गुलशन कुमार, नारनौल । जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के नेता दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि पार्टी हरियाणा में अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है, इसलिए वे ज्येष्ठ माह की भीषण गर्मी में लगातार कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर उनके सुख-दुख में शामिल हो रहे हैं।

महेंद्रगढ़ जिले में कार्यकर्ताओं के यहां आयोजित कई शोक सभाओं में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जेजेपी हर कार्यकर्ता को पूरा मान-सम्मान देती है और हमेशा उनके साथ खड़ी रहती है।

इस दौरान उन्होंने प्रदेश की राजनीति और केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। दुष्यंत चौटाला ने आरोप लगाया कि विधायक रामकुमार गौतम द्वारा दिए जा रहे बयान अनर्गल नहीं हैं, बल्कि इसके पीछे भाजपा का प्रभाव है।

उन्होंने महंगाई के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ डाल रही है। साथ ही उन्होंने नीट परीक्षा में पेपर लीक को लेकर भी सवाल उठाए और इसे गंभीर मामला बताया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि एक ओर लोगों से डीजल और पेट्रोल बचाने की बात की जाती है, जबकि दूसरी ओर वे विदेश यात्राओं में व्यस्त रहते हैं। उन्होंने मीडिया की स्थिति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि देश में मीडिया की भूमिका और स्थिति लगातार कमजोर हो रही है, जिसके लिए विभिन्न कारण जिम्मेदार हैं।