सोहराब आलम, मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के सीमावर्ती बनकटवा प्रखंड में खाद की कालाबाजारी और नकली डीएपी बनाने वाले गिरोह के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। 6 जुलाई 2026 की रात SSB की 71वीं बटालियन, स्थानीय पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने बड़हरवा, रेगनिया, आठमोहन और बीजबनी गांवों में छापेमारी कर तस्करी के लिए रखे गए करीब 2000 बोरी खाद बरामद किए।
आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज
संयुक्त टीम ने बरामद सभी खाद को जब्त कर लिया है। इस मामले में जावेद अंसारी, विश्वनाथ राय, सिकंदर राय, सिखु राय और सुधीर राय के खिलाफ उर्वरक कालाबाजारी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी के दौरान अगरवा गांव में प्रमोद राय और मदन राय द्वारा नकली डीएपी खाद तैयार किए जाने का भी खुलासा हुआ है। मौके पर नकली डीएपी बनाने के पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई छापेमारी
जिला कृषि पदाधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में खाद की कालाबाजारी और तस्करी पर रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार छापेमारी जारी रहेगी ताकि किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी बनकटवा, आदापुर, छौड़ादानों और घोड़ासहन प्रखंड के कई खाद दुकानदारों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद की कालाबाजारी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें- हत्या या फिर कुछ और….? केरल से बिहार आए तीर्थ यात्री का फंदे से लटका मिला शव, फैली सनसनी

