ED Raid In Karnataka: कर्नाटक के पीडब्ल्यूडी मंत्री सतीश जारकीहोली (Karnataka PWD Minister Satish Jarkiholi) के खिलाफ ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 9 सितंबर को पीडब्ल्यूडी मंत्री सतीश जारकीहोली और उनकी बेटी प्रियंका जारकीहोली (Priyanka Jarkiholi) से जुड़े 18 ठिकानों पर रेड मारी। प्रियंका जारकीहोली चिक्कोडी लोकसभा क्षेत्र सांसद भी हैं। अपने मंत्री के खिलाफ ईडी छापेमारी पर सीएम डीके शिवकुमार (CM DK Shivakumar) भड़क गए। मंत्री के खिलाफ कार्रवाई से नाराज सीएम शिवकुमार ने भाजपा पर तीखा हमला बोला।
ई़डी ने यह कार्रवाई 18 शराब लाइसेंस देने में हुई कथित गड़बड़ी से जुड़े मामले मं की है। सतीश जारकीहोली 2013 से 2016 के बीच कर्नाटक के एक्साइज मिनिस्टर रहे हैं। लोक निर्माण विभाग मंत्री सतीश जारकीहोली, उनकी बेटी एवं सांसद प्रियंका जारकीहोली और कुछ अन्य लोगों से जुड़े परिसरों पर छापेमारी की गई है।
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, करीब 18 परिसरों की तलाशी ली जा रही है। इनमें 64 वर्षीय सतीश जारकीहोली का बेंगलुरु के डॉलर्स कॉलोनी इलाके में स्थित परिसर, उनकी सांसद बेटी प्रियंका जारकीहोली के परिसर और बेलगावी में उनके बहनोई वाई. डी. मंजूनाथ से जुड़े परिसर शामिल हैं। ईडी की यह कार्रवाई एक नयी जांच के सिलसिले में की जा रही है। यह जांच कथित तौर पर विदेशी मुद्रा विनिमय प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत की जा रही है। जांच एजेंसी को पहले ही करीब 3 करोड़ रुपये के अवैध विदेशी फंड का पता चला था। जिसके बाद इस मामले की परतें और गहराई से खुलने लगीं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई का आबकारी अधिकारी मंजूनाथ से जुड़े धनशोधन के एक मामले से कोई संबंध नहीं है। उस मामले की जांच पहले से चल रही है। तलाशी अभियान में शामिल ईडी टीमों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों की एक टुकड़ी भी तैनात की गई।
मंजूनाथ का नाम इस मामले में नया नहीं है। इससे पहले भी ED शराब से जुड़ी गड़बड़ियों के मामले में उनके ठिकानों पर तलाशी ले चुकी है। यानी यह जांच काफी समय से चल रही है। ताजा कार्रवाई में सिर्फ बेंगलुरु में ही पांच अलग-अलग जगहों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जबकि बाकी ठिकाने बेलगावी और महाराष्ट्र में फैले हुए हैं।
जून में भी पड़ी थी रेड
ईडी अधिकारियों ने इससे पहले 24 जून को बेलगावी, बेंगलुरु और मैसूर में मंजूनाथ से जुड़ी जगहों और घरों पर छापेमारी की थी। इस कार्रवाई में 13.3 करोड़ रुपये की ऐसी संपत्ति का पता लगाया था, जो उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से कहीं ज्यादा थी। उनके घर से कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज भी मिले थे। जारकीहोली ने तब छापों पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया था और कहा था कि वह अपने बहनोई के खिलाफ चल रही जांच के नतीजों का इंतजार करेंगे।

CM डीके शिवकुमार ने भाजपा पर तीखा हमला बोला
अपने मंत्री के खिलाफ हुए कार्रवाई से भड़के कर्नाटक सीएम डीके शिवकुमार ने भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया। कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि सरकार के 100 दिन पूरे होने से ठीक पहले इस तरह की कार्रवाई के लिए समय का राजनीतिक फायदा उठाया जा रहा है। ईडी चाहे उनके कितने भी लोगों के खिलाफ छापेमारी करे, कांग्रेस इससे घबराने वाली नहीं है।
डीके शिवकुमार ने कहा कि सतीश जारकीहोली एक वरिष्ठ मंत्री हैं और कारोबार तथा व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने सामाजिक सेवा से जुड़े काम भी किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छिपाने के लिए कुछ नहीं है और ईडी को जो भी जांच करनी है, वह कर सकती है। उन्होंने कहा कि सतीश जारकीहोली जांच में सहयोग करेंगे और जांच एजेंसी के सवालों का जवाब देंगे।
‘इस्लाम सब धर्मों में श्रेष्ठ, सबको मस्जिद जाना चाहिए…’, कर्नाटक के शिक्षा मंत्री बसवराज रायरेड्डी का बयान, कहा- मक्का जाना चाहता हूं, BJP भड़की
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



