियम विरुद्ध उपयोग कर उस पर व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया ग्राम झीट स्थित कोटवारी भूमि खसरा नंबर 1735 रकबा 0.2500 हेक्टेयर पर पैकेजिंग कार्टन निर्माण से संबंधित फैक्ट्री का निर्माण एवं संचालन किया जा रहा है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कोटवार को शासन द्वारा प्रदान की गई भूमि का उपयोग निर्धारित शर्तों के अनुसार होना चाहिए, लेकिन उक्त भूमि का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है, जो नियमों के विपरीत है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा धरमदास मानिकपुरी को कोटवार पद से पृथक करने की मांग की है। उनका कहना है कि शासकीय भूमि का दुरुपयोग होने से शासन के नियमों की अवहेलना हो रही है, इसलिए दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
शिकायतकर्ताओं में मीन पटेल, राधा सिंह, मीरा पटेल, राजनंदिनी सिंह, अरुण सिन्हा, गणेश, आरती ढीमर, त्रिवेणी ढीमर, संतोष ठाकुर, मन्नू लाल पटेल, गोपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हैं।
श्रमिकों के बच्चों को मिलेगी निःशुल्क आवासीय शिक्षा
मोहला। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों के लिए संचालित “अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना” के तहत वर्ष 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 जून से प्रारंभ हो चुकी है। योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के ऐसे मेधावी बच्चों का चयन किया जाएगा, जिन्होंने कक्षा पांचवीं उत्तीर्ण की है। चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक प्रदेश के प्रतिष्ठित निजी आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा, आवास एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
ई-चालान के नाम पर हो रही साइबर ठगी से रहे सावधान
राजनांदगांव। परिवहन विभाग द्वारा नागरिकों को ई-चालान के नाम पर हो रही साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की गई है। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि साइबर ट्रैफिक अपराधी परिवहन विभाग की वेबसाइट के समान क्लोन पेज तैयार कर नागरिकों को नियमों के उल्लंघन का भय दिखाते हुए फर्जी संदेश एवं लिंक भेज रहे हैं। इन लिंक पर क्लिक करने के बाद नागरिकों से उनकी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाता, डेबिट-क्रेडिट कार्ड अथवा यूपीआई संबंधी जानकारी प्राप्त कर धोखाधड़ी की जा रही है।
उन्होंने नागरिक से किसी भी संदिग्ध लिंक, शॉर्ट लिंक अथवा अज्ञात वेबसाइटों पर क्लिक नहीं करने कहा है। ऐसे फर्जी लिंक प्रायः अज्ञात मोबाइल नंबरों से भेजे जाते हैं तथा इनमें शासकीय डोमेन के स्थान पर संदिग्ध डोमेन नामों का उपयोग किया जाता है। इन संदेशों में तत्काल भुगतान करने अथवा कानूनी कार्रवाई की धमकी देकर लोगों पर दबाव बनाया जाता है। कई मामलों में लिंक खोलने पर सीधे कार्ड, बैंक खाता अथवा यूपीआई संबंधी जानकारी मांगी जाती है तथा कभी-कभी मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड करने के लिए भी कहा जाता है।
छूटे किसानों से एग्रीस्टेक पंजीयन कराने की अपील
मोहला। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों के लिए एग्रीस्टेक पंजीयन अभियान संचालित किया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार आगामी खरीफ विपणन वर्ष में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने के लिए किसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन अनिवार्य किया गया है। इसी क्रम में जिला मोहला विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायतों, सहकारी समितियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित शिविरों के माध्यम से किसानों को जानकारी दी जा रही है कि एग्रीटेक पंजीयन के बिना समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने में कठिनाई हो सकती है।
कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायतों, सहकारी समितियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित शिविरों के माध्यम से किसानों को जानकारी दी जा रही है कि एग्रीस्टेक पंजीयन के बिना समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने में कठिनाई हो सकती है। एग्रीस्टेक पंजीयन से किसानों की भूमि एवं फसल संबंधी जानकारी का डिजिटलीकरण होगा, जिससे विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सुगमता से उपलब्ध कराया जा सकेगा।
जिले के किसान अपना एग्रीटेक पंजीयन ग्राम पंचायत, लोक सेवा केंद्र (सीएससी), सहकारी समिति, कृषि विभाग के कार्यालय, तहसील कार्यालय तथा निर्धारित पंजीयन शिविरों में जाकर करा सकते हैं। पंजीयन के लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर तथा भूमि संबंधी आवश्यक दस्तावेज मानपुर- अंबागढ़ चौकी में किसानों को एग्रीस्टेक पंजीयन के प्रति जागरूक करने हेतु साथ लाना आवश्यक है।
जिला प्रशासन ने सभी किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना एग्रीस्टेक पंजीयन अवश्य कराएं, ताकि समर्थन मूल्य पर धान विक्रय सहित विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के प्राप्त किया जा सके। अधिक जानकारी के लिए किसान अपने निकटतम कृषि कार्यालय, ग्राम पंचायत या संबंधित विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।
एकलव्य विद्यालयों में कक्षा 6वीं प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग जारी
मोहला। शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश में संचालित 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं प्रवेश प्रक्रिया के तहत आयोजित प्राक्चयन परीक्षा का परिणाम घोषित किए जाने के पश्चात अंतिम चरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसके तहत चयनित अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, काउंसलिंग हेतु चयनित अभ्यर्थियों की मेरिट सूची, काउंसलिंग तिथि, केंद्र एवं अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभ्यर्थी एवं उनके अभिभावक सभी विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर देख सकते हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए चयनित विद्यार्थियों का दस्तावेज सत्यापन एवं ऑनलाइन काउंसलिंग निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही संपन्न कराया जाएगा। इस प्रक्रिया में अभ्यर्थियों की पात्रता, दस्तावेजों का सत्यापन तथा उपलब्ध सीटों के आधार पर विद्यालय आवंटन की कार्यवाही की जाएगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार विकासखंड स्तर पर दस्तावेज सत्यापन एवं काउंसलिंग की प्रक्रिया आदर्श आवासीय विद्यालय मोहला तथा मानपुर विकासखंड अंतर्गत चौकी में निर्धारित केंद्रों पर संपन्न होगी। इसके पश्चात जिला स्तरीय काउंसलिंग 02 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

