भिलाईनगर। शहरवासियों को मोटा अनाज (मिलेट) से बने पौष्टिक व्यंजन अब आसानी से उपलब्ध होंगे। भिलाई नगर निगम मुख्यालय में उज्जवला स्व सहायता समूह वार्ड 41 छावनी द्वारा मिलेट कार्ट से पौष्टिक भोजन मिलेगा। मंगलवार से दुकानें संचालित हो रही है। इसके अलावा अन्य अच्छे स्थानों पर मिलेट्स कार्ट स्थापित किया जा रहा है।
अब आसानी से भिलाई निगम सुपेला एवं लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में पौष्टिक व्यंजन उपलब्ध होंगे। मिलेट्स फूड और व्यंजन के तहत कोदो की खीर, कुटकी खीर, रागी का हलवा, भजिया और उपमा। मिलेट से बने पास्ता, रागी नूडल्स, मोमोज, कुकीज, मिल्कशेक तथा इडली, डोसा और पोहा भी कैफे में मिलेंगे।

नगर निगम भिलाई जोन 1, नेहरू नगर के जोन आयुक्त ने डॉ. आर. एन. पटेल, संचालक, सीएसवीटीयू एवं फोर्ट छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर, नेवई भिलाई को मिलेट कार्ट संचालन की अनुमति दी है। मिलेट कार्ट के संचालन के लिए स्थान आवंटन, उपयोग की अनुमति, वेंडिंग लाइसेंस, व्यापार अनुज्ञप्ति, स्ट्रीट वेंडर सर्टिफिकेट एवं फायर सेफ्टी एनओसी प्रदान की गई है।
इन 7 स्थानों पर लगेंगे मिलेट कार्ट : स्टेशन रोड भिलाई नगर, सुपेला घड़ी चौक, गुरुद्वारा रोड नेहरू नगर, ट्रेजर आईलैंड मॉल, नेहरू नगर एलीट हेल्थ क्लब, मिलाई नगर निगम व लाल बहादुर शास्त्री हास्पिटल सुपेला है।
अधिक मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर प्रार्थी और उसके परिवार के 10 सदस्यों से 3 करोड़ 4 लाख 50 हजार रुपये अपने खातों में ट्रांसफर कराने और करीब 2 करोड़ 90 हजार रुपये वापस नहीं करने के मामले में कोतवाली दुर्ग पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। शिकायत मिलने के कुछ ही घंटो के भीतर विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रेम सागर चौक, वार्ड 06 बैगा पारा दुर्ग निवासी कृष्ण कुमार चंद्राकर (56) ने 29 अगस्त को थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी प्रकाश सिन्हा ( 32 ) ने अपनी शेयर ट्रेडिंग कंपनी संचालित करने और उसमें रकम निवेश करने पर अधिक मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया था। आरोपी की बातों में आकर प्रार्थी और उसके परिवार के 10 सदस्यों ने निवेश के लिए रकम दी।
आरोपी ने 24 नवंबर 2021 से 13 जनवरी 2022 के बीच विभिन्न बैंक खातों से कुल 3,04,50,000 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवाए। इसमें से 1,03,60,000 रुपये वापस किए गए, लेकिन शेष 2,00,90,000 रुपये वापस नहीं किए गए। रकम वापस नहीं मिलने पर प्रार्थी ने पुलिस से शिकायत की थी। कोतवाली थाना प्रभारी नवीन राजपूत ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने घटना में संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जिले में 1 लाख 5 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में हुआ फसल बीमा
दुर्ग। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत जिले में खरीफ 2026 में 1 लाख 5 हजार 181 हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न फसलों का बीमा कराया गया है। गत वर्ष लगभग 1 लाख 186 हेक्टेयर क्षेत्र में फसलों का बीमा हुआ था, जबकि इस वर्ष 5 हजार से अधिक हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र को फसल बीमा के दायरे में लाया गया है।
धान सिंचित क्षेत्र में 90 हजार हेक्टेयर तथा धान असिंचित क्षेत्र में 13 हजार 862 हेक्टेयर क्षेत्र का बीमा हुआ है। इसके अलावा सोयाबीन में 1 हजार 45 हेक्टेयर तथा अरहर में 26 हेक्टेयर क्षेत्र बीमित हुए है। सघन अभियान के परिणामस्वरूप इस बार धान सहित विभिन्न खरीफ फसलों के बीमा क्षेत्र में गत वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। खरीफ 2026 में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत 3 लाख 44 हजार 682 ऋणी एवं 5 हजार 600 अऋणी किसान के आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिसके माध्यम से लगभग 89 हजार 316 किसानों ने अपनी फसलों का बीमा कराया है।
इन किसानों की फसलों के बीमा के लिए कुल 13 करोड़ 40 लाख रूपए प्रीमियम राशि के रूप में बीमा कंपनी को प्राप्त हुई है। कृषि विभाग द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर किए गए व्यापक प्रचार-प्रसार, किसानों से सीधे संपर्क तथा बीमा कंपनी के मैदानी अमले के समन्वित प्रयासों से किसानों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रति जागरूकता बढ़ी है। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों और उनके फसल क्षेत्र को बीमा सुरक्षा के दायरे में लाकर प्राकृतिक आपदाओं एवं प्रतिकूल मौसम से होने वाले संभावित फसल नुकसान के विरूद्ध किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।
अफीम की खेती मामले में विनायक ताम्रकार को मिली जमानत
दुर्ग। पुलगांव थाना अंतर्गत अफीम की खेती वाले बहुचर्चित प्रकरण में आरोपी विनायक ताम्रकार को उच्च न्यायालय बिलासपुर द्वारा नियमित जमानत मिल गई है। आरोपी की ओर से अधिवक्ता गौतम क्षेत्रपाल एवं अमन ताम्रकार द्वारा जमानत याचिका न्यायालय में प्रस्तुत की गई थी।
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने अपनी ओर से तर्क रखा कि अभियोजन के पास ऐसा कोई प्रत्यक्ष या स्वतंत्र साक्ष्य उपलब्ध नहीं है जिससे यह सिद्ध हो सके कि विनायक ताम्रकार कथित अफीम की खेती में प्रत्यक्ष रूप से संलिप्त था कथित भूमि भी विनायक ताम्रकार के नाम पर दर्ज नहीं थी तथा उसके कब्जे से कोई मादक पदार्थ भी बरामद नहीं किया गया था।
बचाव पक्ष की ओर से यह भी पक्ष रखा गया कि विनायक ताम्रकार को उपलब्ध साक्ष्यों के विपरीत प्रायोजित और दुर्भावना पूर्ण तरीके से प्रकरण में संलिप्त किया गया है। पानी, बिजली, पंप, स्प्रिंकलर आदि के आधार पर उन्हें आरोपियों के साथ जोड़ने का प्रयास किया गया है। उनकी कोई संलिप्तता सामने नहीं आई है। उपलब्ध अभिलेख, प्रकरण की परिस्थितियों पक्षकारों की दलीलों पर विचार करते हुए उच्च न्यायालय ने यह पाया कि आवेदक घटना स्थल पर उपस्थित नहीं था। उसके कब्जे से कोई मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ है, जांच पूर्ण हो चुकी है।
आरोप पत्र प्रस्तुत किया जा चुका है, वहीं सह आरोपियों को भी पूर्व में जमानत प्रदान की जा चुकी है। मामले पर विचार करते हुए उच्च न्यायालय ने विधायक ताम्रकार को नियमित जमानत प्रदान करने का आदेश पारित कर दिया है। इसी मामले में अधिवक्ता सूरज शर्मा ने बताया कि अफीम कांड के इस प्रकरण में विनायक ताम्रकार ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से उच्च न्यायालय में अपने खिलाफ किए गए एफआईआर को रद्द करने का आवेदन लगाया था, जिसे उच्च न्यायालय ने खारिज कर दिया।
हरितालिका पर्व आज: 200 रुपए किलो बिक रहा पसहर चावल
राजनांदगांव। राजनांदगांव शहर से लेकर जिले भर में कल 2 सितंबर को हरितालिका तीज पर्व मनाया जाएगा। इस पर्व को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह नजर आ रहा है । व्रत रखकर महिलाएं शिव परिवार की विधिवत पूजा अर्चना करती नजर आएंगी।
महिलाएं दिनभर निर्जला व्रत रखकर शाम को घर के आंगन में सगरी बनाकर भगवान शिव, माता पार्वती और भगवान गणेश सहित शिव परिवार की विधिवत पूजा- अर्चना करेंगी। इस दौरान महिलाओं द्वारा परिवार और विशेष रूप से बच्चों के सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की जाएगी। एक दिन पहले बाजार में भी पूजन सामग्री की खरीदारी करने महिलाओं की भीड़ रही। आज पसहर चावल 200 रुपए किलो बिका है।
हरितालिका पर्व को लेकर सुबह से ही बाजारों में पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ रही। पर्व में विशेष रूप से उपयोग किए जाने वाले पसहर चावल की कीमत इस बार करीब 200 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई। इसके बावजूद महिलाओं ने परंपरा के अनुसार पूजन सामग्री और पसहर चावल की खरीदारी की।
व्यापारी सोहन यादव ने बताया कि मांग अधिक होने के कारण इसकी कीमत अधिक रही। घर-घर में महिलाएं आंगन में सगरी बनाकर पूजा स्थल तैयार कर चुकी है। इसके बाद शिव- पार्वती और गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा करती नजर आएंगी। महिलाएं व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती से परिवार की खुशहाली, पति की लंबी आयु तथा बच्चों के सुख-स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना करेंगी।
लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव। लिफ्ट देने के बहाने चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले दो फरार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
चिखली पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने चौकी चिखली में रिपोर्ट दर्ज करायी कि 12 अगस्त को प्रार्थी राजनांदगांव मोटर सायकल खरीदने आया था। रात्रि होने व कागजात पूर्ण नहीं होने पर वापस अपने घर जा रहा था। रात्रि 9.15 बजे ग्राम गठुला से अपने घर जाने के लिये लिफ्ट मांगने पर दो व्यक्ति अपने मोटरसाइकिल में लिफ्ट देकर बोरी से जोरातरई रोड नहर पुलिस के पास ले जाकर चाकू दिखा कर डरा धमका कर प्रार्थी से नगदी रकम 48500 रूपये व उसके मोबाईल को लूट कर भाग गये।
पुलिस टीम द्वारा ग्राम बोरी मे दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया जिनके नाम विष्णु पटौती पिता अशोक पटौती उम्र 22 साल तथा अशवन उर्फ अश्वनी नेताम पिता मासे गोड़ उम्र 20 साल दोनों निवासी ग्राम बोरी राजनांगांव बताए जाते हैं। आरोपियो के पास से लूट का मोबाईल एवं 300 रूपये को बरामद कर घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल सीजी 04 एम जी 3474 व 1 नग चाकू को जप्त किया गया। आरोपियो को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल निरूद्ध किया गया।
फर्जी सिम से धोखाधड़ी का फरार आरोपी गिरफ्तार
छुरिया। फर्जी सिम एक्टिवेट करवा कर खरीदी बिक्री करवाते हुए लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले फरार आरोपी गुलशन कुमार खोबरागढ़े उर्फ राजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
प्रकरण के अनुसार पोखन मोबाइल सीताकसा पीओएस संचालक द्वारा अपने आरोपी साथियों के सहयोग से फर्जी सीम एक्टीवेट कर बेचकर कर धोखाधड़ी करने की शिकायत थाना गैंदाटोला को प्राप्त हई थी जिसकी शिकायत पर थाना गैंदाटोला द्वारा 318 (4) 61 (2) बीएनएस 66 (c) आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
विवेचना के दौरान 6 आरोपियों हेमंत डोंगरें, प्रखर सिंह चौहान, शेख सरफराज, कैलाश नाथ पड़ोती, तरण कुमार साहू तथा मनीष कुमार सांडिल को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका हैं। प्रकरण के अन्य फरार आरोपी गुलशन कुमार खोबरागढ़ उर्फ राजा निवासी ग्राम होड़ीटोला घटना के बाद से फरार चल रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में मुखबिर से प्राप्त सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का लोकेशन लिया गया जो ग्राम होड़ीटोला होना पाया गया आरोपी को घटना के संबंध में पूछताछ करने पर फर्जी तरीके से सिम एक्टीवेट करवाकर खरीदी बिक्री कर अन्य आरोपियों साथियों के साथ मिलकर अवैध लाभ प्राप्त करना स्वीकार किया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



