दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 के नतीजों का इंतजार खत्म होने वाला है। शनिवार सुबह 8 बजे से डूसू के चार केंद्रीय पदों- अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के लिए मतगणना शुरू हो गई है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना कराई जा रही है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी होगी। डूसू चुनाव के लिए शुक्रवार को करीब 40.46 प्रतिशत मतदान हुआ था। विश्वविद्यालय के कई कॉलेजों में मतदान प्रतिशत 30 से 45 फीसदी के बीच रहा। अब मतगणना शुरू होने के साथ ही छात्र संगठनों और प्रत्याशियों की नजर चुनाव परिणामों पर टिकी है।
ABVP और NSUI के बीच मुख्य मुकाबला
हर बार की तरह इस बार भी डूसू चुनाव में ABVP और NSUI के बीच मुख्य मुकाबला देखने को मिल रहा है। हालांकि, AISA-SFI की एंट्री ने चुनाव को त्रिकोणीय बना दिया है। चारों केंद्रीय पदों पर उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है और परिणाम आने के साथ तस्वीर साफ होगी कि छात्र मतदाताओं ने किसे समर्थन दिया है।
कड़ी सुरक्षा के बीच हो रही मतगणना
मतगणना को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मतगणना प्रक्रिया पर नजर रखने के साथ इसकी वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है, ताकि पूरी प्रक्रिया को रिकॉर्ड किया जा सके। डूसू चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद जीत का जश्न मनाने वाले छात्र संगठनों को इस बार जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। दिल्ली हाईकोर्ट ने नतीजे घोषित होने के बाद जीत के जुलूस पर पूरी तरह रोक लगा दी है। ऐसे में परिणाम आने के बाद प्रत्याशियों और छात्र संगठनों को अदालत के निर्देशों का पालन करना होगा।
पांचवें राउंड में भी अध्यक्ष पद पर यश डबास आगे, निर्दलीय दीपांशु की बड़ी बढ़त
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 की मतगणना के पांचवें राउंड के नतीजे सामने आ गए हैं। पांचवें राउंड में ABVP के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार यश डबास 1,586 वोटों के साथ आगे चल रहे हैं। वहीं NSUI के विजय शंकर मीणा को 1,268 और AISA-SFI गठबंधन की अनन्या रतूड़ी को 316 वोट मिले हैं।
उपाध्यक्ष पद पर ABVP के ईशू मौर्य को 936 वोट मिले हैं। NSUI के वीर चतरथ को 247 और AISA-SFI के अक्षत शिखर को 124 वोट मिले। सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी 1,568 वोटों के साथ आगे हैं, जबकि NSUI की नम्रता चौधरी को 803 और AISA-SFI के स्टैंजिन डेसक्योंग को 394 वोट मिले हैं।
संयुक्त सचिव पद पर ABVP के लक्ष्यराज सिंह को 986 वोट मिले हैं। NSUI के गोपाल चौधरी को 759 और AISA-SFI गठबंधन के बी. परिजात को 347 वोट मिले हैं।
निर्दलीय उम्मीदवार भी मुकाबले में
पांचवें राउंड में अध्यक्ष पद के निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु को 2,031 वोट मिले हैं। वहीं संयुक्त सचिव पद के निर्दलीय उम्मीदवार विशेष यादव को 1,193 वोट मिले हैं।
चौथे राउंड में भी ABVP उम्मीदवार आगे
इससे पहले चौथे राउंड में अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास को 1,074 वोट मिले थे, जबकि NSUI के विजय शंकर मीणा को 898 और AISA-SFI की अनन्या रतूड़ी को 201 वोट मिले थे। चौथे राउंड में उपाध्यक्ष पद पर ईशू मौर्य को 640, वीर चतरथ को 206 और अक्षत शिखर को 94 वोट मिले थे। सचिव पद पर रिया छावड़ी को 843, नम्रता चौधरी को 632 और स्टैंजिन डेसक्योंग को 376 वोट मिले थे। संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्यराज सिंह को 672, गोपाल चौधरी को 704 और बी. परिजात को 319 वोट मिले थे।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 की मतगणना शुरू हो चुकी है। डूसू के चीफ रिटर्निंग ऑफिसर प्रोफेसर राजेश सिंह ने बताया कि पूरी मतगणना प्रक्रिया सुव्यवस्थित तरीके से कराई जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव के नतीजे दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच जारी हो सकते हैं। प्रोफेसर राजेश सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह उम्मीदवारों की मौजूदगी में स्ट्रॉन्ग रूम खोला गया। इसके बाद सभी कंट्रोल यूनिट्स को कैमरों की निगरानी में नीचे लाया गया और अब उन्हें मतगणना की मेजों तक पहुंचाया जा रहा है। इसके साथ ही वोटों की गिनती की आधिकारिक प्रक्रिया शुरू हो गई है।
NSUI उम्मीदवार वीर छत्रथ बोले- हम बहुत पॉजिटिव हैं
नतीजे आने से पहले NSUI के उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार वीर छत्रथ ने कहा कि वह चुनाव को लेकर सकारात्मक हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले थोड़ी घबराहट होना स्वाभाविक है, खासकर जब उम्मीदवारों ने चुनाव के लिए काफी मेहनत की हो। हालांकि, उन्होंने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेगी।
स्ट्रॉन्ग रूम के आसपास भारी पुलिस बल तैनात
मतगणना को देखते हुए स्ट्रॉन्ग रूम के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। डीसीपी निहारिका भट्ट के मुताबिक, नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस के साथ बाहरी फोर्स के जवानों को भी तैनात किया गया है। विश्वविद्यालय परिसर में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की भी तैनाती की गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

