रांची। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़े ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की। रांची, दिल्ली और कोलकाता में सात स्थानों पर ED की टीमें जांच कर रही हैं। कार्रवाई के दौरान वित्तीय लेनदेन और कथित फंडिंग से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।

शिकायत और FIR से जुड़ी जांच

जानकारी के मुताबिक, ED की यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल के बिधाननगर थाने में दर्ज FIR से जुड़े मामले में की जा रही है। जांच का संबंध कथित तौर पर ऐसी सामग्री के प्रकाशन और उससे जुड़े वित्तीय लेनदेन से है, जिसे लेकर सामाजिक और सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित होने की शिकायत की गई थी।

मोहम्मद नदीमुल हक एक उर्दू अखबार के निदेशक भी बताए जाते हैं। इसी अखबार के प्रबंधन और उससे जुड़े वित्तीय लेनदेन को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

पैसों के स्रोत से लेकर इस्तेमाल तक पड़ताल

छापेमारी के दौरान ED की टीमें बैंक खातों, वित्तीय दस्तावेजों और लेनदेन के रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि संबंधित रकम कहां से आई और उसका इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया गया।कथित अवैध फंडिंग और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

सात ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई

ED की कार्रवाई रांची, दिल्ली और कोलकाता में एक साथ चल रही है। एजेंसी की टीमें संबंधित परिसरों में दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।जांच एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मामले में किसी अन्य व्यक्ति या संस्था की भूमिका है या नहीं।

छापेमारी के बाद सामने आएगी तस्वीर

फिलहाल ED की कार्रवाई जारी है। छापेमारी पूरी होने के बाद एजेंसी की ओर से मिलने वाली आधिकारिक जानकारी से ही स्पष्ट होगा कि जांच में क्या-क्या सामने आया और आगे किस तरह की कार्रवाई की जाएगी।मामले में लगाए गए आरोप फिलहाल जांच के दायरे में हैं।