मिजोरम-म्यांमार सीमा पर म्यांमार की सूखी सुपारी की तस्करी से जुड़े संगठित नेटवर्क के खिलाफ आज प्रवर्तन निदेशालय ने सर्च ऑपरेशन में बड़ी कार्रवाई की है. संगठित नेटवर्क म्यांमार से बड़े पैमाने पर अवैध रूप से सुपारी भारत में ला रहा था. प्रवर्तन निदेशालय ने तस्करी से जुड़े संगठित नेटवर्क को निशाने पर लेते हुए मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क की जांच के तहत 9 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की. मिजोरम के सीमा क्षेत्र में सक्रिय उस संगठित नेटवर्क के खिलाफ यह कार्रवाई की जा रही है.
ED ने मिजोरम के सीमावर्ती शहर चंफाई में नौ स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है. इसके रडार पर प्रमुख स्थानीय सहयोगियों के आवास और व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं जो तस्करी नेटवर्क से जुड़े है.
मिजोरम-म्यांमार सीमा पर स्थित चामफाई इलाके में बड़े स्तर पर ED ने सर्च ऑपरेशन चलाते हुए अवैध बर्मी सुपारी की तस्करी में जुड़े हुए लोगों के 9 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की. यह गिरोह फर्जी ई-बिल और जाली डॉक्यमेंट के जरिए करोड़ों की सुपारी भारत में ला रहा था. संगठित नेटवर्क पर अवैध तरीके से सुपारी भारत लाने और फिर उसे वैध कारोबार के रूप में दिखाकर बेचने का आरोप है.

जानकारी के अनुसार म्यांमार से आने वाली सुपारी की खेपों को तियू नदी के रास्ते भारत में लाया जाता था. स्थानीय गोदामों में रखकर फर्जी ई-वे बिल और जाली दस्तावेजों के जरिए देश के अन्य हिस्सों में भेजा जाता था. आरोपियों ने स्थानीय जनजातीय (ट्राइबल) पहचान का फायदा उठाते हुए खुद को सीमा पार व्यापार से जुड़ा वैध कारोबारी बताने की कोशिश की. ED की कार्रवाई जारी है और एजेंसी को कई अहम दस्तावेज तथा डिजिटल सबूत मिलने की उम्मीद है.
प्रवर्तन निदेशालय के अनुसार कस्टम विभाग द्वारा जब्त की गयी सूखी सुपारी की खेप को आरोपियों ने पुराने दस्तावेजों का इस्तेमाल कर छुड़ाने का प्रयास भी किया. छापेमारी मुख्य रूप से उन स्थानीय कारोबारियों और कथित मददगारों की भी भूमिका खंगाली जा रही है जो इस तस्करी नेटवर्क को संचालित करने में अहम भूमिका निभा रहे थे.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

