भिलाईनगर। भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 65 के निर्वाचन में विधायक देवेंद्र यादव को सुप्रीम कोर्ट से एक और बड़ा झटका लगा है। निर्वाचन याचिका को नियमित ट्रायल तक पहुंचने से पहले कानूनी आपत्तियों के जरिए रोकने की उनकी एक और कोशिश सफल नहीं हो सकी। सर्वोच्च न्यायालय ने देवेंद्र यादव द्वारा दायर एसएलपी (सिविल) नं. 28778 / 2026 को खारिज कर दिया है। इसके साथ ही अब 31 अगस्त से छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में चुनाव याचिका के ट्रायल का रास्ता साफ हो गया है।
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची एवं न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के 30 जून 2026 के आदेश में हस्तक्षेप करने का कोई आधार नहीं पाया और विशेष अनुमति याचिका खारिज कर दी। मामला निर्वाचन याचिका क्रमांक 9/2024 से जुड़ा है, जिसमें वर्ष 2023 के भिलाई नगर विधानसभा चुनाव में देवेंद्र यादव के निर्वाचन को चुनौती दी गई है।

याचिका में नामांकन शपथ-पत्र में आवश्यक सांविधिक जानकारियों के समुचित प्रकटीकरण तथा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के तहत निर्वाचन की वैधता से जुड़े गंभीर प्रश्न उठाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि यह चुनाव उन्होंने भाजपा प्रत्याशी प्रेमप्रकाश पांडेय से करीब 1200 मतों के अंतर से जीता था। अब ट्रायल से नहीं बच पाएंगे : एक के बाद एक प्रारंभिक कानूनी चुनौतियों के विफल होने के बाद अब निर्वाचन विवाद तकनीकी आपत्तियों से आगे बढ़कर साक्ष्यों और गवाहों की कसौटी पर पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश के बाद नियमित ट्रायल के आगे बढ़ने की कानूनी बाधा दूर हो गई है।
31 अगस्त से शुरू होने वाली कार्यवाही में हाईकोर्ट द्वारा 21 अगस्त 2024 को निर्धारित मुद्दों पर साक्ष्य पेश किए जाएंगे। गवाहों की परीक्षा और प्रतिपरीक्षा होगी तथा दोनों पक्षों को अपने दावों और बचाव के समर्थन में रिकॉर्ड न्यायालय के सामने रखना होगा। देवेंद्र यादव की ओर से सर्वोच्च न्यायालय में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने पैरवी की, जबकि अधिवक्ता-ऑन रिकॉर्ड सुमीर सोढ़ी ने उनका प्रतिनिधित्व किया।
दो बार सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं : लगातार दूसरी महत्वपूर्ण चुनौती में राहत नहीं मिलने के बाद अब देवेंद्र यादव के सामने निर्वाचन याचिका के नियमित ट्रायल का सामना करना होगा। अब मामला केवल प्रारंभिक कानूनी आपत्तियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि चुनाव से जुड़े आरोपों, दस्तावेजों, साक्ष्यों और गवाहों की न्यायिक जांच होगी। सुप्रीम कोर्ट का आदेश स्वयं देवेंद्र यादव का निर्वाचन निरस्त नहीं करता और निर्वाचन की वैधता पर अंतिम फैसला अभी हाईकोर्ट को करना है। लेकिन ट्रायल से पहले चुनाव याचिका को रोकने या समाप्त कराने की कोशिशों को लगातार झटका मिलने के बाद अब 31 अगस्त से अदालत में साक्ष्यों की निर्णायक लड़ाई शुरू होने जा रही है।
पर्यावरण विभाग कोर्ट को कर रहा गुमराह
सेलूद। ग्राम पतोरा में प्रस्तावित गिट्टी (एग्रीगेट) क्रशिंग प्लांट के खिलाफ सीमावर्ती ग्राम मुड़पार निवासी लोचन प्रसाद यादव द्वारा दायर याचिका पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने महत्वपूर्ण आदेश पारित किया है।
सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति अमितेंद्र किशोर प्रसाद की बेंच ने पर्यावरणीय शिकायत के निराकरण के लिए याचिकाकर्ता को सक्षम प्राधिकरण, छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के समक्ष आवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित पर्यावरणीय प्राधिकरण को आवेदन पर कानून के अनुरूप, सभी प्रासंगिक पहलुओं की जांच करते हुए त्वरित एवं निष्पक्ष निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं। क्रशर प्लांट की वैधानिकता और पर्यावरणीय प्रभाव को लेकर सवाल भी उठाए ।
लोचन प्रसाद यादव ने ग्राम पतोरा स्थित खसरा नंबर 192/4 में प्रस्तावित गिट्टी क्रशिंग प्लांट को लेकर उसकी वैधानिकता, आवश्यक अनुमतियों, पर्यावरणीय स्वीकृति तथा अन्य वैधानिक अनुपालनों की जांच की मांग की थी। याचिका में आशंका जताई गई थी कि क्रशर प्लांट स्थापित होने से क्षेत्र में धूल, वायु एवं ध्वनि प्रदूषण बढ़ सकता है, जिसका आसपास रहने वाले ग्रामीणों के स्वास्थ्य के साथ-साथ कृषि गतिविधियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
याचिकाकर्ता के अनुसार, उन्होंने क्रशर प्लांट की स्थापना को लेकर पहले ही कलेक्टर, खनिज विभाग, अनुविभागीय अधिकारी, पर्यावरण विभाग सहित संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायतों के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। सुनवाई के दौरान पर्यावरण विभाग की ओर से न्यायालय को बताया गया कि उक्त क्रशर प्लांट की स्थापना के संबंध में विभाग से किसी प्रकार की अनुमति प्राप्त नहीं की गई है। विभाग की ओर से यह भी कहा गया कि शिकायत के बाद स्थल निरीक्षण किया गया, जहां क्रशर प्लांट निर्माणाधीन नहीं पाया गया।
न्यायालय के समक्ष वास्तविक स्थिति छिपाई गई
वहीं, याचिकाकर्ता लोचन प्रसाद यादव ने पर्यावरण विभाग की इस रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि न्यायालय के समक्ष वास्तविक स्थिति प्रस्तुत नहीं की गई। उनका कहना है कि संबंधित भूमि पर क्रशर प्लांट के निर्माण के लिए बेस तैयार किया जा चुका है और निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो लेंगे न्यायालय की शरण
लोचन यादव ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद उन्हें उम्मीद है कि पर्यावरण विभाग मामले में निष्पक्ष और कानूनसम्मत कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि यदि शिकायत पर हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई नहीं की जाती है, तो वे आगे उच्च न्यायालय में अवमानना अथवा अन्य वैधानिक कानूनी उपाय अपनाने के लिए बाध्य होंगे।
दुर्ग में क्रांतिकारी सुखदेव राज की प्रतिमा का अनावरण
दुर्ग। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ की जिला इकाई दुर्ग द्वारा देशप्रेम, सामाजिक समरसता और राष्ट्रनायकों के सम्मान की दिशा में एक अनुकरणीय पहल करते हुए महान क्रांतिकारी सुखदेव राज की प्रतिमा शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दुर्ग के परिसर में स्थापित की गई।
महान क्रांतिकारी शिवराम राजगुरु की जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में प्रतिमा का अनावरण छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री एवं दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव ने किया। कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, अहिवारा विधायक एवं छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, दुर्ग नगर निगम की महापौर अलका बाघमार, पूर्व विधायक अरुण वोरा, भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय महामंत्री वीरेन्द्र नामदेव, शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष झरना वर्मा, वार्ड पार्षद सरिता चंद्राकर सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय महामंत्री वीरेन्द्र नामदेव ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को ज्ञापन सौंपकर महान क्रांतिकारी सुखदेव राज की जीवनगाथा एवं उनके राष्ट्र तथा समाजसेवा संबंधी कार्यों को राज्य के स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग रखी। श्री नामदेव ने कहा कि सुखदेव राज का जीवन त्याग, संघर्ष, राष्ट्रप्रेम और समाजसेवा की प्रेरणादायी मिसाल है तथा नई पीढ़ी को ऐसे महान व्यक्तित्वों के जीवन से परिचित कराना आवश्यक है।
इंजीनियरिंग की खाली सीटों में प्रवेश के लिए अब सीधे मौका
भिलाईनगर। इंजीनियरिंग में प्रवेश से वंचित रह गए विद्यार्थियों के लिए छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय ने एक और मौका दिया है। तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई के यूटीडी में सत्र 2026-27 के लिए रिक्त सीटों पर यूनिवर्सिटी लेवल स्पॉट राउंड एडमिशन आयोजित किया जाएगा।
खास बात यह है कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह फिजिकल रिपोर्टिंग के आधार पर होगी और चयन जेईई मेन्स 2026 के स्कोर कार्ड के आधार पर किया जाएगा। वहीं बीटेक (ऑनर्स) के विभिन्न पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों के लिए 31 अगस्त से 12 सितंबर तक स्पॉट राउंड चलेगा। इसमें रविवार और अवकाश के दिनों को शामिल नहीं किया गया है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई में उपस्थित होकर पंजीयन कराना होगा।
इसके लिए अभ्यर्थियों को तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई के एडमिशन सेल, बेसमेंट विश्वेश्वरैया भवन यूटीडी-1 में रिपोर्ट करना होगा। यूटीडी में स्पॉट राउंड के तहत छात्र – छात्राओं को बीटेक (ऑनर्स) कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग ( डेटा साइंस), कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग तथा सिविल इंजीनियरिंग में उपलब्ध रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
तीन चरणों में पूरी होगी प्रक्रिया : स्पॉट राउंड में प्रत्येक कार्य दिवस पर प्रवेश
प्रक्रिया तय समय-सारिणी के अनुसार होगी। सुबह 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक एडमिशन फॉर्म भरने एवं रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया होगी। इसके बाद दोपहर 1.30 बजे मेरिट सूची प्रदर्शित की जाएगी। मेरिट के आधार पर चयनित छात्रों का दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक प्रवेश किया जाएगा।
जेईई मेंस स्कोर होगा चयन का आधार : बीटेक पाठ्यक्रमों में चयन जेईई मेंस 2026 के आधार पर होगा। अभ्यर्थी के पास वैध जेईई मेन्स 2026 स्कोरकार्ड होना अनिवार्य है। साथ ही 10 प्लस 2 परीक्षा उत्तीर्ण होना तथा एआईसीटीई एवं विश्वविद्यालय के निर्धारित मानकों के अनुसार मुख्य विषयों में कम से कम 45 प्रतिशत अंक होना जरूरी है। सीटों का आवंटन एवं पात्रता संबंधी अन्य नियम विश्वविद्यालय तथा लागू काउंसलिंग नियमों के अनुसार होंगे।
समान नंबर की गाड़ी का उपयोग करने वाला आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। समान नंबर की गाड़ी का उपयोग करने वाला आरोपी को पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर गिरफ्तार किया है. प्रार्थी को अपनी गाड़ी के नंबर का दूसरे के द्वारा इस्तेमाल करने की जानकारी ट्रैफिक चालान व टोल से पैसा कटने की जानकारी होने के बाद हुई थी.
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी मोनिश सोनी निवासी साईं ड्रीम सिटी अमलीडीह रायपुर की स्वयं की कार टोयोटा यारिस सीजी 07 बी जेड 5226 है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके कार के नंबर का फर्जी तरीके से उपयोग किया जा रहा था। यह गाड़ी प्रार्थी के नाम पर आरटीओ ऑफिस दुर्ग में पंजीकृत है। उसे पिछले एक वर्ष से ज्ञात था कि उक्त गाड़ी का नंबर किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा इस्तेमाल किया जा रहा है।
यह जानकारी आवेदक को ट्रैफिक चालान एवं टोल से पैसा कटने की जानकारी प्राप्त होने पर हुई थी। जबकि उक्त गाड़ी को वह कभी भी उड़ीसा लेकर नहीं गया था परंतु इस गाड़ी का उसके स्वयं के नाम से ट्रैफिक चालान 2000 का तथा लगभग 8000 रुपए की टोल राशि उसके खाते से कट गई थी। वर्तमान में उसी के गाड़ी के नंबर की फर्जी तरीके से लगाई गई नंबर प्लेट रजत डोम के पास हरि नगर दुर्ग में उपयोग किया जा रहा है।
मोहन नगर थाना प्रभारी केशव कोशले ने बताया कि कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय सेन निवासी हरि नगर दुर्ग को पकड़ा है। उसके पास से टोयोटा यारिस कार को जब्त किया गया है। इस कार्रवाई में मोहन नगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
मूकबधिर के नाम पर फाइनेंस कराकर आरोपियों ने की धोखाधड़ी
दुर्ग। मूकबधिर प्रार्थी के दस्तावेजों पर योजनाबद्ध तरीके से होम क्रेडिट फाइनेंस कंपनी से रकम प्राप्त करने वाले आरोपियों के खिलाफ पद्मनाभपुर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धारा 318 (4), 61 (2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी मनीष कुमार पांडे मूक बधिर व्यक्ति है और वह बोरिया खुर्द सुंदर नगर रायपुर निवासी है। वह अपने पिता और भाई के साथ पहुंचकर पद्मनाभपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई कि शुभम पांडे प्रार्थी का दुभाषिया का काम करता है। अनावेदक गण अनुराग देशमुख जो कि मूकबधिर है, वह ऋषभ शर्मा तथा शेखर देशमुख के साथ मिलकर एक राय होकर योजनाबद्ध तरीके से लोन का सिविल स्कोर बढ़ाने व कमीशन का प्रलोभन देकर महाराज चौक स्थित अनामिका इलेक्ट्रॉनिक से मनीष की फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड, अकाउंट स्टेटमेंट के आधार पर होम क्रेडिट फाइनेंस कंपनी से 44,600 रुपए 8 माह के लिए बिना जानकारी के फाइनेंस कराये थे। जिसका ईएमआई 6197 रुपए था। बिना हस्ताक्षर किए ओटीपी के माध्यम से मोबाइल अपने पास रखकर आरोपियों ने फाइनेंस किए थे। इसकी जानकारी मूकबधिर मनीष को बिल्कुल नहीं थी।
मनीष के बैंक खाते से 5 जनवरी 2026 को ईएमआई 6866 रुपए कटने पर मनीष ने शुभम पांडे से संपर्क किया। तब उसे पता चला कि मूक बधिर मनीष पांडे के साथ छल कपट कर बेईमानी पूर्वक अवैध लाभ वर्जित करने के उद्देश्य से धोखाधड़ी की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
श्री सीमेंट परियोजना के विरोध में युवा किसानों का प्रदर्शन
खैरागढ़। जिले के दनिया- अतरिया- हनईबन – उदयपुर सहित आसपास के प्रभावित गांवों में प्रस्तावित श्री सीमेंट चूना पत्थर खनन एवं सीमेंट परियोजना का विरोध अब युवा किसानों ने भी तेज कर दिया है। मंगलवार को क्षेत्र के करीब 150 बाइक में सवार लगभग 300 युवा किसान और क्षेत्रवासी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और यहां उन्होंने परियोजना के विरोध में ज्ञापन सौंपते हुए प्रस्तावित खनन एवं सीमेंट परियोजना को निरस्त करने की मांग की।
इस दौरान युवाओं ने लजय जवान, जय किसानव के गागाचुंबी नारे भी लगाए। युवा इसके बाद प्रेस क्लब पहुंचे और आयोजित प्रेसवार्ता में युवा किसानों ने कहा कि उनका विरोध किसी व्यक्ति, समाज या उद्योगपति के खिलाफ नहीं है बल्कि ऐसे विकास मॉडल के खिलाफ है जिसमें किसानों की उपजाऊ जमीन, जलस्रोत, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य प्रभावित होने की आशंका है।
जिला मुख्यालय के पत्रकारों के साथ वार्ता में युवाओं ने कहा कि वे क्षेत्र में उद्योग और रोजगार के विरोधी नहीं हैं। उनका कहना था कि क्षेत्र की कृषि क्षमता को देखते हुए टमाटर, चना और अन्य कृषि उपज आधारित प्रसंस्करण उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर बाजार मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने सरकार से मांग की कि किसी भी परियोजना पर अंतिम निर्णय लेने से पहले प्रभावित गांवों के किसानों और परिवारों की आजीविका तथा भविष्य को ध्यान में रखा जाए। युवाओं ने किसान अधिकार संघर्ष समिति के आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि वे आगे भी आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे और प्रभावित गांवों के लोगों के साथ मिलकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
महाविद्यालय में प्रवेश की तिथि बढ़ाने के बाद भी सीट खाली
राजनांदगांव। जिले के महाविद्यालय में प्रवेश के लिए तिथि में बढ़ोतरी कर दी गई है उसके बाद भी सीट खाली बताई जा रही है। विशेष रूप से विज्ञान संकाय में गणित और बायो की सीट नहीं भर पा रही है।
ज्ञात हो कि राजनांदगांव जिला मुख्यालय में तीन शासकीय महाविद्यालय के साथ-साथ छह निजी महाविद्यालयों का संचालन किया जा रहा है। इन महाविद्यालयों में बीए, बीकॉम, बीएससी मैथ्स बायो के साथ-साथ बीबीए, बीसीए, पीजीडीसीए सहित अन्य रोजगार उन्मुख पाठ्यक्रमों का संचालन हो रहा है। शिक्षा सत्र शुरू होने के बाद से महाविद्यालय में विद्यार्थियों को दाखिला दिया जा रहा है। सीट खाली होने के कारण प्रवेश की तिथि 31 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। उसके बाद भी सीट खाली है।
स्वशासी दिग्विजय महाविद्यालय से लेकर कमला देवी महिला महाविद्यालय और शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय के साथ-साथ छह निजी महाविद्यालय संचालित हो रहे हैं। महाविद्यालय प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक स्नातक और स्नातकोत्तर महाविद्यालयों में भी विद्यार्थियों को राहत पहुंचाने के लिए दाखिला देने का कार्य 31 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। 31 अगस्त तक की तिथि बढ़ने से विद्यार्थी महाविद्यालय में पहुंचकर दस्तावेजों के साथ दाखिला ले रहे हैं।
दहेज प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता ने की आत्महत्या, पति गिरफ्तार
खैरागढ़। नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में खैरागढ़ पुलिस ने आरोपी पति अजय बघेल (30 वर्ष) पिता लखन बघेल निवासी टेकापारखुर्द को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार मृतिका का विवाह सामाजिक रीति-रिवाज से 24 फरवरी 2025 को अजय बघेल के साथ हुआ था । विवाह के दौरान मृतिका के परिजनों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार उपहार एवं अन्य सामग्री दी थी। आरोप है कि विवाह के करीब दो-तीन माह बाद आरोपी पति मोटर साइकिल और अपेक्षाकृत कम नगद राशि मिलने की बात को लेकर पत्नी को प्रताड़ित करने लगा। जांच में उसके साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है।
सगाई में मिले जेवर भी अपने पास रखे
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सगाई के दौरान मृतिका को दिए गए हाथ के आभूषण आरोपी पति ने अपने पास रख लिए थे वहीं विवाह के समय मृतिका की पढ़ाई जारी रखने को लेकर सहमति बनी थी लेकिन बाद में आरोपी द्वारा उसे डी. एड. की पढ़ाई करने से रोक दिया गया। इन परिस्थितियों के चलते मृतिका मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी।
टॉयलेट में मिट्टी तेल डालकर लगाई आग
पुलिस के मुताबिक लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर मृतिका ने अपने घर के टॉयलेट में मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली और गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 324/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 एवं 85 के तहत प्रकरण कायम किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अजय बघेल को 24 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां न्यायिक अभिरक्षा की मांग पर न्यायालय ने आरोपी को जेल भेजने का आदेश दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गणेश पर्व की तैयारी शुरू शहर में सजने लगे पंडाल
राजनांदगांव। संस्कारधानी राजनांदगांव जिले में परंपरागत तरीके से गणेश चतुर्थी का पर्व मनाया जाता है, जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। जिला मुख्यालय में गणेश पर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर के विभिन्न इलाकों में छोटे से लेकर बड़े और आकर्षक गणेश पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। वहीं मूर्तिकार भी गणेश प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।
इस बार भी बाजार में छोटे गणेश से लेकर 10 फीट तक के गणेश प्रतिमाएं तैयार हो रही है। भगवान के विभिन्न रूपों के आधार पर गणेश प्रतिमाओं को आकार दिया जा रहा है। मूर्तिकारों की माने तो महंगाई के बाद भी राजनांदगांव जिले में मूर्तियों को अंतिम रूप देने में कलाकार जुटे हुए हैं।
मूर्तिकार अशोक यादव ने बताया कि इस वर्ष भी मूर्तियों को विभिन्न रूपों में आकर दिया जा रहा है। 1 फीट से लेकर 10 तक की मूर्तियां तैयार की जा रही है। जिसकी बुकिंग भी शुरू हो गई है। शहर में अलग-अलग रूपों और आकारों में भगवान गणेश की प्रतिमाएं विराजमान होंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


