दुर्ग। बोरसी भाठा वार्ड 50 स्थित एक क्लीनिक में 10वीं के छात्र के साथ कथित अश्लील हरकत करने वाले चिकित्सक सुधीर हिशीकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज करने के बाद पद्मनाभपुर पुलिस ने उक्त कार्रवाई की है।

यह भी पढ़ें : CG Morning News: CM साय जिला पंचायत CEO की लेंगे समीक्षा बैठक… विद्युत मीटर रीडरों का आज धरना-प्रदर्शन… IGKV के सेवानिवृत्त शिक्षकों और वैज्ञानिकों ने किया आंदोलन का ऐलान… पढ़ें और भी खबरें

पुलिस ने बताया कि 24 जुलाई दोपहर करीब 1 बजे पीड़ित किशोर अपने दोस्त के लिए मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने बोरसी भाठा स्थित क्लीनिक पहुंचा था। आरोप है कि जांच के दौरान डॉक्टर ने उसके प्राइवेट पार्ट को अनुचित तरीके से छुआ और उसे गले लगाकर अश्लील हरकत की थी। घटना के बाद छात्र किसी तरह क्लीनिक से निकलकर घर पहुंचा और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर पद्मनाभपुर थाना पहुंचे, जहां लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी।

पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की। शनिवार 25 जुलाई को आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। एडॉप्शन सेंटर की जांच के दिए गए आदेश मामले को देखते हुए जिला प्रशासन ने आरोपी से जुड़े मातृ छाया सेवा भारती एडॉप्शन सेंटर की भी जांच कराने का निर्णय लिया है।

पुलिस और प्रशासन यह पता लगाएंगे कि सेंटर का संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप किया जा रहा था या नहीं। जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह ने महिला एवं बाल विकास विभाग को एडॉप्शन सेंटर की जांच के निर्देश दिए हैं।

सेवा भारती मातृ छाया का कर रहा था संचालन

आरोपी डॉ. सुधीर हिशीकर पिछले लगभग 30 वर्षों से बोरसी भाठा में क्लीनिक संचालित कर रहे हैं। वहीं उसके निवास बोरसी कालोनी में भी वह क्लीनिक चलाकर मरीजों की जांच करते थे। उन्होंने बीएएमएस की डिग्री प्राप्त की है। उसकी पत्नी भी डॉक्टर हैं और ग्राम अंडा में संविदा पर पदस्थ हैं। दोनों सेवा भारती मातृ छाया एडॉप्शन सेंटर के संचालन से भी जुड़े हुए हैं।

एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण समारोह टला

दुर्ग। नगर निगम दुर्ग में भाजपा के नियुक्त एल्डरमेनों का शपथ ग्रहण समारोह आमंत्रण कार्ड में भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक का नाम नहीं होने के कारण टल गया है। अब नए सिरे से 29 या 30 जुलाई को शपथ ग्रहण कराया जाएगा।

जानकरी के मुताबिक जिला अध्यक्ष का शपथ ग्रहण समारोह आमंत्रण कार्ड में नाम नहीं होने के कारण एल्डरमेनों ने शपथ ग्रहण करने से इनकार कर दिया। जिसके चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई। नगर पालिका निगम द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है जिसका बाकायदा कार्ड छपाए गए हैं।

पता चला कि कार्ड में जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक का नाम ही नहीं है, इस बात को लेकर एल्डरमेनों ने नाराजगी जाहिर की और शपथ ग्रहण करने से इनकार कर दिया। बताया जाता है कि अब नए सिरे से 29 या 30 जुलाई को कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मंत्री गजेन्द्र यादव, जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, महापौर अलका बाघमार सहित अन्य लोगों की उपस्थिति रहेगी।

सीएसवीटीयू ने किया बोर्ड ऑफ स्टडीज का गठन, विशेषज्ञ शिक्षकों को मिली जिम्मेदारी

भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई ने तकनीकी शिक्षा को नई दिशा देने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए विभिन्न इंजीनियरिंग एवं कंप्यूटर संकायों के बोर्ड ऑफ स्टडीज (बॉस) का पुनर्गठन कर दिया है। विभिन्न विषयों के लिए अध्यक्ष, प्रोफेसर, रीडर, एसोसिएट प्रोफेसर एवं सहायक प्राध्यापकों की नई टीम गठित की गई है। यह बोर्ड आने वाले समय में पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली और उद्योगोन्मुखी शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेगा।

इस तरह से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, सूचना प्रौद्योगिकी, कंप्यूटर एप्लीकेशन, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन तथा इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग सहित विभिन्न शाखाओं के लिए नए बोर्ड ऑफ स्टडीज का गठन किया गया है। इन समितियों में बीआईटी दुर्ग, आरसीईट भिलाई, सीईसी बिलासपुर, एसएसटीस भिलाई, जीईसी रायपुर, जीईसी बिलासपुर यूटीडी-सीएसवीटीयू सहित प्रदेश के को प्रमुख संस्थानों के विशेषज्ञ शिक्षकों को शामिल किया गया है।

शिक्षा, उद्योग और शोध का होगा बेहतर समन्वय

बोर्ड ऑफ स्टडीज का प्रमुख दायित्व पाठ्यक्रमों का समय-समय पर पुनरीक्षण, नई तकनीकों के अनुरूप विषयों को शामिल करना, परीक्षा प्रणाली में सुधार तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा को विकसित करना होगा। इससे विद्यार्थियों को रोजगारपरक और आधुनिक तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

इंस्टाग्राम पर फोटो वायरल करने की धमकी देने वाला गिरफ्तार

भिलाईनगर। एआई तकनीक का दुरुपयोग कर पीड़िता के फोटो एडिट कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल करने पीड़िता से 5 लाख रुपए की अवैध मांग तथा रकम नहीं देने पर उसके पति को जान से मारने एवं पीड़िता को जबरन तलाक लेने के लिए लगातार धमकी देने वाले आरोपी को छावनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि 24 जुलाई को पीड़िता ने थाना छावनी में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराया कि मोबाइल का उपयोग करने वाले रविन्द्र भारती ने उससे 5 लाख रुपए की मांग की जा रही थी। रकम नहीं देने पर आरोपी ने उसके पति को जान से मारने की धमकी दी तथा एआई तकनीक का उपयोग कर उसके फोटो एडिट कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी दी एवं पीड़िता पर उसके पति से जबरन तलाक लेने का दबाव बनाया। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना छावनी में धारा 308 (2), 308 (3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत विवेचना प्रारंभ की। विवेचना के दौरान आरोपी रविन्द्र भारती (30 वर्ष) निवासी सतनामी पारा, ठेंगाभाट, थाना धमधा को गिरफ्तार किया है।

किसान की जमीन हड़पने वाले कोठारी बंधु गए जेल

राजनांदगांव। शहर के कोठारी बंधु ने धोखाधड़ी कर 4 डिसमिल भूमि हड़प ली। उन पर जान से मारने की धमकी देकर धमकी देकर ब्याज की अधिक राशि लेने का भी आरोप लगा है। पुलिस ने दोनों आरोपी व्यापारी भाइयों निर्मलचंद कोठारी (58 साल) और नलिन कोठारी (54 साल) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह से मिली जानकारी के अनुसार, आवेदक ग्राम पार्टीकला निवासी रोहित कुमार साहू पिता आनंद राम साहू (46 साल) ने 26 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज करायी थी कि 25 नवंबर 2021 को उसके पिता आनंद राम ने पैसों की आवश्यकता होने पर अपने नाम की भूमि खसरा नंबर 138/6 रकबा 40 डिसमिल को निर्मल कोठारी के पास गिरवी रखा गया था।

उक्त जमीन को गिरवी रखकर निर्मल कोठारी द्वारा तय किये गये 2 प्रतिशत ब्याज की दर से 5 लाख 11 हजार रूपये प्राप्त किये थे, और सिक्युरिटी के तौर पर उससे और उसके पिता आनंद राम एवं भाई जेसुराम साहू से निर्मल कोठारी द्वारा ब्लैक चेक एवं कोरे कागजात पर दस्तखत करवाया गया था।

जिससे निर्मल कोठारी द्वारा गिरवी रखी गई जमीन को अपने नाम पर रजिस्ट्री करवा लिया और इसे तथा इसके परिवार को दबावपूर्वक जान से मारने या मरवा डालने की धमकी देकर 6 प्रतिशत की दर से ब्याज में रूपये भी वसूलता रहा। कोरे कागजात पर छलपूर्वक झूठा किरायानामा अपने भाई नलिन कोठारी से बनवाकर सिक्युरिटी के तौर पर लिये गये ब्लैंक चेक को बाउंस करवाकर झूठा मामला न्यायालय में करवाया गया।

उधार ली गई रकम को लौटा देने के बावजूद इनके स्वामित्व की जमीन को वापस करने के एवज में बैंक से 20 लाख रूपये की रकम फाइनेंस करवाकर निर्मल कोठारी को देने पर केवल 12 डिसमिल जमीन को वापस किया है, शेष 28 डिसमिल जमीन अपने स्वामित्व में रखा है जिसे लौटाने के लिए दबावपूर्वक और रकम की मांग कर रहा है।

रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलॉफ अपoक्र० 398 / 26 धारा 386, 420, 34 भादवि0, छ०ग० ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 की धारा 4 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने आरोपी निर्मलचंद कोठारी एवं नलिन कोठारी निवासी कामठी लाईन राजनांदगांव को तलब कर प्रकरण के संबंध में पूछताछ की। जुर्म स्वीकार करने पर दोनों आरोपी भाइयों को आज विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा गया।

एमन सोमनी व कौशलेश होंगे बसंतपुर के नए थाना प्रभारी

राजनांदगांव। पुलिस विभाग में संक्षिप्त फेरबदल किया गया है। जिसमें चार थानों के प्रभारी बदल दिए गए हैं। बसंतपुर थाना प्रभारी एमन साहू को सोमनी थाने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं छुरिया थाना प्रभारी कौशलेश देवांगन को बसंतपुर थाना का प्रभार सौंपा गया है।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा जारी की गई तबादला सूची के अनुसार बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू को थाना सोमनी व छुरिया थाना प्रभारी कौशलेश देवांगन को थाना बसंतपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं रक्षित केंद्र से अनुराग सोनवानी को छुरिया तथा पुलिस चौकी चिखली में पदस्थ उप निरीक्षक राकेश पटेल को बोर तलाव का नया थाना प्रभारी बनाया गया है । सहायक उप निरीक्षक डी. सुमन को यातायात शाखा से चौकी चिखली में पदस्थ किया गया है।

तीन दिवसीय भारत व्यापार महोत्सव 12 अगस्त से

राजनांदगांव। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) राजनांदगांव इकाई ने जिले के व्यापारियों, उद्योगपतियों एवं युवा उद्यमियों से आगामी 12 से 15 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित होने वाले भारत व्यापार महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।

कैट जिला अध्यक्ष राजेश डागा ने कहा कि यह महोत्सव केवल एक व्यापार प्रदर्शनी नहीं, बल्कि देश-विदेश के खरीदारों, निवेशकों, उद्योगपतियों एवं व्यापारिक प्रतिनिधियों से सीधे जुड़ने का एक ऐतिहासिक अवसर है। इस आयोजन के माध्यम से व्यापारियों को नए बाजार, आधुनिक व्यापार तकनीकों, डिजिटल कॉमर्स, ब्रांडिंग, ई-कॉमर्स, आयात-निर्यात तथा नेटवर्किंग के नए अवसर प्राप्त होंगे।

उज्जैन महाकाल की तर्ज पर निकलेगी शहर में पालकी यात्रा

राजनांदगांव। महाकाल सेना भक्त मण्डल द्वारा आगामी सावन माह में निकलने वाली भगवान चंद्रमौलेश्वर महाकाल की पालकी यात्रा को भव्य, अनुशासित एवं आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से शुक्रवार को माहेश्वरी भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में महाकाल भक्त शामिल हुए तथा यात्रा को और अधिक आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक में सावन सोमवार की पालकी यात्रा की संपूर्ण रूपरेखा, यात्रा मार्ग, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सुरक्षा, स्वच्छता, जनसहभागिता एवं धार्मिक मर्यादाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने सर्वसम्मति से यात्रा को शहर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप भव्य स्वरूप देने का संकल्प लिया।

12 स्थानों पर निकलेगी महाकाल की पालकी

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि राजनांदगांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भगवान चंद्रमौलेश्वर महाकाल की पालकी यात्राएं निकाली जाएंगी। प्रथम सोमवार 3 अगस्त, द्वितीय सोमवार 10 अगस्त, तृतीय सोमवार 17 अगस्त, चतुर्थ सोमवार 24 अगस्त, पंचम सोमवार 31 अगस्त तथा विशेष पालकी यात्रा 6 अगस्त गुरुवार को निकाली जाएगी। इसके अतिरिक्त डोंगरगांव, खैरागढ़, पार्रीकला, बोदला सहित अन्य स्थानों में भी महाकाल पालकी यात्राओं का आयोजन होगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m