अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। सासाराम में आज मंगलवार (7, जुलाई) को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पायलट बाबा आश्रम स्थित एक फूटपाथ की दुकान से एक तीर्थ यात्री का फंदे से झूलता हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान केरल के एर्नाकुलम के रहने वाले अभिजीत के रूप में हुई है, जो मोहन केडी का पुत्र था। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने आत्महत्या की है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ-2 संजीव कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पहले फंदे से नीचे उतारा और फिर उसे पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के अस्पताल भेज दिया। बता दें कि पायलट बाबा आश्रम के पास फुटपाथ पर चाय-नाश्ते की कई दुकाने हैं, जो रात में बंद हो जाती हैं।

जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस

वहीं, आज मंगलवार की सुबह से बारिश हो रही थी, ऐसे में जब लोगों की नजर फंदे के सहारे झूल रहे युवक पर पड़ी, तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मुफसिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। एसडीपीओ ने बताया कि, पुलिस तमाम बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि केरल से कोई आदमी बिहार के सासाराम में पायलट बाबा आश्रम के पास आकर आत्महत्या क्यो करेगा?

एफएसएल की टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल से कुछ जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर ही युवक के मौत की असली वजह का पता चल सकेगा, जिसके बाद पुलिस अपनी जांच को आगे बढ़ाएगी। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है, जिसके बाद से परिजनों में चीख-पुकार मच गई है।

ये भी पढ़ें- ‘बांकीपुर से चुनाव लड़कर बड़ी भूल कर बैठे प्रशांत किशोर’, जदयू ने कहा- जमानत बचाना भी होगा मुश्किल