Bankipur by-election: पटना की बांकीपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर बिगुल बज चुका है। राजद ने कल बांकीपुर से रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार घोषित किया। वहीं, जन सुराज पहले ही प्रशांत किशोर को मैदान में उतार चुकी है। ऐसे में अब सभी की निगाहे एनडीए से बीजेपी के प्रत्याशी पर टिकी हुई है। बीजेपी जल्द ही अपने प्रत्याशी का ऐलान कर सकती है। प्रशांत किशोर की एंट्री से बांकीपुर उपचुनाव का मुकाबला त्रिकोणीय हो चुका है, जिसे लेकर बयानबाजी भी जारी है।
जदयू नेता ने बताया पीके की सबसे बड़ी भूल
प्रशांत किशोर को चुनाव लड़ने पर जदयू नेता राजीव रंजन की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा है कि, बांकीपुर से चुनाव लड़ने का प्रशांत किशोर का यह निर्णय, उनके राजनीतिक करियर की सबसे बड़ी भूल साबित होगी। उनके लिए जमानत बचाना एक बड़ी चुनौती होगी।
उन्होंने कहा कि, ये क्षेत्र भाजपा के लिए एक ‘अपराजय दुर्ग’ रहा है। लगातार भाजपा ने यहां जीत दर्ज की है और बड़े अंतर से विपक्ष की पराजय भी होती रही है। कोई मुकाबला नहीं है और जहां तक कांग्रेस का सवाल है, आधिकारिक तौर पर कांग्रेस ने अपना पक्ष जाहिर नहीं किया है। दरअसल कांग्रेस का वजूद ही नहीं है। तस्वीर बिल्कुल साफ है। यहां 1 लाख के ज्यादा के अंतर से भाजपा के उम्मीदवार की जीत होगी।
बेनकाब हो चुका है पीके का चेहरा- गिरिराज सिंह
वहीं, भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि, बांकीपुर विधानसभा में भाजपा का उम्मीदवार होगा। नितिन नवीन को बांकीपुर की जनता ने विधायक बनाया और पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया, जो हमारे लिए गौरव की बात है। बांकीपुर की जनता फिर से नितिन नवीन का सम्मान करेगी।
वहीं, जनसुराज पार्टी संस्थापक प्रशांत किशोर द्वारा बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव लड़ने पर गिरिराज सिंह ने कहा कि, प्रशांत किशोर तो पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं। उनका चेहरा बेनकाब हो चुका है। वो तो कहीं जमानत भी नहीं बचा पाए।
पटना का हाई-प्रोफाइल सीट है बांकीपुर
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट पटना की हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक है। बीजेपी का इस सीट पर दबदबा रहा है। साल 2025 में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी से नितिन नबीन ने चुनाव जीता था। हालांकि चुनाव के महज कुछ महीने बाद ही बीजेपी ने उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया और राज्यसभा का सदस्य बना दिया, जिसके बाद खाली हुई सीट पर उपचुनाव हो रहा है। बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है। जबकि 3 अगस्त को चुनाव का परिणाम सामने आएगा।
ये भी पढ़ें- मानव तस्करी मामला: मोतिहारी में NIA की दबिश, मुख्य संदिग्ध कलामुद्दीन को नोटिस

