Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update : भिलाई। खेत और ग्राम पंचायत के ट्यूबवेल से कॉपर चोरी करने वाला पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अंजोरा चौकी प्रभारी चंद्रशेखर सोनी ने पुलिस ने बताया कि ग्राम चांगोरी निवासी तुलसीराम देशमुख ने शिकायत किया था कि उनके खेत में लगे ट्यूबवेल से 100 मीटर कॉपर वायर चोरी हो गया। पुलिस ने जांच करना शुरू किया, जिसमें संदेह के आधार पर आरोपी चंदू लोहार, वासु यादव, शंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि कॉपर वायर को चोरी कर रायपुर निवासी सहल उद्दीन को बेचा है। सहल उद्दीन के पास से 100 मीटर कॉपर वायर की कीमत 15 हजार रुपये का बरामद किया गया है। इसके अलावा सरपंच ग्राम अंजोरा में भी ग्राम पंचायत के पास तालाब स्थित ट्यूबवेल से 90 मीटर कॉपर वायर पार हो गया था। जिसे आरोपियों ने रायपुर मौदहापारा निवासी जय नारायण को बेचना बताया है। जय नारायण के पास से 90 मीटर कॉपर वायर 12 हजार का जब्त किया गया है। ग्राम पीछेकर क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर ट्यूबवेल से भी कॉपर वायर चोरी हुआ था। आरोपियों के पास से 35 मीटर जब्त किया गया।
भिलाई तीन और कुम्हारी में चला चेकिंग अभियान पकड़े गए संदिग्ध लोग
भिलाई। अपराधियों को नकेल कसने के लिए भिलाई तीन और कुम्हारी थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था बेहतर करने के लिए संदिग्धों का शिनाख्त करने, असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस टीम चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के तहत उम्दा अटल आवास, कुम्हारी क्षेत्र अंतर्गत 320 अटल आवास में सघन चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक संदिग्ध व्यक्तियों, आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी प्रगति नगर चरोदा निवासी शेक शहीद को धारदार हथियार के साथ पकड़ा गया।
इसके अतिरिक्त दो अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। अभियान में भिलाई तीन, जामुल, वैशाली नगर, कुम्हारी, एएनटीएफ, डीएसबी, एसीसीयू समेत लगभग 60 अधिकारियों, कर्मियों का बल शामिल रहा। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील किया है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध हथियार, असामाजिक तत्वों की सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को बताए। जिससे कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो सके।
कांग्रेस भवन में सरकार के विरोध में गूंजा गीत
दुर्ग। कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई के विरोध में मंगलवार को राजीव भवन में अनोखा प्रदर्शन किया। इस दौरान लोक गायक खुमान सिंह यादव, सहयोगी कलाकार संतोष निषाद, पवन यादव, संजय खरे की संगत में मशहूर गीत महंगाई डायन खाए जात है… पर कांग्रेसी कार्यकर्ता जमकर थिरकते नजर आए। उन्होंने बढ़ती महंगाई को लेकर विरोध दर्ज कराया। भाजपा सरकार के खिलाफ व्यंग्यात्मक सांस्कृतिक प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल-डीजल एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं के बढ़ते दाम से सभी हलाकान और परेशान हैं। कार्यकर्ताओं ने चौपाल शैली में गीत, संगीत और नारों के माध्यम से बढ़ती महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाद्य तेल, दाल, सब्जी एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों की तीखी आलोचना की गई। राकेश ठाकुर ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार वृद्धि के कारण परिवहन महंगा हुआ है, जिसका सीधा असर खाने-पीने की वस्तुओं सहित हर जरूरत की चीज पर पड़ रहा है। रसोई गैस के बढ़ते दामों ने महिलाओं के घरेलू बजट को पूरी तरह बिगाड़ दिया है। भाजपा सरकार बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है, जबकि गरीब, किसान, मजदूर और आम आदमी लगातार आर्थिक बोझ झेलने को मजबूर है। इस अवसर पर विक्रांत अग्रवाल, राजीव गुप्ता, राम सूर्यवंशी, पुरुषोत्तम तिवारी, प्रकाश ठाकुर, जामवंत गजपाल, पवन पटेल, लोचन यादव, ज्वाला प्रसाद साहू, श्यामाचरण मनहर, शमसीर कुरैशी, संतलाल बंजारे, विसाल देशमुख, श्रीमति लक्ष्मी साहू, योगिता चंद्राकर, रज्जाक खाना, पालेश्वर ठाकुर सहित अन्य मौजूद थे।
लंबित मामलों का निराकरण 24 राशन दुकानें निरस्त
दुर्ग। जिले की 24 राशन दुकानों का संचालन लंबे समय से अटैचमेंट में चल रहा था। कोर्ट में प्रकरण लंबित होने के कारण इन दुकानों के संचालन के लिए नई समितियों का निर्धारण नहीं हो पा रहा था। कोर्ट से प्रकरणों के निराकरण के बाद इन सारी दुकानों का आवंटन निरस्त कर दिया गया है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 की कंडिका 16 के तहत यह कार्यवाही की गई है। निरस्त दुकान-महिला स्व सहायता समूह, संगवारी खाद्य सुरक्षा पोषण एवं उप सेवा सह समिति, नवीन महिला स्व सहायता समूह, शंकरा महिला स्व सहायता समूह, जय शक्ति महिला स्व सहायता समूह, जय श्री कृष्ण महिला स्व सहायता समूह, दुर्ग सहकारी विपणन समिति, कृषक सेवा सहकारी समिति कोहका, जय सदाराम महिला स्व सहायता समूह, मां अन्नपूर्णा स्व सहायता समूह, सामुदायिक विकास समिति भिलाई, एकता महिला स्व सहायता समूह, सामुदायिक विकास समिति भिलाई, बीएसपी प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भण्डार, सहकारी उपभोक्ता भण्डार भिलाई, विन्ध्यवासिनी महिला स्व सहायता समूह, नवीन प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भण्डार, स्टील नगर महिला स्व सहायता समूह, मं जय भवानी महिला स्व सहायता समूह, इस्पात कर्मचारी कन्ज्यूमर कोआपरेटिव स्टोर्स भिलाई, सामुदायिक विकास समिति रविदास नगर भिलाई, संतोषी महिला स्व सहायता समूह, भूतपूर्व सैनिक कल्याण संघ केम्प 1 भिलाई और प्रेरणा महिला स्व सहायता समूह शामिल हैं। शासकीय उचित मूल्य दुकानों के संचालन के लिए आवेदन केवल संबंधित वार्ड की स्थानीय संस्था द्वारा ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। 15 जून तक आवेदन किया जा सकता है।
खाद्य नियंत्रक अनुराग सिंह भदौरिया ने बताया कि पूर्व में लंबित मामलों के निराकरण के बाद ही दुकानों के आवंटन को निरस्त किया गया है। नए का निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप आवंटन किया जाएगा।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर बीमारी का झांसा देकर 3 लाख की ठगी
राजनांदगांव। इंस्टाग्राम पर दोस्ती करने के बाद एक युवक को बीमारी का बहाना बनाकर भावनात्मक रूप से झांसा देकर तीन लाख रुपए की ठगी करने के मामले में पुलिस ने दो युवतियों व एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बसंतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रार्थी द्वारा थाना बसंतपुर में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि उसकी पहचान माह अप्रैल 2024 में इंस्टाग्राम के माध्यम से आरोपी मोनू कुमार चिरावतकर, कविता तथा सोनल से हुई थी। पहचान बढ़ने के बाद आरोपियों द्वारा प्रार्थी से मोबाइल के माध्यम से लगातार बातचीत की जाने लगी। बातचीत के दौरान आरोपियों द्वारा स्वयं को ब्लड कैंसर, माईग्रेन एवं अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित होना तथा परिवार द्वारा प्रताड़ित किया जाना बताया गया। आरोपियों द्वारा कभी मां एवं बहन को पैसे देने तो कभी राशन एवं इलाज के नाम पर प्रार्थी से रकम की मांग की जाती रही।
रकम वापस मांगने पर धमकी
प्रार्थी आरोपियों की झूठी एवं भावनात्मक बातों में आकर अलग-अलग किस्तों में 3,00,000 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर चुका था। बाद में स्वयं के साथ धोखाधड़ी होने की जानकारी मिलने पर जब प्रार्थी द्वारा अपनी रकम वापस मांगी गई, तब आरोपियों द्वारा उसे झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी दी जाने लगी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में धारा 318(4), 308, 351(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

