CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह 10 बजे नवा रायपुर स्थित SIRD कैंपस पहुंचेंगे, जहां वे जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (CEO) की समीक्षा बैठक लेंगे. बैठक के बाद मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे SIRD कैंपस से रवाना होकर मंत्रालय पहुंचेंगे. इसके बाद वे दोपहर 2 बजे तक मंत्रालय में विभिन्न कार्यालयीन कार्यों और प्रशासनिक बैठकों में व्यस्त रहेंगे.

विद्युत मीटर रीडरों का आज धरना-प्रदर्शन

रायपुर. विद्युत मीटर रीडर श्रमिक संघ छत्तीसगढ़ के नेतृत्व में प्रदेशभर के विद्युत मीटर रीडर अपनी वर्षों पुरानी समस्याओं एवं रोजगार सुरक्षा की मांग को लेकर 27 जुलाई को पूर्वान्ह 11 बजे से शाम 4 बजे तक पावर कंपनी मुख्यालय डंगनिया एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन करेंगे. संघ का कहना है कि प्रदेश में स्मार्ट मीटर, ऑटो पंचिंग एवं प्रीपेड (रिचार्ज) प्रणाली लागू होने से हजारों मीटर रीडरों का भविष्य संकट में पड़ गया है. वर्षों से कार्यरत मीटर रीडरों के समक्ष आजीविका का गंभीर प्रश्न खड़ा हो गया है. साथ ही कई जिलों में महीनों से मानदेय भुगतान लंबित है तथा अलग-अलग जिलों में अलग-अलग दरों से भुगतान किए जाने के कारण कर्मचारियों में भारी असंतोष है. मीटर रीडरों का कहना है कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था से प्रभावित मीटर रीडरों के रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए. जब तक वैकल्पिक रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जाता तब तक प्रीपेड (रिचार्ज) व्यवस्था लागू न की जाए, पूरे प्रदेश में मीटर रीडरों के लिए एक समान कार्य एवं भुगतान नीति लागू की जाए.

E20 ईंधन को लेकर जनजागरूकता अभियान चले : इदरीस गांधी

रायपुर. छत्तीसगढ़ उर्दू अकादमी के अध्यक्ष इदरीस गांधी ने कहा है कि E20 ईंधन नीति को लेकर छत्तीसगढ़ के अनेक वाहन मालिकों के मन में विभिन्न प्रकार की शंकाएं हैं. किसी भी नई नीति के साथ आम नागरिकों को स्पष्ट, सरल और तथ्यपरक जानकारी उपलब्ध कराना भी उतना ही आवश्यक है. उन्होंने मांग करते हुए कहा कि E20 ईंधन के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, जिससे मालिकों को ब्लेंडेड फ्यूल उनकी वाहन के लिए उपयुक्त है या नहीं, साथ ही माइलेज और मेंटेनेंस में क्या प्रभाव पड़ेगा यह मालूम पड़ सके. इसके अलावा पेट्रोल पंपों पर स्पष्ट जानकारी प्रदर्शित की जाए.

आज ड्यूटी पर नहीं लौटे तो हटेंगे अतिथि शिक्षक!

रायपुर. रायपुर. छत्तीसगढ़ में हड़ताल पर बैठे अतिथि शिक्षकों के लिए आज ड्यूटी पर लौटने का आखिरी मौका है. स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया था कि 27 जुलाई 2026 तक सभी हड़तालरत अतिथि शिक्षकों को अपने-अपने विद्यालयों में लौटकर अध्यापन कार्य शुरू करना होगा. इस संबंध में विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को आवश्यक निर्देश जारी किए थे. विभाग ने चेतावनी दी है कि जो अतिथि शिक्षक आज भी ड्यूटी पर वापस नहीं लौटेंगे, उनकी सेवाएं समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी.

IGKV के सेवानिवृत्त शिक्षकों और वैज्ञानिकों ने किया आंदोलन का ऐलान

रायपुर. इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसरों, वैज्ञानिकों और कर्मचारियों ने लंबित पेंशन प्रकरणों के विरोध में 27 जुलाई से विश्वविद्यालय आईजीकेवी परिसर के सेवानिवृत्त शिक्षकों और क्रमिक वैज्ञानिकों ने शांतिपूर्ण धरना किया शुरू करने की घोषणा की है. सेवानिवृत्त शिक्षक संघ का आरोप है कि अप्रैल 2024 से सेवानिवृत्त हुए करीब 38 से 40 प्रोफेसरों और वैज्ञानिकों के पेंशन प्रकरण अब तक लंबित हैं. इसके कारण न तो उनके पेंशन भुगतान आदेश जारी किए गए हैं और न ही नियमित पेंशन और महंगाई राहत का भुगतान हो रहा है. संघ का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन और लेखा नियंत्रक के समक्ष व्यक्तिगत तथा सामूहिक रूप से कई बार अनुरोध किया गया, लेकिन हर बार नई प्रशासनिक और विभागीय आपत्तियां लगाकर प्रकरण लंबित रखे गए. इस संबंध में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री, मुख्य सचिव, कृषि उत्पादन आयुक्त, वित्त सचिव सहित अन्य सक्षम अधिकारियों को भी ज्ञापन और पत्र भेजे गए, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका.

परिसर में क्रमिक शांतिपूर्ण धरना

संघ के अनुसार, संबंधित सेवानिवृत्त प्रोफेसरों और वैज्ञानिकों के खिलाफ कोई विभागीय कार्रवाई, सतर्कता (विजिलेंस) प्रकरण या सेवा संबंधी विसंगति लंबित नहीं हैं. इसके बावजूद पेंशन प्रकरणों का निराकरण नहीं किया जा रहा है. संघ की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि 27 जुलाई से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में क्रमिक शांतिपूर्ण धरना एवं प्रदर्शन शुरू किया जाएगा. संघ ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन सभी पात्र सेवानिवृत्त प्रोफेसरों और वैज्ञानिकों के पेंशन प्रकरणों का निराकरण, पीपीओ जारी होने तथा लंबित महंगाई राहत एवं अन्य देयों के भुगतान तक जारी रहेगा.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H