दुर्ग। शेयर ट्रेडिंग में अच्छा लाभ दिलाने का झांसा देकर अज्ञात मोबाइल धारकों ने लाखों रुपए की धोखाधड़ी प्रार्थी के साथ की। प्रार्थी की शिकायत पर पद्मनाभपुर पुलिस ने मोबाइल धारकों के खिलाफ धारा 318 (4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी अमित प्रसाद सड़क नंबर 3 विराट नगर बोरसी निवासी है और वह भजन स्टील नाम से घर से स्टील ट्रेडिंग का काम करता है। उसके मोबाइल पर किसी अज्ञात व्यक्ति का 23 जुलाई 2025 को फोन आया था और बताया कि हम लोग शेयर ट्रेडिंग का काम करते हैं। हम अच्छे लाभ कम पैसे में प्रदान करते हैं। उनके बताए अनुसार राठी ने जरोधा शेयर ट्रेडिंग एप में शेयर ट्रेडिंग का काम चालू करने कहा गया था। उन लोगों ने तीन से चार लाख रुपए का लाभ भी प्रदान किया।

इसके बाद आरोपियों ने एक कैपिटल मोंक के बारे में बताए, जिसमें कंपनी द्वारा 25 लाख रुपए लगाकर ट्रेडिंग किया जाता है और जो भी लाभ होता है, उसका 30% सर्विस चार्ज लेकर शेष रकम को कस्टमर के खाते में डाल दिया जाता है। एक महीने बाद प्रार्थी के कैपिटल मोंक के खाते में 2 करोड़ 29 लाख 57 हजार 460 रुपए दिखाये गए, जिसके एवज में 30% सर्विस टैक्स के रूप में उसे 86,08,745 रुपए जमा करने कहा गया।
इस पर प्रार्थी ने अलग-अलग खातों में कुल रकम 86,08,745 रुपए जमा किया। इसके बाद कैपिटल मोंक द्वारा प्रार्थी को कोई भी रकम प्रदान नहीं की गई। जब प्रार्थी ने अपनी रकम वापस मांगी तब मोबाइल धारक ने टालमटोल किया।
हाइटेक अस्पताल से 32 लाख रुपए गबन करने का आरोपी कैशियर गिरफ्तार
भिलाईनगर। हाइटेक अस्पताल में कैशियर के पद पर कार्यरत आरोपी को संस्थान की नगद राशि बैंक में जमा नहीं कर करीब 32 लाख रुपए के गबन के मामले में सुपेला थाना अंतर्गत स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि हाइटेक अस्पताल भिलाई के संचालक मनोज अग्रवाल ने चौकी स्मृति नगर में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत में बताया कि अस्पताल में पिछले लगभग 06 वर्षों से कैशियर के पद पर कार्यरत जसविंदर सिंह (46 वर्ष) निवासी 122/ डी रुआबांधा सेक्टर थाना भिलाई नगर, जिला दुर्ग ने अस्पताल की राशि बैंक में जमा करने के बजाय अपने पास रख रहा था।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने उपलब्ध दस्तावेजों, वित्तीय लेन- देन एवं अन्य संबंधित तथ्यों की जांच की। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने कैशियर के पद का दुरुपयोग करते हुए संस्थान की लगभग 32 लाख रुपए की राशि का गबन किया है। इस पर थाना सुपेला चौकी स्मृति नगर में धारा 316 (4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान आरोपी से पूछताछ एवं प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर गबन की राशि के उपयोग के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। आरोपी ने राशि बैंक में जमा करने के संबंध में ई-मेल के माध्यम से गलत जानकारी देकर वास्तविक स्थिति छिपाने का प्रयास किया गया था। पुलिस द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी जसविंदर सिंह को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
आरोपी ने गबन की राशि से खरीदा गया सैंमसंग कंपनी का मोबाइल फोन, अनुमानित कीमत लगभग 1,50,000 को भी विधिवत जब्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड की कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण में विवेचना जारी है।
बाजार दर से कम दाम पर सोलर पैनल देने का झांसा देकर 34 लाख की ठगी
भिलाईनगर। सनरूट एनर्जी साल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड मुम्बई महाराष्ट्र ने प्रार्थी के फर्म को बाजार दर पर कम दाम पर सोलर पैनल प्रदाय कर ग्राहकों को लगाने के लिए बताकर 34 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है। रिपोर्ट पर पुलिस मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना कर रही है।
सुपेला पुलिस ने बताया कि नवीन कुमार सिंह (29 वर्ष) निवासी- खुर्सीपार मकान नं. 45 बापूनगर जोन- 2 वार्ड 33 सेक्टर-11 ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 24 जून को उसके मोबाइल में फोन आया जो अपना नाम स्नेहा बताकर कहा कि हम लोग सोलर पैनल बिक्री का कार्य करते है। हर प्रकार का सोलर पैनल देने की बात कही और अपने मैनेजर कमलेश पाटिल से भी कॉल से बात कराया और ऑर्डर संबंधित जानकारी दी एवं रेट फाइनल करवाया।
प्रार्थी के द्वारा रकम ज्यादा होने की वजह से अन्य पार्टियों से बात कर आपस में सलाह कर सबसे रकम इकट्ठा कर अलग-अलग तारीख में कुल 34 लाख रुपए कंपनी को भुगतान किया जो कंपनी ने समय पर सोलार माड्युल भेजने का नियत तिथि में नहीं भेजा। हर बार किसी प्रकार का बहाना बनाकर ताल मटोल कर आज दिनांक तक प्रार्थी को सामान नहीं पहुंचाया गया है। रिपोर्ट पर मामले में पुलिस ने सनरुट एनर्जी साल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड मुंबई के सेल्स एक्यूटस, मैनेजर कमलेश पाटिल पर मामले में धारा 3 (5), 318 (4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
अस्पताल से मोबाइल मांग कर भागे आरोपी ने की 1.48 लाख रुपए की धोखाधड़ी
दुर्ग। फोन करने के लिए अपना मोबाइल अज्ञात व्यक्ति को देना प्रार्थी को भारी पड़ गया। मौके का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपी जिला अस्पताल से प्रार्थी का मोबाइल लेकर फरार हो गया। इसके बाद आरोपी प्रार्थी के मोबाइल के माध्यम से खाते से लगभग 1,48,301 रुपए निकाल कर धोखाधड़ी कर लिया। प्रार्थी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318 (4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में जुटी है।
कोतवाली थाना प्रभारी नवीन राजपूत ने बताया कि प्रार्थी कुलेश्वर निषाद ग्राम महमरा चौकी अंजोरा थाना पुलगांव निवासी है। 19 अगस्त को उसके पिता सालिक राम निषाद को सांप काट दिया था जिसे इलाज के लिए उसने जिला अस्पताल में भर्ती किया था। वह पिता की देखभाल के लिए अस्पताल में था तभी एक अज्ञात व्यक्ति के द्वारा उसे कहा गया कि रिश्तेदार को फोन करना है मोबाइल दोगे क्या । इस पर सहयोग करते हुए प्रार्थी ने उसे अपना मोबाइल बात करने के लिए दे दिया।
आरोपी मोबाइल से किसी से बात करते हुए वहीं खड़ा था। इसी दौरान प्रार्थी को उसके पिता ने आवाज लगाई। वह अपने पिता के पास कमरे में गया। जब वह वापस आया तो देखा अज्ञात आरोपी उसका मोबाइल लेकर फरार हो गया था। इसके बाद से प्रार्थी के बैंक खाता से अलग-अलग दिनांक पर कुल 1,48,301 रुपए निकाल लिए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नकली घड़ियां बेचने वाले पर अपराध दर्ज
दुर्ग। कंपनी की ओर से असली नकली गाड़ियों की जांच करने पहुंचे प्रार्थी ने पाया कि दुकानदार टाइटन कंपनी की नकली घड़ियां बेच रहा है।
प्रार्थी गौरव तिवारी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 63 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी नई दिल्ली निवासी है और वह कंपनी में कार्यरत है। वह शिकायत मिलने पर टाइटन कंपनी की ओर से असली नकली घड़ियों की जांच करने दुर्ग पहुंचा था।
होटल मान के पास नवाब प्लाजा के सामने इंदिरा मार्केट स्थित संत कबीर वॉच शॉप मे जब वह जांच करने पहुंचा तो पाया कि दुकान का संचालक कमलेश निर्मलकर काफी समय से कंपनी के नाम का दुरुपयोग करते हुए नकली घड़ियां मार्केट में बेच रहा है।
एग्रीस्टेक पंजीयन बिना नहीं बिकेगा धान
दुर्ग। एग्रीटेक पंजीयन बिना किसानों का धान नहीं बिकेगा इसके लिए सह खातेदारों का भी पंजीयन होना जरूरी है। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर पंजीयन के स्थिति की समीक्षा की।
गौरतलब है कि धान खरीदी के लिए किसानों का शत-प्रतिशत एग्रीस्टेक पंजीयन कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कलेक्टर अभीजीत सिंह की अध्यक्षता में पीडब्ल्यूडी सभाकक्ष में आयोजित बैठक में एग्रीस्टेक एवं बकेट क्लेम में किसानों के पंजीयन के संबंध में सभी अनुविभागीय अधिकारियों, कृषि विभाग, सहकारिता विभाग, अधीक्षक भू-अभिलेख एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक से सम्बद्ध सेवा सहकारी समितियों के संमिति प्रबंधक तथा प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली गई।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि बिना एग्रीटेक पंजीयन धान नहीं बिकेगा, सह खातेदारों का भी पंजीयन होना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 2026-27 में धान बिक्री के लिए एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन एवं सह- खातेदारों का बकेट क्लेम ( सहमति सत्यापन ) अनिवार्य रहेगा।
बकेट क्लेम तब बनता है जब किसी कृषि भूमि में एक से अधिक हिस्सेदारी होती है। प्रत्येक हिस्सेदार के नाम से बकेट आईडी बनती है, जिसे एग्रीस्टेक में पंजीयन कराना आवश्यक है। कलेक्टर ने निर्देश दिये हैं कि बकेट क्लेम और किसानों के पंजीयन का कार्य समय-सीमा में पूरा करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर सह खातेदारों का सत्यापन, सहमति और पंजीयन प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।
जावेद बने हन्फी मस्जिद गोलबाजार के अध्यक्ष, 323 वोटों से जीत हासिल की
राजनांदगांव। हन्फी मस्जिद गोलबाजार में अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में जावेद अंसारी ने एकतरफा जीत हासिल करते हुए अपने प्रतिद्वंदी को 323 वोट से पराजित कर हन्फी मस्जिद गोलबाजार के अध्यक्ष चुने गए। जीत के बाद देर रात तक बधाई देने का सिलसिला चलता रहा। मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के निर्देशानुसार हन्फी मस्जिद गोलबाजार में अध्यक्ष पद के लिए आज शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न कराया गया। मुस्लिम जमातखाना जूनीहटरी हटरी में प्रातः 8 बजे से 4 बजे तक मतदान संपन्न हुआ, जिसमें गोलबाजार मस्जिद के क्षेत्र में आने वाले पुरूष मुस्लिम मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल 998 मतदाताओं में 654 मतदाताओं ने मतदान किया। इस चुनाव जावेद अंसारी व मो. हसन एडवोकेट के बीच सीधा मुकाबला था। जिसमें जावेद अंसारी को कुल 484 वोट तथा मो. हसन को 161 वोट मिले। 9 वोट अवैध पाया गया।
13 राउंड में हुई मतगणना
4 बजे मतदान संपन्न होने के बाद 5 बजे से तहसीलदार व नायब तहसीलदार की अगुवाई में कुल 13 राउंड में मतगणना संपन्न हुई। शुरू से ही जावेद अंसारी ने लीड हासिल की हुई थी। देर रात जावेद को 323 वोट से जीत की घोषणा हुई । गहमा-गहमी का माहौल प्रातः 8 बजे से मतदान शुरू होते ही मतदान स्थल के बाहर दिनभर गहमा- गहमी का माहौल बना रहा। दोनों ही प्रत्याशियों के समर्थक सुबह से देर रात तक मतदान स्थल पर डटे रहे। मतगणना शुरू होते ही समर्थकों में परिणाम जानने के लिए उत्सुकता भी बनी रही।
एसडीएम कार्यालय की घोषणा के बावजूद भी निर्माण नहीं
अंबागढ़ चौकी। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा अम्बागढ़ चौकी प्रवास के दौरान की गई दो बड़ी घोषणाएं आठ माह बाद भी धरातल पर नहीं उतर पाई हैं। सीएम के तीन दिसम्बर 2025 को चौकी आगमन पर यहां अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय एवं एक आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण की घोषणा की थी, लेकिन आज तक निर्माण कार्य प्रारंभ होना तो दूर, स्थान का चिन्हांकन भी नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बीते वर्ष तीन दिसम्बर 2025 को आदिवासी गौरव सम्मेलन में चौकी पहुंचे थे। सीएम के साथ विधानसभा अध्यक्ष डा रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद संतोष पाण्डेय विधायक व भाजपा नेता लोग उपस्थित थे। आमसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने क्षेत्रवासियों की मांग पर चौकी में राजस्व कार्यालय खोलने तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए ऑडिटोरियम बनाने की घोषणा मंच से की थी। घोषणा के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर थी।
लोगों को उम्मीद थी कि अब तहसील स्तर के कार्यों के लिए मोहला नहीं जाना पड़ेगा। सीएम साहब की घोषणा से लगा था कि चौकी का विकास होगा। आठ महीने बीत गए, एक ईंट तक नहीं रखी गई। अधिकारी बोलते हैं कि ऊपर से स्वीकृति नहीं आई। व्यापारियों का कहना है कि राजस्व कार्यालय खुलने से राजस्व प्रकरणों का निराकरण जल्दी होता और ऑडिटोरियम से युवाओं को मंच मिलता। वहीं निर्माण एजेंसी पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि जब तक बजट और जमीन नहीं मिलती, टेंडर की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकती।
प्रस्ताव बनाकर भेजा गया
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मोहला डॉ. हेमेन्द्र भूआर्य का कहना है कि घोषणा के अनुरूप पद सृजन व वित्तीय स्वीकृति जैसे अन्य जानकारी प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है शासन स्तर पर विचाराधीन है आगे की कार्यवाही की कोई जानकारी नहीं आई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



