बरवाला। हरियाणा के बरवाला इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार सुबह पुलिस और दो संदिग्ध बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे क्राइम ब्रांच-19 की टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान दो युवकों ने पुलिस टीम को देखकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आपराधिक रिकॉर्ड की हो रही जाँच
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश निवासी भिवानी और दीपेश निवासी चरखी दादरी के रूप में हुई है। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ के बाद कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

