भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई ने इंजीनियरिंग और फार्मेसी के तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के छात्र छात्राओं के लिए संस्था स्थानांतरण (टी-1 और टी-2) की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इसके लिए अनापत्ति प्रमाण-पत्र विश्वविद्यालय में 20 अगस्त तक जमा करना होगा। निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। वहीं इंटरनल काउंसिलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही छात्रों को टी-2 प्रमाण-पत्र जारी किया जाएगा।

यह भी पढ़ें : CG Morning News : CM साय आज BJP की बैठक में होंगे शामिल… जांच एजेंसियों की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस करेगी प्रदर्शन… बिजली सेवानिवृत्त कर्मचारी महासंघ का आज धरना… पढ़ें और भी खबरें

राज्य के बाहर स्थित अन्य विश्वविद्यालयों से सीएसवीटीयू में स्थानांतरण चाहने वाले छात्र-छात्राओं के लिए भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके लिए राज्य शासन के पूर्व आदेशों के अनुसार प्रक्रिया पूरी करनी होगी। सीएसवीटीयू ने विभिन्न प्रक्रियाओं के लिए शुल्क भी निर्धारित किया है। ब्रांच परिवर्तन शुल्क 1,000 रुपए प्रति छात्र संस्था (कॉलेज) स्थानांतरण शुल्क 2,000 रुपए प्रति छात्र तथा विश्वविद्यालय स्थानांतरण शुल्क 5,000 रुपए प्रति छात्र लगेगा।

narayana

यह निर्णय उन विद्यार्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है जो अपनी रुचि के अनुसार ब्रांच बदलना चाहते हैं या व्यक्तिगत, शैक्षणिक अथवा पारिवारिक कारणों से कॉलेज परिवर्तन की इच्छा रखते हैं। समयबद्ध प्रक्रिया के माध्यम से छात्रों को अपने करियर की दिशा तय करने का एक और अवसर मिलेगा।

7 इंस्पेक्टरों का दूसरे जिलों में तबादला

भिलाईनगर। पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर तबादले किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय रायपुर ने बुधवार रात 64 पुलिस निरीक्षकों (इंस्पेक्टरों) की तबादला सूची जारी की। इस सूची में दुर्ग जिले के 7 निरीक्षकों का अन्य जिलों में तबादला किया गया है, जबकि 3 नए निरीक्षकों की दुर्ग जिले में पदस्थापना की गई है।

जारी आदेश के अनुसार, सुपेला थाना प्रभारी नरिक्षक अंबर सिंह भारद्वाज का तबादला कांकेर किया गया है। जामुल थाना प्रभारी रामेंद्र कुमार सिंह को कोंडागांव भेजा गया है । उतई थाना प्रभारी राजेश कुमार साहू का तबादला सुकमा किया गया है। खुर्सीपार थाना में पदस्थ निरीक्षक आनंद शुक्ला को बीजापुर भेजा गया है।

ट्रैफिक शाखा में पदस्थ निरीक्षक मनीष शर्मा का तबादला दंतेवाड़ा किया गया है। इसके अलावा निरीक्षक श्रद्धा पाठक (मिश्रा) और वंदिता पानिकर को भी कोंडागांव भेजा गया है। वहीं इस तबादला आदेश के तहत राकेश कुमार खुटेश्वर का नारायणपुर से दुर्ग, राजकुमारी पांडेय का कोंडागांव से दुर्ग और मो. तारीक हारिश का बस्तर से दुर्ग तबादला किया गया है। तीनों अधिकारियों को दुर्ग जिले में नई जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

बीएसपी क्षेत्र में 200 से ज्यादा आवासों का सर्वे पूरा, संपत्ति कर निर्धारण के लिए ड्रोन मैपिंग भी शुरू

भिलाईनगर। बीएसपी प्रशासित क्षेत्र में संपत्ति कर की सही वसूली के लिए नगर पालिक निगम भिलाई ने बड़ा अभियान शुरू किया है। राजस्व विभाग की टीम द्वारा सेक्टर-6, सड़क नंबर 74 सहित बीएसपी क्षेत्र में निर्मित भवनों और रिक्त भूखंडों का परिमाप, सर्वे कार्य किया जा रहा है। अब तक लगभग 200 से ज्यादा मकानों का सर्वे पूरा किया जा चुका है।

निगम का मानना है कि बीएसपी द्वारा मकान का दायरा, क्षेत्रफल, प्लांट और रिक्त भूखंड पर बने निर्मित भवनों की सही जानकारी नहीं देने के कारण संपत्तिकर की राशि कम जमा की जा रही थी। इसलिए शासन के निर्देश पर आईआईटी भिलाई से ड्रोन के माध्यम से बीएसपी के निर्मित मकान, रिक्त भूखंड और प्लांट का दायरा मैप तैयार कराया जा रहा है। साथ ही फील्ड में राजस्व टीम घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन कर रही है। गुरुवार को सेक्टर- 6, एम. जी. एम. स्कूल के पास सड़क नंबर 74 में निर्मित भवनों का माप कार्य किया गया।

राजस्व में बढ़ोतरी की कवायद सहायक राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम ने बताया कि नगर निगम का उद्देश्य बीएसपी क्षेत्र में सभी निर्मित भवनों और भूमियों का सही-सही रिकॉर्ड तैयार कर संपत्ति कर का समुचित निर्धारण करना है। सर्वे पूरा होने के बाद नए सिरे से टैक्स आरोपण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे नगर निगम को राजस्व में बढ़ोतरी होगी और कर वसूली में पारदर्शिता आएगी।

जमीन खरीदी को लेकर लाखों की धोखाधड़ी, पति – पत्नी गिरफ्तार

दुर्ग। प्लॉट बेचने के लिए 8 लाख रुपए लेने के बाद भी आरोपी पति-पत्नी ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं की। जानकारी लेने पर पीड़िता को पता चला कि उक्त भूमि को आरोपी पति पत्नी द्वारा किसी और के नाम से रजिस्ट्री कर दिया है और इसी तरह कई अन्य लोगों से भी धोखाधड़ी की गई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलगांव पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा दिया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि प्रार्थिया संतोषी मेश्राम आर्य नगर कोहका भिलाई निवासी है। उसकी जान पहचान प्रदीप चतुर्वेदी से है जिनके माध्यम से उसका परिचय नोकेश देशमुख से हुआ था। संतोषी मेश्राम ने अनावेदक नेहा देशमुख और उसके पति नोकेश देशमुख निवासी वार्ड 3 दमोदा बोरई चौकी नगपुरा थाना पुलगांव से 1240 वर्ग फीट प्लॉट को खरीदने का सौदा 5,50,000 रुपए में किया था। उक्त जमीन नेहा देशमुख के नाम पर थी।

पीड़िता ने ऑनलाइन एवं नगदी रकम के रूप में कुल 5,20,000 रुपए पुलगांव चौक में स्थित एक टपरी चाय दुकान में दे दी थी। इसके बाद आरोपियों द्वारा व्यावसायिक कार्य आ जाने के कारण पैसों की आवश्यकता बताते हुए और उधारी के रूप में रकम मांगी। तब प्रार्थिया ने अपनी मां श्यामवती जंघेल के खाते से 2,80,000 रुपए और दे दिए थे। कुल 8 लाख रुपए लेने के बाद रजिस्ट्री करने में आरोपी गण टालमटोल करने लगे।

जब पीड़िता ने ऑनलाइन भुंईया ऐप के माध्यम से चेक किया तो पता चला कि जिस भूमि का उसने सौदा किया था वह भूमि को थनोद निवासी मनीषा देवांगन के नाम रजिस्ट्री कर दी गई है। आरोपी नेहा देशमुख और उसके पति नोकेश देशमुख द्वारा दीपक कुमार चौबे, दुर्गा शर्मा एवं दिनेश कुमार पांडे के साथ भी भूमि की बिक्री का बयाना लेने के बाद धोखाधड़ी की गई है।

तंत्र-मंत्र और ट्रेडिंग के नाम से 85 लाख ठगने वाला आरोपी इंदौर से गिरफ्तार

भिलाईनगर। एक महिला को घरेलू परेशानियां दूर करने, तंत्र-मंत्र और पूजा- पाठ कराने का झांसा दिया। इतनी ही नहीं आरोपी ने महिला को कभी जिन्न और प्रेत बाधा का डर दिखाया, कभी निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का वादा किया। गुप्त पूजा और पति के एक्सीडेंट की भविष्यवाणी कर डराया। इस तरह से करीब 85 लाख रुपए ठगने वाले आरोपी को भिलाईनगर पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि प्रार्थिया ने थाना भिलाई नगर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वर्ष 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उसकी पहचान पवन बधोरिया से हुई । बातचीत के दौरान प्रार्थिया ने अपनी पारिवारिक समस्याओं की जानकारी दी। आरोपी ने पूजा-पाठ कराकर समस्याओं का समाधान कराने का विश्वास दिलाया। इसके बाद आरोपी ने पूजा-पाठ, स्वयं के निजी खर्च तथा शेयर ट्रेडिंग में निवेश कराने के नाम पर विभिन्न किस्तों में लगभग 85 लाख रुपये प्राप्त किए।

करीब दो वर्ष बीत जाने के बाद भी कोई लाभ नहीं मिलने पर प्रार्थिया ने अपनी राशि वापस मांगने पर आरोपी ने नौकरी लगवाने का झांसा दिया तथा बाद में जान से मारने की धमकी देकर राशि वापस करने से इंकार किया। जांच में डरा-धमकाकर अवैध वसूली किए जाने के तथ्य पाए जाने पर प्रकरण में धारा 308 ( 3 ) बीएनएस भी जोड़ी गई।

प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना भिलाई नगर में धारा 318 (4), 351 (3), 308 (3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी की तलाश के लिए थाना भिलाई नगर की टीम गठित कर इंदौर (मध्यप्रदेश) रवाना किया गया। टीम ने तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को इंदौर से अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। आरोपी पवन बधोरिया (43 वर्ष) ने अपराध करना स्वीकार किया गया। आरोपी के कब्जे से बैंक खाते से लिंक मोबाइल एवं आधार कार्ड जब्त किया है।

बिना फिटकरी के शहर में पानी सप्लाई, बढ़ा आक्रोश

राजनांदगांव। बारिश के दिनों में राजनांदगांव जिला मुख्यालय के सभी वार्डों में गंदे पानी की आपूर्ति कराएं जाने से आक्रोश बढ़ गया है। बिना फिटकरी के जलापूर्ति सुनिश्चित किए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही है । लगातार बढ़ रहे विवाद के बाद नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले आज स्थल का मौका मुआयना किया जहां पर फिटकरी नहीं पाए जाने की शिकायत सही पाई गई, जिस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की है।

नाराजगी जाहिर करने पर नगर निगम द्वारा आनन- फानन में 35 टन फिटकरी मंगाई गई। ज्ञात हो कि राजनांदगांव मुख्यालय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी 51 वार्ड में प्रतिदिन सुबह और शाम के समय नलों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित कराई जाती है। रिकॉर्ड बारिश के बाद मोहरा स्थित शिवनाथ नदी का भी जल स्तर बढ़ गया है।

तीन दिनों से राजनांदगांव जिला मुख्यालय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सिविल लाइन क्षेत्र से लेकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भी गंदे और मटमैले पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। फिटकरी नहीं होने के बाद भी पानी की सप्लाई की जाती रही। लगातार तीन दिनों से गंदे और मटमैले पानी की शिकायत सामने आने पर शहर के रहवासियों ने जमकर आक्रोश दिखाया है। इसकी शिकायत भी दर्ज की गई। शिकायत सामने आने के बाद आज नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने स्थल पहुंचकर फिटकरी की जानकारी ली। जहां पर फिटकरी नहीं होना पाया गया। जिस पर उन्होंने जमकर नाराजगी जताई है।

लगातार शिकायत सामने आने और फिल्टर प्लांट में फिटकरी नहीं पाए जाने का मामला उजागर होने पर नगर निगम द्वारा आनन-फानन में आज 25 टन फिटकरी मंगाया गया है। इसकी जानकारी नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्लै ने दी है। उन्होंने बताया कि निगम ने लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया है।

विभागीय बैठकों से लगातार गैरहाजिर रहने पर पंचायत सचिव निलंबित

गंडई-पंडरिया। प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही, विभागीय निर्देशों की लगातार अनदेखी तथा अनुशासनहीनता के आरोप में ग्राम पंचायत दनिया के सचिव बुधारु राम धुर्वे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में जिला पंचायत खैरागढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा निलंबन आदेश जारी किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, सचिव बुधारु राम धुर्वे पिछले लगभग पांच माह के दौरान जनपद पंचायत छुईखदान मुख्यालय में आयोजित विभागीय बैठकों से बिना किसी वैध कारण के लगातार अनुपस्थित रहे। बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद उन्होंने अपनी उपस्थिति सुनिश्चित नहीं की। विभाग की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस का भी लापरवाह सचिव ने निर्धारित समय सीमा में कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया।

सरपंच संघ के आंदोलन के बीच जिपं सीईओ का तबादला, अभिषेक गुप्ता होंगे नए सीईओ

अंबागढ़ चौकी। मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले की पंचायत राजनीति में पिछले कई दिनों से चल रहे विवाद के बीच बड़ा प्रशासनिक फैसला सामने आया है। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) भारती चंद्राकर का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह अभिषेक गुप्ता को जिला पंचायत का नया मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है। आदेश जारी होने के बाद जिला सरपंच संघ ने इसे अपने लंबे संघर्ष, एकजुटता और लोकतांत्रिक आंदोलन की बड़ी सफलता बताया है।

जानकारी के अनुसार, 23 जून को जिला सरपंच संघ चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन लेकर जिला पंचायत कार्यालय पहुंचा था। संघ का आरोप है कि मांगों पर सुनवाई नहीं होने के बाद सरपंच कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और मुलाकात का प्रयास किया। मुलाकात नहीं होने पर उन्होंने प्रशासनिक कार्यप्रणाली के विरोध में प्रदर्शन किया। इसके बाद कई दिनों तक सरपंच संघ का आंदोलन जारी रहा। बाद में कलेक्टर तूलिका प्रजापति के साथ हुई बैठक में जिला पंचायत सीईओ को हटाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। मांग पूरी नहीं होने पर संघ के प्रतिनिधि रायपुर पहुंचे और मंत्रियों से मुलाकात कर अपनी बात रखी।

आंदोलन के दौरान शासन के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें पंचायतों के विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए। इसी बीच कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिला पंचायत और जिले की तीनों जनपद पंचायतों से जुड़े 13 बिंदुओं की जांच के लिए 12 सदस्यीय अधिकारियों की तीन टीमों का गठन किया था। भारती चंद्राकर के तबादले और अभिषेक गुप्ता की नियुक्ति के बाद सरपंच संघ ने इसे अपने आंदोलन की जीत बताया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H