Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update : भिलाई। तीन माह पहले हुए मंदिर चोरी मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं। घटना सेक्टर-6 स्थित श्री शिर्डी साईं बाबा मंदिर की है। घटना 26 फरवरी 2026 की रात की है। मंदिर परिसर में सीसी कैमरा भी लगा हुआ है। वारदात को सुलझाने के लिए टीम भी बनाई गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता हाथ नहीं पाई है। जांच में पुलिस की टीम बिहार के वैशाली तक भी पहुंची थी। पुलिस के हाथ अभी भी खाली हैं। पुलिस के मुताबिक मामले में किसी बाहरी गिरोह का हाथ होने का संदेह है। एमपी, हरियाणा समेत अन्य राज्यों के गैंग पुलिस के रडार पर हैं, लेकिन इतनी बड़ी चोरी मामले में पुलिस को सुराग तक नहीं मिल पाया है। मामले में परमेश्वर सेन ने शिकायत कराया था। जिसमें पुलिस को बताया गया है कि 25 फरवरी की रात वह मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात थे।

मंदिर के पुजारी रात करीब 9:15 बजे मंदिर बंद कर अपने घर चले गए थे। रात करीब 2.15 से 3 बजे के बीच 4 से 5 नकाबपोश बदमाश पीछे की ओर से आए और उन्हें पकड़ लिया। बदमाशों ने उसके साथ मारपीट कर नायलॉन की रस्सी से हाथ-पैर बांध दिया था। आंखों पर कपड़ा बांधकर प्रसाद काउंटर के पास लिटा दिया गया। बदमाशों ने गार्ड का नाक और मुंह पूरी तरह दबाए रखा, ताकि वह शोर न मचा सके। आरोपी मंदिर के अंदर घुस गए और करीब एक घंटे तक चोरी करते रहे। इस दौरान उन्होंने मंदिर में रखे चांदी के कई कीमती सामान और दानपेटी को भी निशाना बनाया था। मौके पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले, डॉग स्क्वॉड, फॉरेंसिक टीम की मदद ली गई थी। कई संदिग्धों से भी पूछताछ भी की गई, लेकिन अब तक कोई बड़ा सुराग पुलिस के हाथ नहीं लग पाया है।
लाखों का डोडा तस्करी करते राजस्थान का युवक गिरफ्तार
भिलाई। अवैध रूप से डोडा का चूरा की तस्करी करते एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एएसपी मणीशंकर चंद्रा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर बोरसी चौक स्थित शीतला मंदिर के पास पदमनाभपुर से पकड़ा गया।
युवक से पूछताछ करने पर अपना नाम नोकड़ा, गोदारा थाना भोजासार, जिला फलोदी राजस्थान जो हाल में बोरसी निवासी महेंद्र बिश्नोई बताया है। युवक के पसा से 12 किलो 330 ग्राम अवैध डोडा चूरा और नगदी 1500 रुपए बरामद किया गया है। जिसकी कीमत 1.84 लाख 959 रुपये आंकी गई है। लगातार नशे का सामान लेकर दिगर राज्यों के लोग शहर में लगातार पकड़े जा रहे हैं। इसके कारण जिला नशे का बड़ा हब बन गया है। जिस तेजी से नशे का कारोबार फैल रहा है। पुलिस तस्करों को पकड़ रही है, लेकिन नशे का मास्टर माइंड आज तक पुलिस पकड़ से बाहर है। बाहर से आने वालों का पुलिस डाटा तैयार नहीं कर पाने के कारण ही नशे के कारोबारी छत्तीसगढ़ को सुरक्षित मान रहे हैं।
ट्रांसफार्मर में शार्ट सर्किट से कबाड़ दुकान में लगी आग
भिलाई। कबाड़ी की दुकान में अचानक आग लग जाने से सारा सामान जलकर खाक हो गया है। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक सुपेला स्थित राधिका नगर में कबाड़ी दुकान में आग लग गई। आग तेजी से फैलने से आसपास अफरा-तफरी मच गई। कबाड़ी दुकान के पास में ही ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। उसमें अचानक चिंगारी निकली और आग कबाड़ी दुकान तक पहुंच गई। बस्ती के लोगों ने आगजनी की जानकारी दमकल कर्मियों को दी। खबर लगते ही टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। जब तक आग बुझती कबाड़ी दुकान का काफी सामान जल गया था। अग्निशमन टीम के मुताबिक कबाड़ी दुकान परमानंद चंदेल की है।
दुकान में बड़ी तादात में कबाड़ था इससे भी आग तेजी से फैली है। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण ट्रांसफॉर्मर में हुए शॉर्ट सर्किट से होना बताया जा रहा है। लेकिन जांच के बाद ही असली कारणों का पता चल पाएगा। आग में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग बुझाने में अग्निशमन दल प्रभारी घनश्याम यादव, कर्मी रामनाथ कुर्रे, संतोष कुमार, अनंत कुमार, भीखम, टिकेन्द्र, जितेन्द्र समेत टीम मौजूद थी। बिजली व्यवस्था रही प्रभावितः राधिका नगर में लगी आग के कारण कई घंटे इलाके में ब्लैकआउट रहा। कई घंटे बाद बिजली व्यवस्था बहाल हो पाई।
डोडा चूरा के साथ अंतर राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
दुर्ग। अवैध डोरा चूरा के साथ अंतर राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार करने में पद्मनाभपुर पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी के पास से 13 किलो से अधिक अवैध डोडा चूरा जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि मुखबीर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति लाल रंग का शर्ट पहना हुआ है और वह बोरसी चौक स्थित शीतला मंदिर के पास बैग में अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा रखकर बिक्री करने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी करते हुए संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पुलिस ने आरोपी महेंद्र बिश्नोई 24 वर्ष निवासी नोकड़ा, गोदारा, थाना भोजासार जिला फलोदी राजस्थान हाल मुकाम स्कूल चौक बोरसी को पकड़ा। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 12 किलो 330 ग्राम अवैध डोडा चूरा एवं बिक्री की रकम 1500 रुपए बरामद किए गए। आरोपी किराए का मकान लेकर अवैध कार्य कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8 (ग), 15 (बी), 27 (क) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया है।
पूरानी रंजीश को लेकर आरोपियों ने प्रार्थिया से की मारपीट
दुर्ग। घर के सामने बैठी प्रार्थिया के साथ पड़ोस में ही रहने वाले आरोपी दिनेश देवार, इकबाल देवार, अल्ताफ देवार ने पुरानी बात को लेकर मारपीट की। इससे प्रार्थिया नसीम अली को चोटें आई। प्रार्थिया की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि 22 मई की रात 10 बजे प्रार्थिया अपने घर के पास बैठी थी। उसी समय उसके पड़ोस में रहने वाले आरोपी गण पहुंचे और गाली गलौज करने लगे। जब प्रार्थिया ने गाली देने से मना किया तो सभी आरोपियों ने एक राय होकर गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर हाथ मुक्के से मारपीट किये। इससे प्रार्थिया के आंख, कान, हाथ आदि में चोटें आई। जब बीच बचाव करने प्रार्थिया की मां सुनीता सोनवानी पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की।
ट्रक की ठोकर से पेड़ से टकराई बस
राजनांदगांव। एक बस को पीछे से आ रही ट्रक ने ठोकर मार दिया। जिससे बस पेड़ से जा टकराई। इस घटना में बस के ड्राईवर साइड क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार बागनदी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हैदराबाद से रायपुर की ओर जा रही बस 23 मई को सुबह लगभग साढे 6 बजे ग्राम सड़क चिरचारी के पास पहुंचा ही था कि पीछे से आ रही ट्रक के चालक ने लापरवाही से वाहन को चलाते बस को ठोकर मार दिया। जिससे बस पेड़ से जाकर टकरा गई। जिससे ड्राईवर साईड का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बताया गया कि बस को ठोकर मारने के बाद ट्रक एक काम्प्लेक्स में जाकर घुस गई। जिससे काम्प्लेक्स का टीन शेड टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना की रिपोर्ट प्रार्थी मकबूल खान ने दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बीमारी का बहाना बनाकर की ठगी
राजनांदगांव। सोशल मीडिया में दोस्ती करने के बाद छात्र से अनावेदिकाओं ने बीमारी का बहाना बनाकर तीन लाख रुपए की ठगी कर ली।
घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार बसंतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रार्थी ओम सोनकर 21 वर्ष नंदई निवासी ने आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराया है कि उसकी दोस्ती अनावेदिका से इंस्टाग्राम के माध्यम से अप्रैल वर्ष 2024 को हुआ था। परिचय होने के बाद मोबाइल में कॉल व मैसेज के माध्यम से बातचीत करना प्रारंभ किया। लगातार बातचीत कर उससे अच्छा परिचय हो गया, तब अपनी झूठी परेशानी ब्लड कैंसर, माईग्रेन व अन्य बीमारियों से ग्रसित बताया तथा स्वयं को परिवार की बड़ी बहन, माता से प्रताड़ित होना बताया व भावनात्क बातों से अलग-अलग समय कुल मिलाकर तीन लाख रुपए की राशि खातों में ऑनलाइन पेमेंट डलवाकर ठगी कर चुकी है।
राशि की मांग करने पर झूठा आरोप लगाकर जेल भेजने की धमकी दी। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध अपराध दर्ज किया है। मामले की विवेचना की जा रही है।

