Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update : साजा. पेट्रोल-डीजल आपूर्ति संकट एवं लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी साजा द्वारा पेट्रोल पंप के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया. यह प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के निर्देश तथा पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ. कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने एवं आम जनता, किसानों, मजदूरों तथा व्यापारियों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया. धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति बाधित होने और लगातार मूल्य वृद्धि से आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है. महंगाई के कारण रसोई से लेकर खेती-किसानी और परिवहन व्यवस्था तक संकट की स्थिति निर्मित हो गई है. ब्लॉक कांग्रेस कमेटी साजा अध्यक्ष ईश्वर वर्मा ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कृत्रिम कमी भाजपा सरकार की विफल आर्थिक नीतियों का परिणाम है, जिसका सीधा असर किसानों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी. प्रदर्शन में कन्हैया साहू, मनोज जायसवाल, राजेश चंदेल, किलुश यदु, अतुल शर्मा, गुड्डू जायसवाल, दिनेश साहू, जनार्दन सिंह ठाकुर, नरेश सिन्हा, हन्नु साहू सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस, किसान कांग्रेस, एनएसयूआई एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे. कांग्रेसजनों ने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल आपूर्ति व्यवस्था तत्काल सुचारू करने तथा बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा.
बीमा एजेंट ने बीएसपी कर्मी से 38.30 लाख ठगे
भिलाई. बीएसपी कर्मी से 38.30 लाख की ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि पिता-पुत्रों ने एकमुश्त रकम निवेश कर मोटा रिटर्न दिलाने का झांसा देकर रकम ऐंठ ली. इतना ही नहीं, पीड़ित की आईडी का इस्तेमाल कर करीब 7 लाख रुपए के इलेक्ट्रॉनिक सामान भी निकलवा लिए. शिकायत के बाद भट्टी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक सेक्टर-4 सड़क निवासी संतोष कुमार (57) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है. संतोष बीएसपी में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत हैं. उसने सिविक सेंटर के एक बीमा कार्यालय में पॉलिसी कराई थी, जिसकी अवधि वर्ष 2022 में पूरी हो गई थी. पॉलिसी क्लोज कराने वे कार्यालय पहुंचे थे, जहां फार्म भरने में परेशानी होने पर सेक्टर-6 निवासी के. देवासहायम से मदद ली. उसने खुद को बीमा एजेंट बताया. दोनों में मेलजोल बढ़ा. इसी दौरान देवासहायम ने संतोष को बड़े रिटर्न वाली पॉलिसियों की जानकारी दी.
HC से प्राचार्यों का निलंबन आदेश निरस्त
बालोद. जिले के कलेक्टर द्वारा 7 मई को जारी प्राचार्यों के निलंबन आदेश को छग उच्च न्यायालय बिलासपुर द्वारा निरस्त कर दिया गया जिससे प्राचार्यों को राहत मिली है. उल्लेखनीय है कि छग बोर्ड परीक्षा दसवीं व बारहवीं में जिले का परीक्षा परिणाम निराशाजनक रहने के कारण कलेक्टर द्वारा 7 मई को आदेश जारी कर 8 प्राचार्यों जिसमें पीएमश्री डौण्डीलोहारा, शा हाईस्कूल सोंहपुर, शा हाईस्कूल मोंगरी, शाउमाशा देवरी द, शाउमाशा खरथुली शाउमाशा नाहंदा, पीएमश्री सेजेस डौण्डी व शाउमाशा भिरई के प्राचार्य को 7 मई को आदेश जारी कर निलंबित कर दिया गया था. इस संबंध में राज्य प्राचार्य कर्मचारी संगठन द्वारा कलेक्टर से भेंट कर निलंबन आदेश रद्द किए जाने की मांग की गई, साथ ही कुछ प्राचार्य न्यायालय की शरण में चले गए थे, जिन्हें न्यायालय द्वारा राहत दी गई है.
दुर्ग शहर के आधे हिस्से में आज पेयजल सप्लाई रहेगी प्रभावित
दुर्ग. शहर में लीकेज की समस्या थमने का नाम नहीं ले रही है. जलकार्य विभाग लगातार लीकेज के नाम पर शटडाउन ले रहा है. भीषण गर्मी के बीच लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है. अब बघेरा पानी टंकी के पास बड़ा लीकेज सामने आया है, जिसका मेंटेनेंस 19 और 20 मई को किया जाएगा. इसके कारण बघेरा टंकी से सप्लाई वाले सभी वार्डों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी. इस दौरान फिल्टर प्लांट और अन्य जगहों पर भी मेंटेनेंस से जुड़े कार्य किए जाएंगे. निगम के अधिकारियों ने बताया कि वार्ड 56 बघेरा एवं एसटीएफ कॉलोनी में नल नहीं खुलेंगे. इसी प्रकार वार्ड 1 नया पारा एवं पंचशील नगर, वार्ड वार्ड 2 राजीव नगर, वार्ड 3 मठपारा, वार्ड 4 गयानगर, वार्ड 35 बजरंग नगर पानी की सप्लाई अगले दो दिन प्रभावित रहेगी. दावा किया जा रहा है कि 21 मई तक स्थिति समान्य होगी. इस दौरान प्रभावित क्षेत्र में टैंकरों से आपूर्ति की जाएगी.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

